शिक्षा मंत्रालय

गुजरात और महाराष्ट्र ने 1 मई को अपना 63वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया


‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत, देश भर के राजभवनों में गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस को मनाया गया और विविधता में भारत की एकता का उत्सव मनाया गया

Posted On: 01 MAY 2023 8:33PM by PIB Delhi

गुजरात और महाराष्ट्र ने आज 1 मई को अपना 63वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, “महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं। राज्य को एक महान संस्कृति और मेहनती लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय प्रगति में योगदान दिया है। मैं आने वाले वर्षों में महाराष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं।”

एक अन्य ट्वीट में प्रधानमंत्री ने गुजरात राज्य को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा, “गुजरात स्थापना दिवस पर बधाई। गुजरात ने सर्वांगीण प्रगति के साथ-साथ अपनी अनूठी संस्कृति के कारण अपनी छाप छोड़ी है। मैं प्रार्थना करता हूं कि राज्य आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहे।”

गुजरात और महाराष्ट्र में स्थापना दिवस को मनाने के लिए भव्य समारोह आयोजित किए गए।

महाराष्ट्र के 63वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित आधिकारिक समारोह के दौरान राज्यपाल श्री रमेश बैस ने कहा कि: “हमारी सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मैं सभी से एक साथ आने और एक नया और मजबूत महाराष्ट्र बनाने का संकल्प लेने की अपील करता हूं।”

राज्यपाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों को हार्दिक बधाई दी और महाराष्ट्र के लिए सरकार द्वारा की जा रही महत्वपूर्ण कल्याणकारी और विकास गतिविधियों को साझा किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे, मुंबई उपनगरीय जिले के संरक्षक मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुख्य सचिव श्री मनोज सौनिक, विभिन्न देशों के महावाणिज्य दूत और मानद महावाणिज्य दूत और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

 

गुजरात में 63वें स्थापना दिवस को मनाने के लिए राज्य के विभिन्न भागों में अनेक समारोहों का आयोजन किया गया। गुजरात के राज्यपाल श्री आचार्य देवव्रत ने जामनगर में एक भव्य समारोह की अध्यक्षता की। इस मौके पर जामनगर में विशेष परेड और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

 

 ‘विविधता में एकता’ का उत्सव मनाने वाले ‘एक भारत और श्रेष्ठ भारत’ की भावना का अनुसरण करते हुए, देश भर के राजभवनों में गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस को मनाया गया। स्थापना दिवस को दोनों राज्यों की समृद्ध और जीवंत संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए बड़े उत्साह के साथ मनाया।

दिल्ली में, महाराष्ट्र और गुजरात का स्थापना दिवस आज राज निवास में उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना के साथ मनाया गया। उन्होंने देश के विकास और विकास में दोनों राज्यों की भूमिका की सराहना की।

राजभवन में एक घंटे तक चलने वाले समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली में रहने वाले दोनों राज्यों के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान दोनों राज्यों के पारंपरिक नृत्य का स्कूली छात्रों द्वारा शानदार प्रदर्शन किया गया।

उपराज्यपाल ने स्कूली लड़कियों के प्रदर्शन की सराहना की, जिन्होंने क्रमशः गुजरात और महाराष्ट्र के लोक नृत्य ‘गरबा’ और ‘लावणी’ के प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


 

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल श्री एस अब्दुल नजीर ने गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों के नागरिक संघों के सदस्यों के साथ गुजरात और महाराष्ट्र के राज्य गठन दिवस समारोह की अध्यक्षता की। समारोह का आयोजन आज विजयवाड़ा स्थित राजभवन के दरबार हॉल में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “भारत को अपने समृद्ध इतिहास, संस्कृति और विरासत और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पर गर्व है।” गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपनी जीवंत सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए जाने जाते हैं। राजभवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत आंध्र प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के आधिकारिक राज्य गीतों की प्रस्तुति के साथ हुई, जिसके बाद गुजरात और महाराष्ट्र संघों के सदस्यों द्वारा भरतनाट्यम और गरबा नृत्य की प्रस्तुति दी गई।

 

 

पुडुचेरी की उपराज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन ने राजनिवास, पुडुचेरी में गुजरात सांस्कृतिक टीम के सहयोग से गुजरात और महाराष्ट्र दिवस समारोह की मेजबानी की। राज्यपाल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि हमारे पास भाषा, संस्कृति, खान-पान और राज्य की सीमाओं की विविधता हो सकती है लेकिन हम भारतीयों के रूप में गर्व की भावना के साथ एकजुट हैं। इस अवसर पर गुजरात के डांडिया जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

 

 

मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने गुजरात और महाराष्ट्र के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों को हार्दिक बधाई दी, जिसे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत देश भर में भारत की एकता के त्योहार के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे।

 

 

