प्रविष्टि तिथि:
01 APR 2022 7:26PM by PIB Delhi
वाइस एडमिरल अजय कोचर, एवीएसएम, एनएम ने एयर मार्शल संजीव कपूर, एवीएसएम, वीएम से पहलीअप्रैल 2022 को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के कमांडेंट का प्रभार ग्रहण किया।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र के रूप में, वाइस एडमिरल अजय कोचर को पहली जुलाई 1988 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्रदान किया गया था। वह डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन, नेवल वॉर कॉलेज, मुंबई और यूनाइटेड किंगडम में रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज से स्नातक हैं।
फ्लैग ऑफिसर ने अपने 34 साल के करियर में अनेक महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण कमांड और स्टाफ प्रभार संभाले हैं। वह भारतीय नौसेना की सोर्ड आर्म पश्चिमी फ्लीट के फ्लीट कमांडर रहे हैं, जहां उन्होंने महत्वपूर्ण अभियानगत मिशनों, विदेशी द्विपक्षीय अभ्यासों और प्रमुख मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) टास्किंग के लिए फ्लीट का नेतृत्व किया।उन्होंने भारत के एकमात्र विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य की कमान संभाली है और उनके कार्यकाल के दौरान पूर्व तथा पश्चिम दोनों तटों पर तैनाती के लिए विक्रमादित्य को बड़े पैमाने पर तैनात किया गया था। उनको कलिनिनग्राद, रूस में नौसेना के लिए एक अग्रिम फ्रिगेट को कमीशन करने का गौरव प्राप्त है।उनके अन्य कमांड अपॉइंटमेंट्स में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान आईएनएस कृपाण, एक मिसाइल कार्वेट और मिसाइल पोत, पर तैनाती शामिल है।
फ्लैग ऑफिसर के स्टाफ अपॉइंटमेंट्स में जॉइंट डायरेक्टर नेवल प्लान्स और रक्षा मंत्रालय (नौसेना) के एकीकृत मुख्यालय में स्टाफ रिक्वायरमेंट्स में निदेशक पद शामिल हैं, जिसमें उन्होंने भारतीय नौसेना के लिए भविष्य के समुद्री परिप्रेक्ष्य और क्षमताओं में वृद्धि की योजना तैयार की। उन्होंने भारतीय नौसेना के लिए कैरियर प्रोजेक्ट्स के असिस्टेंट कंट्रोलर और वॉरशिप प्रोडक्शन एंड एक्विज़िशन के असिस्टेंट कंट्रोलर के रूप में प्रमुख जहाज निर्माण परियोजनाओं का भी संचालन किया है।
उनके शीर्ष पद पर आने से ऑपरेशन्स, प्रशिक्षण और मानव संसाधन प्रबंधन के सभी क्षेत्रों में उनके विशाल अनुभव का राष्ट्रीय रक्षा अकादमी अत्यधिक लाभ प्राप्त करेगी।


******
एमजी/एएम/एबी/वाईबी