सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पनवेल, मुंबई में 4,135.91 करोड़ रुपये की पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और उद्घाटन किया


केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने पनवेल में यातायात के बोझ को कम करने के लिए नए चिरनेर-उरण-जेएनपीटी-चौक राष्ट्रीय राजमार्ग की घोषणा की

Posted On: 04 APR 2022 10:17PM by PIB Delhi

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने रविवार, 3 अप्रैल, 2022 को पनवेल, मुंबई में आयोजित एक समारोह में 4,135.91 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। विकास कार्य में 3,500 करोड़ रुपये की जेएनपीटी पोर्ट सड़क संपर्क परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करना और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर कार्य की शुरुआत का समारोह, कलंबोली जंक्शन सुधार परियोजना और प्रस्तावित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पूर्वी प्रवेश द्वार का कार्य शामिल है।

देश में कंटेनर-संचालन के सबसे बड़े बंदरगाह जेएनपीटी से संपर्क बढ़ाने के लिए सड़क परियोजना का काम पूरा हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने नवी मुंबई हवाई अड्डे से जुड़ने वाले जलमार्गों की आवश्यकता दोहराई।  उन्होंने कहा कि पोत परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने बेलापुर और नेरुल में घाटों को मंजूरी दी थी। अब राज्य सरकार को जलमार्गों को प्रोत्साहित करने के लिए इसे और आगे बढ़ाने की जरूरत है। यदि जलमार्ग चालू हो जाता है, तो मुंबई के किसी भी हिस्से से 13 से 21 मिनट के भीतर नवी मुंबई हवाई अड्डे तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य को वाटर टैक्सियों के बारे में सोचना चाहिए।

माननीय मंत्री ने पनवेल में यातायात का बोझ कम करने के लिए एक नए राष्ट्रीय राजमार्ग की घोषणा की। नया हाईवे चिरनेर से शुरू होकर उरण-जेएनपीटी-चौक होते हुए आगे बढ़ेगा और गोवा-मुंबई हाईवे, मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे और मुंबई-पुणे के पुराने हाईवे से जुड़ेगा। इससे पनवेल में यातायात कम करने में मदद मिलेगी। प्रस्तावित राजमार्ग में चार सुरंग हैं। नए राजमार्ग की लंबाई 32 किलोमीटर है और इसे 'भारतमाला' योजना के तहत पूरा करने का प्रस्ताव है। माननीय मंत्री ने साथ ही कहा कि जेएनपीटी और प्रस्तावित नवी मुंबई हवाई अड्डा राज्य के विकास इंजन हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/IMG-20220404-WA0001EAQC.jpg

कलंबोली जंक्शन के सुधार कार्य से सड़कों पर भीड़ कम करने और प्रदूषण को घटाने में मदद मिलेगी। दिल्ली-मुंबई हाईवे की वजह से इस सड़क पर 1 लाख 85 हजार वाहनों का आवागमन बढ़ जाएगा। कलंबोली जंक्शन एक अत्याधुनिक जंक्शन होगा, जिसमें 1,200 करोड़ रूपये की लागत की चार स्तरों की सड़कें होगी।

श्री गडकरी ने मुंबई और नवी मुंबई पर बोझ कम करने के लिए 10 लाख की क्षमता वाला स्मार्ट सिटी विकसित करने का भी सुझाव दिया। श्री गडकरी ने कहा कि अब समय योजनाबद्ध विकास का है, इससे राज्य का समग्र विकास भी होगा।

पिछले सात वर्षों मेंरायगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 10,000 करोड़ रुपये की लागत से 18 राजमार्ग परियोजनाओं को स्वीकृत दी गई हैं, जिनमें से पांच पूरे हो चुके हैं और 13 प्रगति पर हैं। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि इसके अलावा, 1792.75 करोड़ रुपये लागत के 4 कार्यों को हाल ही में स्वीकृति दी गई। कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश को देखते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि कोंकण में सभी सड़कों को सीमेंट और कंक्रीट से बनाया जाएगा।

 

 

 

****

एमजी/एएम/एसएस

 

Follow us on social media: @PIBMumbai   Image result for facebook icon /PIBMumbai    /pibmumbai  pibmumbai[at]gmail[dot]com

 



(Release ID: 1813968) Visitor Counter : 172


Read this release in: English , Urdu , Marathi