राष्ट्रपति सचिवालय

भारत के राष्ट्रपति ने मध्य प्रदेश सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन किया

Posted On: 28 MAY 2022 7:01PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (28 मई, 2022) मध्य प्रदेश के भोपाल में राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन किया।

इनमें भोपाल स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज के तहत क्षेत्रीय श्वसन रोग संस्थान व हड्डी रोग उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना और देवास, सीहोर, शाजापुर, जबलपुर, इंदौर, मुरैना, उज्जैन और भोपाल आदि के जिला अस्पतालों व सिविल अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोगों को सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का हर सरकार का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने इस पर अपना विश्वास व्यक्त किया कि आज शुरू की गई परियोजनाओं के पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि जीवित प्राणियों की सेवा करना मनुष्य का सर्वोच्च कर्तव्य है। बड़ी संख्या में डॉक्टर भी लोगों के लिए सेवा की भावना से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाशाली डॉक्टरों ने देश के जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर सेवा और त्याग का संकल्प लिया। इसके लिए उन्होंने पद्मश्री डॉ. लीला जोशी का उदाहरण दिया, जो रतलाम जिले के आदिवासी, ग्रामीण और शहरी मलिन बस्तियों में एनीमिया के कारण मृत्यु दर को कम करने के लिए दो दशकों से अधिक समय से काम कर रही हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि समाज के हर एक व्यक्ति को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने को लेकर सरकारों के प्रयासों की सफलता के लिए ऐसे समर्पित डॉक्टरों की जरूरत है।

राष्ट्रपति का अभिभाषण को हिंदी में पढ़ने के लिए कृपया यहां क्लिक करें

*****

एमजी/एमए/एचकेपी/वाईबी



(Release ID: 1829177) Visitor Counter : 132


Read this release in: English , Urdu , Punjabi