राष्ट्रपति सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रपति ने श्री सत्य साई मानव उत्कृष्टता विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में भाग लिया


माता-पिता एवं शैक्षणिक संस्थानों को छात्रों को एक स्वस्थ वातावरण प्रदान करना चाहिए और उन्हें अपनी इच्छा के अनुरूप कैरियर का चुनाव करने और उसे आगे बढ़ाने में सहायता करनी चाहिए : राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु

Posted On: 03 JUL 2023 7:57PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज ( 3 जुलाई, 2023 ) कर्नाटक के मुद्देनाहल्ली श्री सत्य साई मानव उत्कृष्टता विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में भाग लिया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह देखकर प्रसन्नता हुई कि श्री सत्य साई मानव उत्कृष्टता विश्वविद्यालय सभी छात्रों को निशुल्क उच्च शिक्षा उपलब्ध करा रहा है और निशुल्क छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध कराने के जरिये आर्थिक रूप से निर्बल वर्ग के छात्रों को उच्चतर शिक्षा प्रदान करने में मदद कर रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि किसी भी समाज एवं देश की प्रगति के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मूलभूत आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक को किफायती और भरोसेमंद स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा स्कीम कई निर्धन परिवारों को लाभ पहुंचा रही है। उन्हें यह देख कर प्रसन्नता हुई कि श्री सत्य साई मानव उत्कृष्टता विश्वविद्यालय ने निशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नई दिल्ली के एम्स तथा बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के सहयोग से श्री मधुसूदन साई चिकित्सा विज्ञान और अनुसंधान संस्थान की स्थापना की है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से स्वास्थ्य देखभाल और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्रों में और अधिक विकास होगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में शैक्षणिक उत्कृष्टता अर्जित करने के बढ़ते दबाव के कारण छात्रों के बीच तनाव और मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्रों को कहा कि परीक्षाओं में सफलता ही उनकी क्षमताओं का एकमात्र पैमाना नहीं है। उनका व्यक्तित्व, आचरण और चरित्र उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों की तुलना में कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने माता-पिता एवं शैक्षणिक संस्थानों से भी आग्रह किया कि वे छात्रों को एक स्वस्थ वातावरण प्रदान करें और उन्हें अपनी इच्छा के अनुरुप कैरियर का चुनाव करने और उसे आगे बढ़ाने में सहायता करें।

इस तथ्य की ओर इंगित करते हुए कि इस विश्वविद्यालय के लगभग 66 प्रतिशत विद्यार्थी लड़कियां हैं, राष्ट्रपति ने कहा कि आज हमारी बेटियां जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में व्यापक रूप से योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि ये हमारे देश में हो रहे बदलावों की एक झलक है। उन्होंने विश्वास जताया कि परंपराओं के मजबूत आधार पर आधुनिक मूल्यों को अपना कर महिलाएं देश के विकास में महत्ती भूमिका अदा कर सकती हैं।

राष्ट्रपति के अभिभाषण को देखने के लिए कृपया यहां क्लिक करें - :

***

 

एमजी/एमएस/आरपी/एसकेजे/डीके- 


(Release ID: 1937172) Visitor Counter : 281