राष्ट्रपति सचिवालय
राष्ट्रपति हरियाणा सरकार की ओर से आयोजित नागरिक अभिनंदन में शामिल हुईं
Posted On:
29 NOV 2022 9:02PM by PIB Delhi
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज शाम (29 नवंबर, 2022) चंडीगढ़ में हरियाणा राजभवन में हरियाणा सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन में शामिल हुईं।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने राजनीति, अंतरिक्ष विज्ञान, खेल, देश की खाद्य सुरक्षा, औद्योगिक उत्पादन, सेवा क्षेत्र, रक्षा आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा के योगदान को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि 1.4 प्रतिशत से कम क्षेत्र और भारत की 2 प्रतिशत से कम आबादी वाले हरियाणा का देश के समग्र विकास में अहम योगदान रहा है। इस राज्य के किसानों ने भारत की खाद्य सुरक्षा में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में सफल आधुनिक तौर-तरीके को अपनाने के लिए इजरायल, ब्राजील और नीदरलैंड जैसे देशों के सहयोग से हरियाणा में 'उत्कृष्टता केंद्र' स्थापित किए गए हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि हरियाणा कृषि के साथ-साथ औद्योगिक उत्पादन और सेवा क्षेत्र में भी अग्रणी राज्य है। यह एक प्रमुख ऑटोमोबाइल उत्पादक राज्य है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में 250 से अधिक फॉर्च्यून-500 कंपनियों के कार्यालय हैं और इस शहर को 'ग्लोबल सिटी' कहा जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा प्रति व्यक्ति आय के मामले में शीर्ष पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी शामिल है।
राष्ट्रपति ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए हरियाणा सरकार के प्रयासों से हरियाणा के लोग जोश के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2047 में अमृत-काल के पूर्ण होने पर भारत स्वयं को एक विकसित देश के रूप में स्थापित कर लेगा और उस सफलता में हरियाणा के लोगों का योगदान महत्वपूर्ण होगा।
प्राचीन काल की चर्चा करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि हरियाणा भारत की सबसे पुरानी सभ्यता का केंद्र रहा है। इस राज्य को वैदिक काल की सबसे महत्वपूर्ण नदी - सरस्वती नदी का आशीर्वाद प्राप्त था। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि हरियाणा सरकार ने इसके संरक्षण और इस विरासत के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए हरियाणा सरस्वती विरासत विकास बोर्ड का गठन किया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2014 के 871 से वर्तमान में 913 तक लिंगानुपात में सुधार, सरकार और राज्य के लोगों के लिए बहुत प्रशंसा की बात है। उन्होंने कामना की कि लिंगानुपात में सुधार की यह यात्रा जारी रहे और हरियाणा के भाई-बहन पूरे देश के लिए महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते रहें।
राष्ट्रपति का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
***
एमजी/एएम/वीएस
(Release ID: 1893708)