संसदीय कार्य मंत्रालय

संसदीय कार्य मंत्रालय ने जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए 24वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2022-23 के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया


24वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2022-23 में जवाहर नवोदय विद्यालय, नादिया, पश्चिम बंगाल (पटना क्षेत्र) ने पहला पुरस्कार जीता

Posted On: 04 MAY 2023 8:35PM by PIB Delhi

जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए 24वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2022-23 के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 4 मई 2023 को संसद भवन परिसर, नई दिल्ली में हुआ। जवाहर नवोदय विद्यालय, नादिया, पश्चिम बंगाल (पटना क्षेत्र) ने इस प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार जीता।

केंद्रीय संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए विद्यालयों की विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। जेएनवी, नादिया (पश्चिम बंगाल) के अलावा इन 7 क्षेत्रीय विद्यालयों की विजेता टीमों को भी पुरस्कार प्राप्त हुए:

1. जवाहर नवोदय विद्यालय, पुरी, ओडिशा (भोपाल क्षेत्र)

2. जवाहर नवोदय विद्यालय, चंद्रपुर, महाराष्ट्र (पुणे क्षेत्र)

3. जवाहर नवोदय विद्यालय, मांड्या, कर्नाटक (हैदराबाद क्षेत्र)

4. जवाहर नवोदय विद्यालय, कठुआ, जम्मू-कश्मीर (चंडीगढ़ क्षेत्र)

5. जवाहर नवोदय विद्यालय, पूर्वी खासी हिल्स-I, मेघालय (शिलांग क्षेत्र)

6. जवाहर नवोदय विद्यालय, कुरुक्षेत्र, हरियाणा (जयपुर क्षेत्र)

7. जवाहर नवोदय विद्यालय, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश (लखनऊ क्षेत्र)

 

 

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने छात्रों के साथ संवाद भी किया। छात्रों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों और नैतिकता को सीखने-समझने के साथ उसे अपनाना भी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को हमारे लोकतांत्रिक देश की समरसता और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए आगे आना चाहिए। समारोह में उपस्थित सभी लोगों को श्री मेघवाल ने स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

 

अपने स्वागत संबोधन में संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव श्री जी. श्रीनिवास ने विद्यार्थियों से संसदीय कार्यवाही की प्रक्रिया और कामकाज को समझने के साथ ही उसे लोकप्रिय बनाने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिताएं स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक हो रही हैं।

इस मौके पर जवाहर नवोदय विद्यालय, नादिया, पश्चिम बंगाल (पटना क्षेत्र) की विजेता टीम ने ऊर्जा से सराबोर युवा संसद की जोशीली प्रस्तुति एक बार फिर पेश की, जिसे सभा में बैठे सभी लोगों ने खूब सराहा।

संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 26 वर्षों से जवाहर नवोदय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिताएं आयोजित कर रहा है। जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता योजना की श्रृंखला में यह 24वीं प्रतियोगिता थी, जो 2022-23 के दौरान पूरे भारत में नवोदय विद्यालय समिति के 8 क्षेत्रों में फैले 80 विद्यालयों के बीच आयोजित की गई।

युवा संसद योजना का उद्देश्य युवा पीढ़ी में आत्म-अनुशासन की भावना पैदा करना, विभिन्न विचारों के प्रति सहिष्णुता का भाव, विचारों की उचित तरीके से अभिव्यक्ति और जीवन के अन्य लोकतांत्रिक गुणों को बढ़ाना है। इसके अलावा, योजना के तहत छात्रों को संसद की प्रक्रियाओं, कामकाज और चर्चा एवं बहस के तरीकों से भी परिचित कराया जाता है। इससे युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व का गुण और भाषण देने की प्रभावी कला एवं कौशल विकसित होता है।

 

एमजी/एमएस/आरपी/एएस



(Release ID: 1922094) Visitor Counter : 339


Read this release in: English , Urdu , Marathi