संस्‍कृति मंत्रालय

पीआईबी भुवनेश्वर ने राज्य संस्कृति विभाग के साथ नेताजी की आजाद हिंद सरकार पर एक संयुक्त प्रेस सम्मेलन आयोजित किया

Posted On: 25 OCT 2021 8:07PM by PIB Delhi

भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) भुवनेश्वर ने भाषा, साहित्य और संस्कृति विभाग, ओडिशा सरकार के सहयोग से नेताजी की आजाद हिंद सरकार की स्थापना की वर्षगांठ पर आज कटक में नेताजी जन्म स्थान संग्रहालय में एक संयुक्त प्रेस सम्मेलन का आयोजन किया।

मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए, ओडिशा क्षेत्र के एडीजी, श्री राजिंदर चौधरी ने कहा कि देश हमारे ज्ञात तथा गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और योगदान को याद करने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। श्री चौधरी ने कहा कि भारत की आजादी में नेताजी का योगदान बहुत बड़ा है। उनकी आजाद हिंद फौज जो 21 अक्टूबर 1943 को बनी थी, ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जबरदस्त काम किया था।  

श्री चौधरी ने विशेष रूप से आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के माध्यम से सकारात्मक समाचार के प्रसार में मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने असाधारण बलिदान दिए हैं, जिनके कारण भारत स्वतंत्र हुआ। उनको उचित सम्मान देने की आवश्यकता है और आजादी का अमृत महोत्सव इसी उद्देश्य के साथ मनाया जा रहा है। इसमें मीडिया की एक प्रमुख भूमिका है। मीडिया उनके योगदान की खबर का प्रचार कर सकता है और उन्हें उनका उचित सम्मान दिलाने में मदद कर सकता है।

ओडिशा सरकार में भाषा, साहित्य और संस्कृति विभाग के आयुक्त-सह-सचिव, डॉ. सुरेश चंद्र दलाई ने कहा कि इस स्मारक स्थान पर इस कार्यक्रम का आयोजन करना वास्तव में हमारे लिए बहुत गर्व का क्षण है जहां नेताजी ने जन्म लिया था। उन्होंने कहा कि नेताजी प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे। उन्होंने आजाद हिंद फौज का गठन किया, जिसने हमारी आजादी में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

डॉ. दलाई ने कहा कि नेताजी ने हमेशा महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जिसके लिए उन्होंने अपनी ‘इंडियन नेशनल आर्मी’ में एक विशेष महिला विंग का गठन किया था। झांसी की रानी रेजीमेंट आजाद हिंद फौज की महिला विंग थी। इसमें कई उड़िया लड़कियां भी थीं। नेताजी ने हमेशा समानता की वकालत की थी। यही समय है कि हमें उनके सम्मान में कुछ करना चाहिए। आजादी का अमृत महोत्सव हमें ऐसा करने का मौका देता है।

संयुक्त सम्मेलन में पीआईबी भुवनेश्वर के उप निदेशक डॉ. गिरीश चंद्र दास, मीडिया और संचार अधिकारी श्री प्रदीप चौधरी, संस्कृति विभाग के उप सचिव श्री संजय मिश्रा सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

एमजी/एएम/केसीवी/वाईबी



(Release ID: 1766762) Visitor Counter : 251


Read this release in: English , Urdu