युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मुंबई में फिट इंडिया क्विज के राज्य-स्तरीय विजेताओं को सम्मानित किया


'खेलो इंडिया और फिट इंडिया भारत में सबसे सफल अभियानों में से हैं'

'9 करोड़ से अधिक लोग फिट इंडिया अभियान का हिस्सा हैं'

मुंबई के पी. जी. गरोडिया स्कूल के तनय गौतम सेठ और आकाश विश्वनाथ महाराष्ट्र से विजेता हैं

Posted On: 21 JUL 2022 8:34PM by PIB Delhi

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज मुंबई में युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित एक समारोह में फिट इंडिया क्विज के राज्यस्तरीय विजेताओं को सम्मानित किया।

देशभर के 72 छात्रों और 36 स्कूलों को 99 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। फरवरी और मार्च 2022 के दौरान हुए स्टेट राउंड में 360 स्कूलों ने प्रतिस्पर्धा की थी। विजेताओं को संबोधित करते हुए श्री ठाकुर ने कहा: 'फिट इंडिया अभियान ने कई पहलों और फिटनेस अभियानों जैसे फिट इंडिया स्कूल वीक, फिट इंडिया फ्रीडम रन, फिड इंडिया साइक्लोथॉन और कई अन्य के साथ रफ्तार पकड़ी है। 9.03 करोड़ लोग इस व्यापक अभियान का हिस्सा हैं।'

 

श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, 'फिट इंडिया प्रतियोगिता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा देगी, खेल और फिटनेस के बारे में जागरूकता बढ़ाएगी और एक स्वस्थ एवं फिट भारत बनाने की दिशा में आगे ले जाएगी।'

फिट इंडिया मोबाइल ऐप पर भी इसका प्रसार करने का अनुरोध करते हुए मंत्री ने छात्रों से कहा, 'आप में से प्रत्येक अब खेल और फिटनेस का एक दूत है।'

श्री अनुराग ठाकुर ने इस बात का जिक्र किया कि प्रधानमंत्री ने भारत को फिट और स्वस्थ राष्ट्र बनाने के दृष्टिकोण के साथ 'फिट इंडिया अभियान' शुरू किया था। उन्होंने कहा, 'खेलो इंडिया और फिट इंडिया भारत में सबसे सफल अभियानों में से एक रहे हैं।'

श्री ठाकुर ने छात्रों से कहा कि वे न केवल अपने करियर के बारे में सोचें बल्कि उस क्षेत्र के बारे में भी सोचें जिसमें वे राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहेंगे। देश में चल रहे आजादी का अमृत महोत्सव के बारे में बात करते हुए, उन्होंने छात्रों को याद दिलाया कि हमें न केवल अपने अधिकारों के बारे में सोचने की जरूरत है, बल्कि संविधान में निर्धारित अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना होगा।

फिट इंडिया क्विज के बारे में

भारत के समृद्ध खेल इतिहास के बारे में छात्रों में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता शुरू की गई। फिट इंडिया क्विज के प्रारंभिक दौर में 36,299 छात्रों ने भागीदारी की, जिसमें राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की मेजबानी में एक प्लेटफॉर्म पर 13,500 स्कूलों ने ऑनलाइन प्रतिस्पर्धा की। इनमें से 360 चयनित स्कूलों ने स्टेट राउंड में हिस्सा लिया। क्वार्टर-फाइनल और सेमी-फाइनल राउंड की श्रृंखला के बाद, नेशनल फाइनल में भाग लेने के लिए 36 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के फाइनलिस्टों की पहचान की गई।

 

महाराष्ट्र से पी. जी. गरोडिया स्कूल (आईसीएसई), मुंबई के तनय गौतम सेठ और आकाश विश्वनाथ ने फिट इंडिया क्विज का राज्य स्तरीय चैंपियन पुरस्कार जीता।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पीजी गरोडिया आईसीएसई स्कूल, मुंबई के छात्र तनय गौतम सेठ और आकाश विश्वनाथ और एचओडी, खेल विभाग विनोद पाटिल को सम्मानित किया

 

स्टेट राउंड की 36 टीमों (प्रत्येक टीम में दो छात्र) और उनके स्कूल प्रतिनिधियों को पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया है। स्कूल को 2,50,000 रुपये से सम्मानित किया गया और दो छात्रों में प्रत्येक को 12,500 रुपये का इनाम दिया गया।

नेशनल राउंड

फिट इंडिया प्रतियोगिता का नेशनल राउंड अब शुरू हो रहा है, जिसका प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर किया जाएगा।

फिट इंडिया क्विज के नेशनल राउंड के लिए पुरस्कार राशि चैंपियन स्कूल के लिए 25 लाख रुपये, विद्यार्थियों के लिए 2.5 लाख रुपये (प्रत्येक को 1.25 लाख रुपये) है। प्रथम उपविजेता को 15 लाख रुपये (स्कूल) और 1.5 लाख रुपये (प्रत्येक विद्यार्थी के लिए 75,000 रुपये) और दूसरे उपविजेता को 10 लाख रुपये (स्कूल) और 1 लाख रुपये (प्रत्येक विद्यार्थी के लिए 50,000 रुपये) प्रदान किए जाएंगे।

विजेताओं की पूरी सूची यहां देखी जा सकती है-

एसजी/एएम/एएस/वाईबी



(Release ID: 1844304) Visitor Counter : 135


Read this release in: Marathi , English , Urdu