युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

राष्ट्रमंडल खेल 2022 के आखिरी दिन भारत ने 4 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक समेत 6 पदक जीते, पदक तालिका में भारत के 22 स्वर्ण पदक के साथ कुल पदकों की संख्या 61 हुई


आखिरी दिन पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक साईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी और अचंता शरत कमल ने स्वर्ण पदक जीते

Posted On: 08 AUG 2022 8:42PM by PIB Delhi

मुख्य बिंदुः

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पदक विजेताओं को उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

श्री अनुराग ठाकुर ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहायह उत्कृष्टता और दृढ़ संकल्प का बेजोड़ प्रदर्शन है।

राष्ट्रमंडल खेल 2022 के आखिरी दिन भारत ने 4 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक समेत 6 और पदक जीते। पीवी सिंधु (महिला एकल बैडमिंटन), लक्ष्य सेन (पुरुष एकल बैडमिंटन), सात्विक साईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी (पुरुष युगल बैडमिंटन) और अंचता शरत कमल (पुरुष एकल टेबल टेनिस) ने स्वर्ण पदक जीते। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रजत पदक और जी साथियान (पुरुष एकल टेबल टेनिस) ने कांस्य पदक जीते। भारत कुल 61 पदकों (22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य पदक) के साथ चौथे स्थान पर पहुंचा। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर और देश के कोने-कोने से भारतवासियों ने पदक विजेताओं को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी।

राष्ट्रपति ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। सिंधु को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “पी. वी. सिंधु ने राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक बैडमिंटन स्वर्ण पदक हासिल कर देश का दिल जीत लिया है। कोर्ट पर अपने जादुई खेल से लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध किया। आपकी शानदार जीत ने हमारे तिरंगे के मान को और ऊंचा कर दिया है तथा बर्मिंघम में हमारा राष्ट्रगान गूंज रहा है। हार्दिक बधाई!

राष्ट्रपति ने लक्ष्य को बधाई दी और ट्वीट किया, “युवा और ऊर्जावान लक्ष्य सेन ने भारत को गौरवान्वित किया है! राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। जिस तरह से आपने शानदार प्रदर्शन के साथ वापसी की, वह एक सशक्त नए भारत का प्रतीक है जो जीतने के लिए दृढ़ है। आपने बर्मिंघम में हमारे तिरंगे को फिर से फहराया।

शरत कमल को बधाई देते राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “बेहद प्रतिभाशाली और अनुभवी शरत कमल ने राष्ट्रमंडल खेलों में टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। आपके प्रदर्शन में अभूतपूर्व निरंतरता आपको एक महान खिलाड़ी बनाती है। भारतवासियों को इस बात की खुशी है कि आपकी विशिष्ट उपलब्धि के कारण हमारा तिरंगा लहराया। आपको को बधाई!

बैडमिंटन टीम को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “हमारी बैडमिंटन टीम ने इतिहास रच दिया है! राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन की युगल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के लिए सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को बधाई। आपकी जीत हमारे युवाओं को प्रेरणा देगी। आपकी जीत के कारण बर्मिंघम में हमारा राष्ट्रगान बजने पर सभी भारतवासी गर्व महसूस करते हैं।

पुरुष हॉकी टीम को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “राष्ट्रमंडल खेल में रजत पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान आपके प्रयास और उत्साही प्रदर्शन प्रशंसनीय हैं।

साथियान को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “साथियान ज्ञानसेकरन को राष्ट्रमंडल खेलों में टेबल टेनिस में एक करीबी मुकाबले में कांस्य पदक जीतने के लिए बधाई। आप दबाव के समय भी शांत बने रहे और जीत हासिल करने के लिए प्रभावशाली कौशल और  दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। भविष्य में और अधिक उपलब्धियों के लिए मेरी शुभकामनाएं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 के आखिरी दिन के सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है।

एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा; “असाधारण @Pvsindhu1 चैंपियंनों की चैंपियन है! उन्होंने बार-बार यह दिखाया है कि उत्कृष्टता क्या होती है। उनका समर्पण और प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं।

लक्ष्य को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “@lakshya_sen की उपलब्धि से उत्साहित हूं। बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। उन्होंने पूरे राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल के दौरान उत्कृष्ट दृढ़ता दिखाई। वह भारत का गौरव हैं। उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।#Cheer4India”

