पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा आवास और शहरी कार्य मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी 31 अक्टूबर 2022 को संयुक्त अरब अमीरात में एडीआईपीईसी-2022 में भाग लेंगे

प्रविष्टि तिथि: 30 OCT 2022 6:44PM by PIB Delhi

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा आवास और शहरी कार्य मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी 31 अक्टूबर 2022 से संयुक्त अरब अमीरात का दौरा करेंगे। वे वहां अबू धाबी अंतर्राष्ट्रीय पेट्रोलियम प्रदर्शनी और सम्मेलन (एडीआईपीईसी-2022) के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे। श्री हरदीप सिंह पुरी को संयुक्त अरब अमीरात के ऊर्जा एवं बुनियादी ढांचा मंत्री सुहैल मोहम्मद फराज अल मजरूई और संयुक्त अरब अमीरात के उद्योग एवं उन्नत प्रौद्योगिकी मंत्री तथा अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (एडीएनओसी) के प्रबंध निदेशक समूह कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुल्तान अहमद अल जाबेर ने आमंत्रित किया है।

श्री हरदीप सिंह पुरी अपनी यात्रा के दौरान एडीआईपीईसी-2022 के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। वे मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के ऊर्जा एवं बुनियादी ढांचा मंत्री सुहैल मोहम्मद फराज अल मजरूई और संयुक्त अरब अमीरात के उद्योग एवं उन्नत प्रौद्योगिकी मंत्री तथा अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (एडीएनओसी) के प्रबंध निदेशक समूह कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुल्तान अहमद अल जाबेर और कुछ अन्य चुनिंदा मंत्रियों सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री महामहिम अब्दुल अजीज बिन सलमान अल सऊद, ओपेक के महासचिव महामहिम हैथम अल घिस और मिस्र के पेट्रोलियम खनिज संसाधन मंत्री महामहिम तारेक एल मोल्ला की उपस्थिति में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

केंद्रीय मंत्री का संयुक्त अरब अमीरात के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करने का कार्यक्रम है। वे भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सामरिक साझेदारी के समग्र ढांचे के भीतर ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के ऊर्जा एवं बुनियादी ढांचा मंत्री सुहैल मोहम्मद फराज अल मजरूई और संयुक्त अरब अमीरात के उद्योग एवं उन्नत प्रौद्योगिकी मंत्री तथा अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (एडीएनओसी) के प्रबंध निदेशक समूह कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुल्तान अहमद अल जाबेर के साथ बातचीत करेंगे।

माननीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री एडीआईपीईसी- 2022 में भाग लेने वाले विभिन्न देशों के अपने समकक्षों और अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा संगठनों के प्रमुखों तथा वैश्विक तेल गैस कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान, श्री हरदीप सिंह पुरी भारतीय पेट्रोलियम उद्योग संघ (एफआईपीआई) और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा संयुक्त रूप से स्थापित भारतीय मंडप का उद्घाटन भी करेंगे।

एडीएनओसी द्वारा आयोजित किया गया एडीआईपीईसी ऊर्जा उद्योग में दुनिया की अग्रणी गतिविधियों में से एक है और इसका उद्देश्य वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा आपूर्ति तथा सुरक्षा चुनौतियों के साथ-साथ ऊर्जा समाधानों की अगली पीढ़ी सहित एक विकसित वैश्विक ऊर्जा प्रणाली को प्रभावित करने वाले नवीनतम रुझानों पर अंतर्दृष्टि प्रदान करना है।

एमजी/एएम/एनके


(रिलीज़ आईडी: 1872626) आगंतुक पटल : 175
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil , Telugu