पंचायती राज मंत्रालय

केंद्रीय राज्य मंत्री (पंचायती राज) श्री कपिल मोरेश्वर पाटील ने ‘हर घर तिरंगा’कार्यक्रम के तहत पुणे के ऐतिहासिक आगा खान पैलेस और बापू भवन (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरोपैथी) में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया


स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों एवं शहीदों के परिजनों का किया सम्मान  

Posted On: 12 AUG 2022 7:36PM by PIB Delhi

श्री कपिल मोरेश्वर पाटील, केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री ने आजादी का अमृत महोत्सव(एकेएएम) के भाग के रूप में "हर घर तिरंगा अभियान" कार्यक्रम के देशभक्ति अभियान के तहत हमारी आजादी के 75 साल के स्मरणोत्सव के लिए ऐतिहासिक स्मारक आगा खान पैलेस और बापू भवन (जिसे अब नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरोपैथी कहा जाता है), पुणे में  आज राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिवारजनों और शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया | इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री श्री चंद्रकांत पाटील एवं अन्य गणामान्य नागिरक उपस्थित थे।

सर्वप्रथम श्री कपिल मोरेश्वर पाटील ने आगा खान पैलेस में महात्मा गांधी के अस्थिकलश स्थल एवं कस्तूरबा गांधी व महादेवभाई देसाई की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद आगा खान पैलेस के प्रांगण में राष्ट्रध्वज फहराया गया एवं ध्वज के सम्मान में सलामी के साथ राष्ट्रगान गाया गया। आगा खान पैलेस परिसर में केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री ने लगभग 50 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिवारजनों और शहीदों के परिवारों को सम्मान चिन्ह एवं शाँल प्रदान करके सम्मानित किया।

  

 

     

श्री पाटील ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले हमारे महापुरुषों एवं वीरो के प्रति हमें सदैव आभारी एवं कृतज्ञ रहना चाहिए। स्वातंत्र्य वीरों का कर्ज कभी भी नहीं चुकाया जा सकता है। श्री पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर परएक भारत − श्रेष्ठ भारत के माध्यम से संपूर्ण देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है।

श्री पाटील ने कहा कि ग्राम स्वराज का जो सपना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देखा था, उसे जमीन पर उतारने का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कर रहे हैं। विगत 8 वर्षों में पंचायती राज मंत्रालय के माध्यम से देश के ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने आह्वान किया कि 13  से 15 अगस्त 2022 के बीच सभी अपने घर की छत पर तिरंगा फहरा कर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं।

  

 

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री श्री चंद्रकांत पाटील ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम को महाराष्ट्र सरकार ने एक अभियान की तरह हाथ में लिया है। घर घर तिरंगा के लिए जनता में अपार उत्साह है एवं जगह−जगह राष्ट्रभक्ति के आयोजन किए जा रहे हैं।

आगा खान पैलेस प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में 500 से ज्यादा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की श्रीमती नीलम महाजन ने आगा खान पैलेस के एतिहासिक एवं यहां गांधी जी के निवास के बारे में जानकारी प्रदान की।

 

राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (बापू भवन) में श्री कपिल मोरेश्वर पाटील ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए एवं उस कक्ष को देखा जहां गांधी जी रहते थे। यहां ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान एवं लगभग 25 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, परिजन एवं शाहीद परिवारों का सम्मान केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री ने किया। बापू भवन के ऐतिहासिक तथ्यों की जानकारी राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान की निदेशक डॉ० के. सत्यलक्ष्मी ने दी।

 

 

*****

. . . / प्र. .



(Release ID: 1851359) Visitor Counter : 371


Read this release in: English , Urdu , Manipuri