सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विश्वास जताया कि मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग दिसंबर 2023 तक तैयार हो जाएगा
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई-गोवा राजमार्ग का हवाई निरीक्षण किया
श्री गडकरी ने जेएनपीए-दिल्ली मार्ग सहित 15 हजार करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं की भी घोषणा की
Posted On:
30 MAR 2023 6:40PM by PIB Delhi
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज जानकारी दी कि मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 66 का बहुप्रतीक्षित निर्माण कार्य दिसंबर, 2023 तक पूरा हो जाएगा और यह मार्ग जनवरी 2024 में यातायात के लिए खुल जाएगा। मंत्री महोदय ने मुंबई-गोवा राजमार्ग के निर्माण कार्य का हवाई निरीक्षण किया और इसके पश्चात रत्नागिरी में मीडिया को संबोधित किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत भी उपस्थित थे।

श्री गडकरी ने बताया कि मुंबई-गोवा राजमार्ग को 10 पैकेजों में बांटा गया है। इनमें से सिंधुदुर्ग जिले के दो पैकेज (पी-9, पी-10) लगभग 99 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं। रत्नागिरी जिले में कुल 5 पैकेज हैं और इनमें से दो पैकेजों (पी-4, पी-8) का क्रमश: 92 प्रतिशत और 98 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य प्रगति पर है। मंत्री महोदय ने जानकारी दी कि दो पैकेजों (पी-6, पी-7) के विलंबित कार्यों के लिए नया ठेकेदार नियुक्त कर फिर से शुरू कर दिया गया है। रायगढ़ जिले के तीन पैकेजों में से दो पैकेजों पर (पी-2, पी-3) क्रमशः 93 प्रतिशत एवं 82 प्रतिशत तक कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि पैकेज (पी-1) पर आधे से ज्यादा काम पूरा हो चुका है और बाकी काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि पनवेल-इंदापुर चरण के लिए भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण मंजूरी से मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर काम में विलंब हुआ है। उन्होंने कहा कि अब इन सभी बाधाओं को दूर कर दिया गया है और करनाला अभयारण्य क्षेत्र में फ्लाईओवर को हटाकर पर्यावरण के मुद्दे पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

मंत्री महोदय ने बताया कि गोवा में मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग कोंकण के प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाला राजमार्ग है। इससे पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा। श्री गडकरी ने कहा कि प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्ग होने से औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

श्री गडकरी ने 15 हजार करोड़ रुपये की तीन नई परियोजनाओं की भी घोषणा की। इनमें 1,200 करोड़ रूपए की कलंबोली जंक्शन परियोजना, 1,200 करोड़ रुपए की पगोडे जंक्शन चौक से ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना और 13,000 करोड़ रुपये का जेएनपीए के माध्यम से दिल्ली को जोड़ने वाला मोरबे-करंजदे राजमार्ग भी शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा।

इससे पहले आज सुबह, श्री गडकरी ने 414.68 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और रायगढ़ जिले के पलास्पे गांव में और 63,900 किमी लंबे राजमार्ग की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण और दिघी के दो बंदरगाहों पर आर्थिक गतिशीलता को बढ़ावा मिलेगा, जबकि पनवेल से कासू राजमार्ग के कंक्रीट से निर्माण होने से यात्रा में तेजी आएगी और ईंधन की बचत होगी।


बांस क्रैश बैरियर
मंत्री महोदय ने बताया कि दुर्घटनाओं से बचने के लिए मुंबई-गोवा राजमार्ग के किनारों पर बैम्बू क्रैश बैरियर लगाने का प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को दिया गया है। साथ ही, राज्य सरकार को राजमार्ग के किनारे व्यापक वृक्षारोपण करने के लिए कहा गया है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार संकेतक बोर्ड
श्री गडकरी ने कहा कि मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार संकेतक लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे दुर्घटनाओं की संख्या कम करने और यात्रा को आसान बनाने में मदद मिलेगी।
***
एमजी/एमएस/एआर/एसएस
(Release ID: 1912474)
Visitor Counter : 291