रक्षा मंत्रालय

सेना प्रमुख ने कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

Posted On: 21 MAY 2022 9:05PM by PIB Delhi

थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे दो दिवसीय कश्मीर दौरे पर हैं। सेना प्रमुख का पदभार संभालने के बाद कश्मीर के अपने पहले दौरे पर जनरल मनोज पांडे 21 मई 2022 को श्रीनगर पहुंचे।

आने के बाद सेना प्रमुख ने सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी एवं चिनार कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एडीएस औजला के साथ उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा की स्थितियों का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया। सेना प्रमुख को सुरक्षा की स्थिति और अभियानगत तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। फॉर्मेशन कमांडरों ने सेना प्रमुख को नियंत्रण रेखा पर मौजूदा युद्धविराम समझौते, क्षेत्र में सैन्य किलेबंदी के बारे में प्रगति, घुसपैठ रोधी ग्रिड, अभियानगत तैयारियों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना-नागरिक संपर्क पर भी जानकारी दी। सेना प्रमुख ने फॉर्मेशन कमांडरों के साथ बातचीत में सतर्क रहने और नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा की पुख़्ता स्थिति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। सैनिकों के साथ बातचीत के दौरान, सेना प्रमुख ने उनके उच्च मनोबल और पेशेवर क्षमता के लिए उनकी सराहना की।

चिनार कोर मुख्यालय में सेना प्रमुख के आगमन पर जीओसी चिनार कोर लेफ्टिनेंट जनरल एडीएस औजला द्वारा नियंत्रण रेखा और भीतरी इलाकों में मौजूद समग्र सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी गई । सेना प्रमुख ने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह कश्मीर में विकास, शांति और समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत है और उन्होंने चिनार कोर्स की उनके उच्च स्तरीय मनोबल एवं जम्मू-कश्मीर में शांति निर्माण में योगदान के लिए सराहना की।

सेना प्रमुख ने नागरिक प्रशासन के सभी वर्गों, जम्मू और कश्मीर पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा 'संपूर्ण सरकार' दृष्टिकोण की प्रस्तुति में बनाए गए उत्कृष्ट तालमेल की सराहना की जिससे केंद्र शासित प्रदेश में विकास के एक नये युग के लिए सुरक्षा स्थिति में ज़रूरी सुधार हुआ है।

 

*********

एमजी/एएम/एबी



(Release ID: 1827543) Visitor Counter : 101


Read this release in: English , Urdu