संस्‍कृति मंत्रालय

प्रधानमंत्री ने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मजबूत करने का आग्रह किया


22 जुलाई का हमारे इतिहास में विशेष महत्व है, क्योंकि 1947 में आज ही के दिन हमारे राष्ट्रीय ध्वज को अंगीकार किया गया था: प्रधानमंत्री

आइए हम देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में 13 से 17 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराएं:श्री जी.के. रेड्डी

देश के सभी डाकघरों में 1 अगस्त 2022 से राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री शुरू हो जाएगी

Posted On: 22 JUL 2022 7:51PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को मजबूत करने का आग्रह किया है। श्री मोदी ने स्वतंत्र भारत के लिए ध्वज का सपना देखने वालों के अदम्य साहस और प्रयासों को भी याद किया। उन्होंने हमारे तिरंगे से जुड़ी समिति और पंडित नेहरू द्वारा फहराए गए पहले तिरंगे के विवरण सहित इतिहास से कुछ दिलचस्प बातें भी साझा की हैं। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई का हमारे इतिहास में विशेष महत्व है, क्योंकि 1947 में आज ही के दिन हमारे राष्ट्रीय ध्वज को अंगीकार किया गया था।

ट्वीट्स की एक श्रृंखला में, प्रधानमंत्री ने कहा;

"इस साल, जब हम आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, आइए हम हर घर तिरंगा अभियान को मजबूत करें। 13 से 15 अगस्त के बीच तिरंगा फहराएं या अपने घरों में इन्हें प्रदर्शित करें। यह अभियान राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारे जुड़ाव को और मजबूती देगा।"

प्रधानमंत्री के अन्य ट्वीट्स के लिए यहां क्लिक करें;

केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और पूर्वोत्तर विकास मंत्री श्री जी के रेड्डी ने एक ट्वीट में कहा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, आइए हम 13 से 17 अगस्त तक हर घर में उनके लिए तिरंगा फहराएं, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की आजादी के 75वें वर्ष में लोगों को तिरंगा घर लाने और इसे फहराने के लिए प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आज "हर घर तिरंगा" अभियान शुरू किया। इस अभियान के पीछे का विचार लोगों के मन में देशभक्ति की भावना जगाना और जनभागीदारी की भावना के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मनाना है।

राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और मंत्रालय पूरे उत्साह के साथ इस अभियान में बड़े पैमाने पर भाग ले रहे हैं। आजादी का अमृत महोत्सव की सफलता के मार्ग में हर घर तिरंगा को एक शानदार उपलब्धि के रूप में स्थापित करने के लिए विभिन्न स्थानों से गैर सरकारी संगठन और स्वयं सहायता समूह पहले से ही योगदान दे रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा और मध्य प्रदेश में मंडला जैसे स्थान; हर घर तिरंगा अभियान में लोगों की भागीदारी या जनभागीदारी को प्रदर्शित करने का अनुकरणीय उदाहरण पेश कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य 13 से 15 अगस्त 2022 तक देश भर में झंडे फहराना है।

पूरे देश में देशभक्ति और एकता को दर्शाने के लिए स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विभिन्न स्थानों पर सभी क्षेत्रों के लोगों को शामिल करते हुए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

भारत सरकार ने पूरे भारत में ध्वजों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। देश के सभी डाकघरों में 1 अगस्त 2022 से राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री शुरू हो जाएगी। इसके अलावा, राज्य सरकारों ने झंडे की आपूर्ति और बिक्री के लिए विभिन्न हितधारकों के साथ अनुबंध किये हैं। भारतीय राष्ट्रीय ध्वज को जेम पोर्टल पर भी पंजीकृत किया गया है।

भारत सरकार ने ध्वज की आपूर्ति की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न ई-कॉमर्स वेबसाइटों और स्वयं सहायता समूहों के साथ भी अनुबंध किये हैं।

ध्वजारोहण के अलावा इस अभियान में भाग लेने के वर्चुअल तरीके भी हैं। संस्कृति मंत्रालय ने एक वेबसाइट https://harghartirang.com/ लॉन्च किया है, जहां कोई भी व्यक्ति 'ध्वज पिन कर सकता है' और अपनी देशभक्ति को प्रदर्शित करने के लिए 'ध्वज के साथ सेल्फी' भी पोस्ट कर सकता है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 12 मार्च 2021 को भारत की आजादी के 75 गौरवशाली वर्ष को मनाने के क्रम में आजादी का अमृत महोत्सव पहल की शुरुआत की थी।

अपनी शुरुआत के बाद से, इस पहल ने पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति की भव्यता को सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया है। 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और 150+ देशों में 50,000 से अधिक कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक आयोजन के साथ, आजादी का अमृत महोत्सव पहल विस्तार और भागीदारी के मामले में अब तक के सबसे बड़े कार्यक्रमों में से एक के रूप में उभरा है।

********

एमजी/एएम/जेके



(Release ID: 1844494) Visitor Counter : 726


Read this release in: English , Urdu , Marathi