सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
कर्नाटक में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-275 के 10 लेन वाले बेंगलुरू- निदाघट्टा- मैसूर खंड के 117 किलोमीटर लंबे हिस्से का का काम अक्टूबर, 2022 तक पूरा होगा
प्रविष्टि तिथि:
28 MAR 2022 2:31PM by PIB Delhi
कर्नाटक में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-275 का बेंगलुरू- निदाघट्टा- मैसूर खंड 10-लेन का एक 117 किलोमीटर लंबा हिस्सा है। इस हिस्से का निर्माण 8,350 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस हिस्से का निर्माण कार्य पूरा होने के नजदीक है और अक्टूबर, 2022 तक यह पूरा हो जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

मंत्री ने कहा कि यह सड़क बेंगलुरु से मैसूर तक की यात्रा के समय को 3 घंटे से घटाकर केवल 75 मिनट कर देगी। यह दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच संपर्क को बढ़ाएगा और इस क्षेत्र में पर्यटन व अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करेगा।
श्री गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के डायनेमिक नेतृत्व में बड़ी जिम्मेदारी के साथ ऐसी कई बुनियादी ढांचे से संबंधित परियोजनाओं की घोषणा की गई है। मंत्री ने आगे कहा कि इन परियोजनाओं को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर हमारी अटूट प्रतिबद्धता है।

इस अत्याधुनिक परियोजना में 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर, 9 प्रमुख पुल, 42 छोटे पुल, 64 अंडरपास, 11 ओवरपास, 4 आरओबी और 5 बाईपास जैसी कई संरचनाएं हैं। इनसे ट्रैफिक जाम से राहत मिलने के साथ-साथ प्रदूषण भी काफी हद तक कम होगा।
***
एमजी/एएम/एचकेपी/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 1810511)
आगंतुक पटल : 290