पर्यटन मंत्रालय
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री श्री प्रह्लाद सिंह पटेल और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में पर्यटन संबंधित परियोजनाओं के विकास के लिए एक बैठक आयोजित की
Posted On:
29 JUN 2021 5:04PM by PIB Delhi
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रह्लाद सिंह पटेल और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने आज नई दिल्ली में हरियाणा में पर्यटन संबंधित नई परियोजनाओं के विकास तथा राज्य में जारी परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए एक बैठक आयोजित की। भारत सरकार के पर्यटन सचिव श्री अरविंद सिंह, पर्यटन तथा संस्कृति के केंद्रीय मंत्रालयों के संयुक्त सचिवों तथा केंद्रीय एवं राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक के दौरान उपस्थित थे।

बैठक के दौरान, राज्य सरकार ने प्रस्तावित कृष्णा सर्किट परियोजना - II के बारे विस्तृत जानकारी दी। इस परियोजना के तहत कृष्णा सर्किट परियोजना – II स्वदेश दर्शन स्कीम के तहत कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत और मेवात में श्रीमद भागवत गीता और महाभारत से संबंधित महत्वपूर्ण पर्यटन/तीर्थ स्थलों में पर्यटन अवसंरचना के विकास की योजना बनाई गई है। इसके अतिरिक्त, दोनों पक्षों ने अन्य बातों के अलावा, रेवाड़ी के हैरिटेज सर्किट, कुरुक्षेत्र के निकट ज्योतिसर में वर्चुअल म्युजियम, पिंजौर गार्डन, मोरनी हिल्स, साईंस सिटी के विकास पर भी चर्चा की। श्री प्रह्लाद सिंह पटेल द्वारा नाडा साहिब गुरुद्वारा तथा माता मनसा देवी में जारी प्रसाद परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई और राज्य सरकार से इसके समापन कार्य में तेजी लाने की अपील की गई।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि कृष्णा सर्किट परियोजना - I की पूर्णता के बाद हरियाणा राज्य सरकार अब कृष्णा सर्किट परियोजना - II पर काम कर रही है और केंद्र सरकार स्वदेश दर्शन सहित संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालयों की वर्तमान योजनाओें के तहत सहायता प्रदान करेगी। श्री पटेल ने ज्योतिसर में गीता एवं महाभारत पर आधारित एक प्रभावी वर्चुअल म्युजियम की स्थापना के लिए राज्य सरकार के प्रस्ताव की सराहना की। आज की बैठक में इस पर एक प्रस्तुति दी गई।

श्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने राखीगढ़ी परियोजना पर विशेष जोर दिया जिसे देश में पांच ऐतिहासिक पुरातात्विक स्थलों में से एक के रूप में विकसित किया जा रहा है और कहा कि इसके विकसित हो जाने के बाद, इसमें पर्यटकों को आकर्षित करने की विपुल संभावना है।
बाद में, मीडिया से बातचीत करते हुए, श्री मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा में पर्यटन एवं संस्कृति से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र से उत्साहजनक प्रतिक्रिया पर प्रसन्नता जताई। श्री खट्टर ने कहा कि हमने ज्योतिसर के लिए एक योजना तैयार की है जो हरियाणा के कुरुक्षेत्र के निकट एक प्रमुख तीर्थस्थल है जहां भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का प्रवचन दिया था। श्री खट्टर ने कहा कि गीता एवं महाभारत के सारतत्व की बेहतर समझ को बढ़ावा देने के लिए हमारी योजना वहां एक अनुभवजन्य संग्रहालय का निर्माण करने की है।
******
एमजी/एएम/एसकेजे/डीवी
(Release ID: 1731514)
Visitor Counter : 204