पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय

‘मिशन लाइफ' (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) के भाग के रूप में 'संग्रहालय, स्थिरता और कल्याण' विषय पर अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस-2023 मनाया गया

Posted On: 18 MAY 2023 6:33PM by PIB Delhi

विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) एक ऐसा अवसर है, जो पर्यावरण के प्रति जागरूकता और क्रियाशीलता के लिए देश भर के लाखों लोगों को एकजुट करता है। इस वर्ष, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार ने ‘मिशन लाइफ' (LiFE) पर जोर देते हुए विश्व पर्यावरण दिवस 2023 मनाने की परिकल्पना की है। 2021 यूएनएफसीसीसी कॉप26 के दौरान ग्लासगो में वैश्विक नेताओं के शिखर सम्मेलन में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा लाइफ (LiFE), यानी पर्यावरण के लिए जीवन शैली के कॉन्सेप्ट को पेश किया गया और तब उन्होंने स्थायी जीवन शैली और प्रथाओं को अपनाने के लिए एक वैश्विक प्रयास को फिर से शुरू करने का आह्वान किया था। समारोह के उपलक्ष्य में लाइफ (LiFE) पर देश भर में जन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

1-राष्ट्रीय सतत तटीय प्रबंधन केंद्र (एनसीएससीएम)

राष्ट्रीय सतत तटीय प्रबंधन केंद्र (एनसीएससीएम) ने मन्नार की खाड़ी में स्थित रामेश्वरम द्वीप पर अरिकल मुनई और धनुषकोडी समुद्र तटों पर ‘मिशन लाइफ’ के विषयों को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की है। धनुषकोडी समुद्र तट रामेश्वरम द्वीप के छोर पर स्थित है, जो ऐतिहासिक, धार्मिक और पारिस्थितिक महत्व के साथ एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल भी है। धनुषकोडी में अरिचमुनाई पक्षी अभयारण्य में कई जलाशय हैं जिसकी वजह से यह कई स्थानीय और प्रवासी पक्षियों को भोजन और प्रजनन के लिए आकर्षित करता है। पर्यावरण के लिए जीवन शैली (लाइफ) के विषयों पर "जन भागीदारी" के भाग के रूप में एनसीएससीएम ने स्वच्छ समुद्र तटों और प्रदूषण मुक्त समुद्र के महत्व पर स्थानीय समुदायों तथा  पर्यटकों सहित आम जनता को संवेदनशील बनाने के लिए अरिकल मुनई में एक सफाई अभियान का आयोजन किया। ‘मिशन लाइफ‘ और पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली के विषयों पर पर्यटकों को जागरूक किया गया। धनुषकोडी समुद्र तट के किनारे आयोजित सफाई अभियान में आगंतुकों ने एनसीएससीएम कर्मचारियों के साथ हिस्सा लिया। ये इकोसिस्‍टम कई महत्वपूर्ण इकोसिस्‍टम सेवाएं प्रदान करते हैं जिनमें तटीय कटाव नियंत्रण की रोकथाम में उनकी अद्वितीय रेत प्रबंधन क्षमता, मनोरंजन, बर्ड वॉचिंग, जैव विविधता, जल शोधन और संरक्षण शामिल है। प्लास्टिक, थर्माकोल, बोतलें, मछली पकड़ने के लिए फेंकी गई जाल की रस्सियाँ, बालू के टीलों पर फंसी रबर सामग्री जैसे कूड़े को एकत्र किया गया और निपटान के लिए नजदीकी केंद्र में सौंप दिया गया। जागरूकता के लिए,एनसीएससीएम के वैज्ञानिकों ने ‘मिशन लाइफ ‘के विषयों पर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु सहित देश के दूर-दराज के हिस्सों के विभिन्न आयु समूहों के लगभग 250 आगंतुकों को जागरूक किया। ‘मिशन लाइफ’ के तहत, वैज्ञानिकों ने ऐसे संवेदनशील पारिस्थितिक तंत्रों में एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक के पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों का उपयोग करके, जिम्मेदार पर्यटन, अपशिष्ट का निपटारा, जल और जैव विविधता संरक्षण, और एक स्थायी जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया और इसके माध्यम से एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक को कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यटकों को तटीय रेत के टीलों के बारे में बताया गया और पर्यावरण की दृष्टि से यहां घूमने के दौरान कचरा फैलाने से बचने और कूड़ेदान का प्रयोग की आवश्यकता पर बल दिया। आयोजन के एक भाग के रूप में, प्रतिभागियों ने कूड़ा फेंकने से रोकने और एक हरे तथा सतत जीवन जीने के लिए 'लाइफ' की प्रतिज्ञा (हिंदी और अंग्रेजी दोनों में) ली। इस आयोजन के तहत, समुद्र तट पर पोस्टर और पैम्फलेट वितरित किए गए, और कर्मचारियों ने जनता को 'मिशन लाइफ' के महत्व के बारे में बताया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001AFNA.jpg

2. राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान (एनआईएचई)

राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान (एनआईएचई) के नॉर्थ ईस्ट रीजनल सेंटर (एनईआरसी) ने 18 मई 2023 को '‘मिशन लाइफ' के विषय पर हिमालयन यूनिवर्सिटी, जुलांग, अरुणाचल प्रदेश में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के बाद 'स्वस्थ जीवन शैली अपनाएं' और 'एकल प्लास्टिक के उपयोग को ना कहें' के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। हिमालयन विश्वविद्यालय और एनईआरसी-एनआईएचई के रिसर्च स्कॉलर्स, छात्रों, फैकल्टी और अन्य कर्मचारियों सहित कुल 81 प्रतिभागियों ने ‘मिशन लाइफ’ कार्यक्रम में भाग लिया और शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण के महत्व और प्लास्टिक प्रदूषण के विनाशकारी परिणामों के बारे में समुदाय-स्तर की जागरूकता को बढ़ावा देना है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0025F7P.jpg

3-भारतीय प्राणी सर्वेक्षण

भारतीय प्राणी सर्वेक्षण, दीघा, पश्चिम बंगाल ने 'मिशन लाइफ' के उद्देश्यों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए दीघा साइंस सेंटर में 'मिशन लाइफ' सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कुल 90 पर्यटकों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003D92H.jpg

4- राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय

18.05.2023 को आरएमएनएच, भुवनेश्वर ने अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया जहां आगंतुकों को संग्रहालयों की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई और छोटे बच्चों को 'मिशन लाइफ' (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) के तहत बायोडिग्रेडेबल सामग्री से बने जानवरों के लाइव आकार के मॉडल पेश किए गए। इसमें स्कूलों और आम लोगों में 120 प्रतिभागियों को शामिल किया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0041WVC.jpg

आरएमएनएच, मैसूर-एनएमएनएच-एमओईएफसीसी ने पुरातत्व, संग्रहालय और विरासत विभाग के साथ मिलकर 18.05.2023 को 'संग्रहालय, स्थिरता और कल्याण' विषय के तहत 'मिशन लाइफ' (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) के तहत अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस -2023 मनाया। इसमें लगभग 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया और उन्हें शैक्षिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों, सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थायी भविष्य बनाने की दिशा में प्राकृतिक इतिहास संग्रहालयों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image005E5HS.jpg

***

एमजी/एमएस/आरपी/केजे/एसएस



(Release ID: 1925335) Visitor Counter : 3602


Read this release in: English , Urdu , Telugu