पर्यटन मंत्रालय
श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित वेबिनार "योग: द वे ऑफ लाइफ" को श्री श्री रविशंकर के साथ संयुक्त रूप से संबोधित किया
प्रविष्टि तिथि:
21 JUN 2021 8:24PM by PIB Delhi
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2021 के उपलक्ष्य में सप्ताह भर आयोजित होने वाले उत्सव की निरंतरता में, पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटन और संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रह्लाद सिंह पटेल और गुरुदेवश्री श्री रविशंकर की उपस्थिति में एक वेबिनार "योग: द वे ऑफ लाइफ" का आयोजन किया। वेबिनार के दौरान, पर्यटन मंत्री ने गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का स्वागत किया और जानकारी दी कि किस प्रकार से योग ने महामारी के दौरान सहायता की है और यह विश्व भर में लोगों को स्वस्थ बनाए रखने में अपना योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है, योग की सदियों पुरानी तकनीकों का उद्देश्य उपचार, संपूर्ण विकास और आत्म-साक्षात्कार है। श्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कियोग स्वस्थ शरीर, मन और आत्मा के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण है।


गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने आज के परिदृश्य में योग और प्राणायाम एवं इसके महत्व के विषय में जानकारी दी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि योग व्यक्ति के साथ-साथ समुदाय के लिए भी आनंद की कुंजी है। योग न केवल स्वास्थ्य और आनंद जैसे लाभ प्रदान करता है बल्कि आत्मा का उत्थान करते हुए व्यक्ति की सहज क्षमता में वृद्धि करता है जो शासन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जानकारी दी कि किस प्रकार से योग और ध्यान ने लोगों में अवसाद को मिटाने और तनाव रहित स्थितियों का प्रबंधन करने में सहायता की है।
चर्चा के दौरान(पर्यटन)सचिव श्री अरविन्द सिंह ने महामारी के बाद विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने अथवा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को बढ़ावा देने के विषय में गुरुदेव जी के विचारों का समर्थन करते हुए इन्हें अपनाने पर जोर दिया। गुरुदेव जी ने भारत की विरासत और संस्कृति, विशिष्ट उत्पादों को बढ़ावा, पूर्वोत्तर क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने और भारत की प्राचीन विरासत के साथ-साथ आधुनिक भारत को प्रदर्शित करने का आग्रह किया। पर्यटन मंत्रालय की अपर महानिदेशक सुश्री रूपिंदर बरारने गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2021के अवसर पर आयोजित वेबिनार में भाग लेने और अपना अमूल्य मार्गदर्शन देने के लिए धन्यवाद दिया।

इससे पूर्व प्रातःकाल में, श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ऐतिहासिक लाल किले में योग प्रदर्शन का नेतृत्व किया जिसमें अन्य पर्यटन और संस्कृति मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ-साथ पर्यटन सचिव श्री अरविंद सिंह और पर्यटन अपर महानिदेशक, सुश्री रूपिंदर बरार भी शामिल हुईं। पर्यटन मंत्रालय ने 'योग, एक भारतीय विरासत' अभियान के अंतर्गत संपूर्ण भारत में विरासत स्थलों पर योग प्रदर्शनों के आयोजन के लिए संस्कृति मंत्रालय की पहल का भी समर्थन किया।

पर्यटन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालयों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2021 का समारोह मनाते हुए कई सप्ताह तक संचालित होने वाली गतिविधियों का आयोजन किया जिसमें भारत और विदेशों में योग विशेषज्ञों के द्वारा लाइव योग प्रदर्शन, प्रतिभागियों की सीमित संख्या के साथ योग कार्यक्रम, ड्राइंग, पोस्टर डिजाइनिंग, योग मुद्रा, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताएँ आदि शामिल थे।
***
एमजी/एएम/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 1729318)
आगंतुक पटल : 300