रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा मंत्रालय ने 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया


गार्जियन रिंग ऑफ योग प्रधानमंत्री की सोच के तहत अभ्यास किया गया

प्रविष्टि तिथि: 21 JUN 2022 2:16PM by PIB Delhi

रक्षा मंत्रालय ने 21 जून, 2022 को 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कर्नाटक के मैसूर में प्रधानमंत्री के योग कार्यक्रम के साथ नई दिल्ली स्थित रक्षा लेखा विभाग के मुख्यालय में समकालिक सामूहिक योग प्रदर्शन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री श्री अजय भट्ट, रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार, रक्षा लेखा महानियंत्रक श्री रजनीश कुमार, भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग के सचिव श्री बी आनंद और रक्षा मंत्रालय व रक्षा लेखा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

अपने संबोधन में श्री भट्ट ने योग को सार्वजनिक विमर्श में सबसे आगे लाने को लेकर प्रधानमंत्री की सोच की सराहना की। उन्होंने योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने के लिए सभी लोगों को प्रोत्साहित किया। रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारियों ने आयुष मंत्रालय के सामान्य योग प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योग अभ्यास किया। इस साल आईडीवाई की विषयवस्तु "मानवता के लिए योग" है।

आजादी का अमृत महोत्सव को 8वें आईडीवाई समारोह के साथ एकीकृत करते हुए प्रधानमंत्री के योग प्रदर्शन के साथ 75 केंद्रीय मंत्रियों के नेतृत्व में पूरे देश में 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर सामूहिक योग प्रदर्शन आयोजित किए गए। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, कॉरपोरेट और अन्य नागरिक समाज संगठनों ने भी योग कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिसमें पूरे देश से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

नए कार्यक्रम ‘गार्जियन योग रिंग’ के तहत मैसूर में प्रधानमंत्री का योग कार्यक्रम और इससे संबंधित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के समारोह का आयोजन किया गया। यह 79 देशों और संयुक्त राष्ट्र संगठनों के साथ-साथ विदेशों में भारतीय मिशनों के बीच एक सहयोगी अभ्यास है, जो योग की एकीकृत शक्ति को दिखाता है, जो राष्ट्रीय सीमाओं से आगे जाता है।

***

एमजी/एएम/एचकेपी/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 1835956) आगंतुक पटल : 249
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Punjabi