भारतीय बैडमिंटन दल को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “भारत के बैडमिंटन दल ने सफलता और उत्कृष्टता को फिर से परिभाषित किया है। @satwiksairaj और @Shettychirag04 द्वारा टीम वर्क और कौशल का शानदार प्रदर्शन। स्वर्ण पदक जीतने के लिए उन पर गर्व है। वे आने वाले समय में भारत के लिए और भी ख्याति अर्जित करते रहें।#Cheer4India”  

शरत कमल को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “@sharathkamal1 के स्वर्ण पदक को इतिहास में एक बहुत ही खास उपलब्धि के रूप में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने असीम धैर्य, दृढ़ संकल्प और जीवट का परिचय दिया। उन्होंने जबरदस्त कौशल का प्रदर्शन भी किया। यह पदक भारतीय टेबल टेनिस के लिए बेहद उत्साहवर्द्धक है। उन्हें बधाई और शुभकामनाएं। #Cheer4India”

साथियान को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “@sathiyantt द्वारा जबरदस्त प्रदर्शन। पूरे राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान। मैं उन्हें टेबल टेनिस में कांस्य पदक जीतने पर बधाई देता हूं। उनके दृढ़ संकल्प और समर्पण के लिए उनकी प्रशंसा करता हूं। मुझे विश्वास है कि वह आगामी टूर्नामेंटों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।#Cheer4India”

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को रजत पदक जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया; “राष्ट्रमंडल खेलों में उत्साही प्रदर्शन करने और रजत पदक जीतने के लिए पुरुष हॉकी टीम पर गर्व है। मुझे विश्वास है कि यह टीम आने वाले समय में भारत को गौरवान्वित करेगी और युवाओं को हॉकी को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी ।#Cheer4India”

Union Minister for Youth Affairs and Sports Shri Anurag Singh Thakur congratulated the medal winners.

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पदक विजेताओं को बधाई दी।

सिंधु को बधाई देते हुए श्री ठाकुर ने ट्वीट किया, “@Pvsindhu1 की प्रतिभा ने एक बार फिर से इतिहास रच दिया! आपने हमें हमारी टीवी स्क्रीन से चिपकाए रखा! उत्कृष्टता और दृढ़ संकल्प का अद्भुत प्रदर्शन! राष्ट्रमंडल खेल 2022 में उल्लेखनीय स्वर्ण पदक के लिए बधाई! पी. वी. सिंधु आप भारत की शान हैं!

एक अन्य ट्वीट में खेल मंत्री ने लक्ष्य सेन को बधाई दी। श्री ठाकुर ने ट्वीट किया, “जबरदस्त!!! लक्ष्य सेन आप स्वर्ण पदक जीतकर युवा भारत की भावना को साकार करने और प्रदर्शित करने वाले एक योद्धा हैं! आपने शानदार वापसी की और एक दृढ़ विजेता की तरह यह जीत हासिल की! हमारे दिल की धड़कने बढ़ रही थीं! आपको खेलते देखना बहुत ही सुखद है! शाबाश एवं बधाई !"

सात्विक और चिराग को बधाई देते हुए खेल मंत्री ने ट्वीट किया, “इतिहास में अपनी तरह से जगह बनायी! सात्विक और चिराग को इंग्लैंड को आसानी से हराकर युगल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल करते हुए देखना बेहद सुखद है। जीत के बाद सात्विक का नृत्य दोहरे मजा जैसा था! दोनों को बधाई!"

पुरुष हॉकी टीम को बधाई देते हुए श्री ठाकुर ने ट्वीट किया, "राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुष और महिला हॉकी टीमों का पदक जीतना एक ऐसे देश तौर पर हमारे लिए अविस्मरणीय है, जिसके पास हॉकी की इतनी समृद्ध विरासत है! बधाई, आपके प्रयासों पर हमें गर्व है!"

 

पीवी सिंधु की उपलब्धियां जानने के लिए क्लिक करें

लक्ष्य सेन की उपलब्धियां जानने के लिए क्लिक करें

सात्विक साईराज रंकीरेड्डी की उपलब्धियां जानने के लिए क्लिक करें

चिराग शेट्टी की उपलब्धियां जानने के लिए क्लिक करें

अचंता शरत कमल की उपलब्धियां जानने के लिए क्लिक करें

जी साथियान की उपलब्धियां जानने के लिए क्लिक करें

*****

एमजी/एएम/एसके



(Release ID: 1850316) Visitor Counter : 1457


Read this release in: English , Urdu , Marathi