संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय

24000 डाकघरों के लंबित मामलों को निपटान के लिए विशेष अभियान 2.0 चलाया गया

Posted On: 19 OCT 2022 8:25PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के विजन के अनुरूप डाक विभाग में 2 से 31 अक्टूबर 2022 तक लंबित मामलों को निपटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 2021 में आयोजित विशेष अभियान की तर्ज पर, यह अभियान डाक भवन स्थित डाक मुख्यालय के साथ-साथ क्षेत्रीय कार्यालयों में भी चलाया जा रहा है। अभियान के मुख्य फोकस क्षेत्रों में लोक शिकायतों का प्रभावी निपटान, संसद सदस्यों के संदर्भ, संसद आश्वासन, स्वच्छता अभियान, कबाड़ का निपटान और पुरानी फाइलों को हटाना शामिल है।

अभियान के प्रारंभिक चरण (14 से 30 सितंबर, 2022) का उपयोग अधिकारियों को संवेदनशील बनाने, अभियान के लिए जमीनी कार्यकर्ताओं को जुटाने, लंबित मामलों की पहचान करने के लिए किया गया; स्क्रैप और अनावश्यक सामग्री की पहचान की गई। 24000 उप डाकघरों में स्वच्छता अभियान को लागू करने का निर्णय लिया गया, जबकि पिछले वर्ष 810 प्रधान डाकघरों को कवर किया गया था। ये 24000 डाकघर देश भर में फैले हुए हैं।

कार्यान्वयन चरण (2 से 31 अक्टूबर, 2022) के दौरान, फील्ड स्टाफ के साथ मिलकर प्रभावी निष्पादन के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग द्वारा आयोजित एससीपीडीएम पोर्टल पर दैनिक प्रगति अपलोड की जा रही है।

19 अक्टूबर, 2022 तक, सीमावर्ती क्षेत्रों और वामपंथ उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों सहित देश भर के 16,391 डाकघरों में स्वच्छता अभियान लागू किया गया है।

***

एमजी/एएम/वीएस/एसएस



(Release ID: 1870327) Visitor Counter : 116


Read this release in: English , Urdu