विद्युत मंत्रालय

भारत और मालदीव अक्षय ऊर्जा हस्तांतरण के लिए ट्रांसमिशन इंटरकनेक्शन स्थापित करेंगे


केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने मालदीव की पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और प्रौद्योगिकी मंत्री से मुलाकात की

Posted On: 26 APR 2022 6:34PM by PIB Delhi

केंद्रीय विद्युत तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री आर के सिंह ने आज मालदीव गणराज्य की पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और प्रौद्योगिकी मंत्री सुश्री अमीनाथ शौना से मुलाकात की।

 

श्री सिंह ने वर्ष 2030 तक शत प्रतिशत शून्य उत्सर्जन लक्ष्य हासिल करने के मालदीव सरकार के संकल्प की सराहना की। इस बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने दो समझौता ज्ञापनों का प्रस्ताव रखा। पहला- ऊर्जा सहयोग पर और दूसरा समझौता ज्ञापन वन सन, वन वर्ल्ड, वन ग्रिड (सओडब्ल्यूओजी) के तहत ट्रांसमिशन इंटरकनेक्शन पर किया गया। मालदीव के विद्युत प्रेषण कार्यक्रम को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से भारत तथा मालदीव ने वन सन, वन वर्ल्ड और वन ग्रिड पहल के हिस्से के रूप में अक्षय ऊर्जा हस्तांतरण के लिए ट्रांसमिशन इंटरकनेक्शन स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है।

ट्रांसमिशन इंटरकनेक्शन पर समझौता ज्ञापन के लिए एक मसौदा करार नामा तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत भारत की एक तकनीकी टीम मालदीव की तकनीकी व्यवहार्यता का आकलन करने हेतु वहां का दौरा करेगी। इसके बाद भारत मालदीव की एजेंसियों के साथ संयुक्त रूप से एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी, जिसमें माले में अंडरसी केबल रूट सर्वे और नेटवर्क संवर्द्धन शामिल है।

 

******

एमजी/एएम/एनके/डीवी



(Release ID: 1820279) Visitor Counter : 428


Read this release in: English , Urdu