ओडिशा राजभवन में भी आज गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस मनाया गया। ओडिशा के राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सभा को संबोधित किया। राज्यपाल ने कहा, अन्य राज्यों में राज्य दिवस मनाने से एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना मजबूत होगी और हमारे सामाजिक-सांस्कृतिक बंधन मजबूत होंगे। इस उत्सव में राज्य के गुजराती और मराठी समुदायों के सदस्यों ने भाग लिया।

 

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के टी पारनाइक ने देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने और मजबूत करने के लिए राजभवन में गुजरात और महाराष्ट्र राज्य स्थापना दिवस समारोह की मेजबानी की। राज्यपाल ने गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों को बधाई दी और कहा कि महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों का अरुणाचल प्रदेश के साथ गहरा संबंध है। राजभवन में आयोजित समारोह में गुजराती और मराठी समुदाय के लोग शामिल हुए। उन्होंने राज्यपाल और राज्य की प्रथम महिला के साथ अरुणाचल प्रदेश के लोगों के लिए अपने अनुभवों, उपलब्धियों और सद्भावना को साझा किया। इस अवसर पर विशेष गुजराती और मराठी व्यंजनों वाली हाई टी का भी आयोजन किया गया।

 

 

गुजरात और महाराष्ट्र के राज्य स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पंजाब राजभवन गुजरात और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हो उठा।एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की थीम के तहत विविधता में एकता के बंधन को बढ़ावा देते हुए दोनों राज्यों की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया गया।

 

हरियाणा में, राज्य के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने आज हरियाणा राजभवन में महाराष्ट्र के राज्य स्थापना दिवस समारोह के महत्वपूर्ण अवसर पर महाराष्ट्र के विशिष्ट अतिथियों के साथ जीवंत बातचीत की।


 

झारखंड के राज्यपाल श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों के स्थापना दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास है। उन्होंने कहा कि इन राज्यों ने देश के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर गुजराती समाज द्वारा गरबा नृत्य, मराठी समाज की श्रीमती वंदना धमोरी द्वारा भजन एवं लोहरदगा के उपायुक्त डॉ. वाघमारे प्रसाद कृष्ण द्वारा गायन प्रस्तुत किया गया।

 

 

तमिलनाडु के राज्यपाल श्री आर. एन. रवि ने गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस के समारोह में अपने संबोधन में भारत को एक “सांस्कृतिक सातत्य” कहा, जिसमें क्षेत्रीय विविधताएं हैं, लेकिन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मूर्त रूप देने वाले समान आधारभूत मूल्य हैं। राज्यपाल ने दोनों राज्यों के ऐसे नागरिकों को सम्मानित किया, जिन्होंने तमिलनाडु को अपना घर बना लिया है।

 

केरल के राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान ने केरल राजभवन में पारंपरिक पंचरिमेलम के साथ महाराष्ट्र दिवस और गुजरात दिवस समारोह में भाग लेने वालों का स्वागत किया। इस मौके पर कोच्चि और तिरुअनंतपुरम के नृत्यकर्ताओं ने गरबा और डांडिया पेश किया।

 

 

राजस्थान में राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने महाराष्ट्र एवं गुजरात राज्य के स्थापना दिवस समारोह को राजभवन में संबोधित करते हुए कहा कि भारत अनेकता में एकता की भूमि है और भिन्न संस्कृति होते हुए भी हम सब एक हैं। उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को आत्मसात करते हुए समरस समाज के निर्माण के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों को उनके स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि दोनों राज्यों का गौरवशाली इतिहास है और उनकी समृद्ध संस्कृति और जीवंत परंपराएं हमारे राष्ट्र का अभिन्न अंग हैं।

 

 

गोवा के राज्यपाल श्री पी एस श्रीधरन पिल्लई ने राजभवन में मनाए गए महाराष्ट्र और गुजरात राज्य के स्थापना दिवस समारोह में शिरकत की। राज्यपाल ने इस अवसर पर हार्दिक बधाई दी।

 

 

त्रिपुरा के राज्यपाल श्री सत्यदेव नारायण आर्य ने राजभवन, अगरतला में आयोजित गुजरात और महाराष्ट्र दिवस समारोह का उद्घाटन किया।

 

 

राजभवन में आयोजित समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन ने की। छत्तीसगढ़ राजभवन गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस का जश्न मनाते हुए खुशी और उत्सव से भर गया था।

 

जम्मू में उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा ने गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं और दोनों राज्यों के लोगों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने महाराष्ट्र और गुजरात के स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और दोनों राज्यों की ऐसी महान हस्तियों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने भारत के विकास में अपार योगदान दिया है।


 

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाने, राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने और आपसी समझ और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की एक पहल है। यह कला, संगीत, नृत्य, भोजन, खेल आदि जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक दूसरे के साथ जोड़ता है, उनके बीच सांस्कृतिक और भाषाई आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है। अन्य राज्यों के राजभवनों द्वारा गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस समारोह आयोजित करना राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनूठा कदम है।

 

******

 

एमजी/एमएस केके



(Release ID: 1921302) Visitor Counter : 652


Read this release in: Marathi , English , Urdu