राष्ट्रपति सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

जाम्बिया के संसदीय शिष्टमंडल ने राष्ट्रपति से भेंट की

प्रविष्टि तिथि: 02 FEB 2023 6:15PM by PIB Delhi

श्रीमती नेली बुटेटे कशुम्बा मुट्टी के नेतृत्व में जाम्बिया के एक संसदीय शिष्टमंडल ने आज (2 फरवरी, 2023) राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट की।

राष्ट्रपति ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत और जाम्बिया के बीच मजबूत व सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। जाम्बिया के स्वतंत्रता संघर्ष के नेताओं जैसे कि जाम्बिया के संस्थापक और पहले राष्ट्रपति डॉ. केनेथ कौंडा ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, विशेषरूप से महात्मा गांधी से प्रेरणा प्राप्त की थी।

राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक सहयोग के क्षेत्र में हमारा द्विपक्षीय व्यापार लगातार बढ़ रहा है। भारत जाम्बिया में अग्रणी निवेशकों में से एक है। उन्होंने आगे कहा कि यह संतुष्टि की बात है कि भारत और जाम्बिया एक मजबूत विकास साझेदारी को साझा करते हैं। इनमें भारत की चार ऋण व्यवस्थाएं शामिल हैं, जिनका उपयोग परिवहन, जल-विद्युत और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जा रहा है। उन्होंने भारत और जाम्बिया की समृद्धि और विकास के लिए इस साझेदारी को मजबूत करने का अनुरोध किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले संसदीय दौरों से भारत और जाम्बिया की संसदों के बीच संबंध मजबूत हुए हैं। उन्होंने भारत-जाम्बिया संसदीय मैत्री समूह बनाने के लिए जाम्बिया की नेशनल असेंबली के प्रयासों की सराहना की। राष्ट्रपति ने इस पर अपना विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा इन संबंधों को और अधिक मजबूत बनाएगी।

***

एमजी/एएम/एचकेपी/डीके-


(रिलीज़ आईडी: 1896124) आगंतुक पटल : 246
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil , Kannada