पर्यटन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सात दिवसीय एससीओ मिलेट्स फूड फेस्टिवल मुंबई में शुरू, सदस्य देशों के शेफ मोटे अनाज से बने व्यंजनों का प्रदर्शन करेंगे

Posted On: 14 APR 2023 3:13PM by PIB Delhi

केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने गुरुवार को मुंबई के ताज महल पैलेस में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के मिलेट्स फूड फेस्टिवल का उद्घाटन किया। इसमें आम जनता 19 अप्रैल तक होटल के शामियाना रेस्तरां में दोपहर और रात्रि के भोजन के लिए कजाकिस्तान, किर्गिस्तान उज्बेकिस्तान, रूस और भारत के शेफ द्वारा तैयार किए गए मोटे अनाजों से बने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद ले सकती है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/turism1OORU.JPG

अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष (आईवाईएम 2023) के उपलक्ष्य में पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार की तरफ से होटल ताजमहल पैलेस में इस सात दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। फूड फेस्टिवल में मोटे अनाज से बने विभिन्न जैविक भोजन शामिल हैं जिन्हें एससीओ सदस्य देशों के शेफ द्वारा हाथ से तैयार किया गया है।

उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक ने कहा कि एससीओ देशों में संस्कृतियों और परंपराओं का एक असाधारण मिश्रण था, जो उनके व्यंजनों में उपयुक्त रूप से परिलक्षित होता है। उन्होंने कहा, एससीओ देशों के व्यंजन खानपान के प्रेमियों को खास स्वाद प्रदान करेंगे। संयुक्त राष्ट्र ने दुनिया भर में मोटे अनाज के उत्पादन और खपत को बढ़ाने के आदर्श वाक्य के साथ वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष के रूप में घोषित किया है। इसके पीछे विचार मोटे अनाज को बढ़ावा देना है क्योंकि वे जलवायु के अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज की खपत दुनिया को कम से कम छह संयुक्त राष्ट्र-अनिवार्य सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में मदद कर सकती है और साथ ही, सतत विकास की दिशा में यह एक अच्छा कदम है।

 https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/turism2TNCZ.JPG

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत सरकार ने आईवाईएम 2023 के प्रस्ताव को सामने रखा था, जिसे संयुक्त राष्ट्र महासभा ने स्वीकार कर लिया। आईवाईएम को मनाने की घोषणा में भारत की खासी अग्रणी भूमिका रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आईवाईएम 2023 को जन आंदोलनबनाने के साथ-साथ भारत को 'मोटे अनाज के वैश्विक हब' के रूप में स्थापित करने के अपने दृष्टिकोण को भी साझा किया है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/turism3URN3.JPG

उन्होंने अगले एससीओ अध्यक्ष पद के लिए कजाकिस्तान को बधाई भी दी और आश्वासन दिया कि भारत एससीओ क्षेत्र में पर्यटन को एक सफल क्षेत्र बनाने के अपने प्रयासों को आगे भी जारी रखेगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/turism472ZS.JPG

भारत जहां वर्ष 2023 के लिए एससीओ की अध्यक्षता की मेजबानी कर रहा है, मिलेट्स फूड फेस्टिवल इस अध्यक्षता का जश्न मनाने के लिए पर्यटन मंत्रालय की तरफ से आयोजित किया जाने वाला चौथा और अंतिम कार्यक्रम है। इससे पहले, मंत्रालय ने 9 से 11 फरवरी तक एससीओ पर्यटन मार्ट, 13 से 18 मार्च तक काशी, वाराणसी में एससीओ विशेषज्ञ स्तरीय पर्यटन कार्य समूह की बैठक और एससीओ पर्यटन मंत्रियों की बैठक आयोजित की थी।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/turism5VKKW.jpg 

एससीओ एक अंतरसरकारी संगठन है जिसमें आठ सदस्य देश - चीन, भारत, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान, चार पर्यवेक्षक देश और 14 डायलॉग पार्टनर शामिल हैं ।

 

****
 

एमजी/एमएस/एमपी


(Release ID: 1916754) Visitor Counter : 236


Read this release in: English , Urdu , Marathi