पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय

दक्षिण-पूर्वी मॉनसून बंगाल की खाड़ी के शेष उत्तर-पश्चिमी हिस्सों, ओडिसा के कुछ और भागों में, पश्चिम बंगाल के अधिकांश स्थानों के साथ-साथ झारखंड तथा बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा

Posted On: 12 JUN 2021 3:53PM by PIB Delhi

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार:

 

जारी किए जाने का दिन 12 जून, 2021 एवं समय 1400 आईएसटी

 

समग्र भारत का मौसम सारांश एवं पूर्वानुमान बुलेटिन

 

  • दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बंगाल की खाड़ी के शेष उत्तर-पश्चिमी हिस्सों, ओडिशा के कुछ और भागों, पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों और झारखंड तथा बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मॉनसून की उत्तरी सीमा (एनएलएम) 20.5° उत्तरी अक्षांश / 60° पूर्वी देशांतर, दीव, सूरत, नंदुरबार, रायसेन, दमोह, उमरिया, पेंड्रारोड, बोलांगीर, भुवनेश्वर, बारीपदा, पुरुलिया, धनबाद, दरभंगा और 27° उत्तरी अक्षांश /85.0° पूर्वी देशांतर, तक आ गई है। आगामी 24 घंटों में मॉनसून के मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के बाकी सभी भागों में तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
  • निम्न दबाव का क्षेत्र इस समय बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी भागों और इससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा के पास पहुंच गया है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र क्षोभमंडल (ट्रोपोस्फीयर) के मध्य तक सक्रिय है। निम्न दबाव का क्षेत्र जल्द ही और अधिक शक्तिशाली बन जाएगा और अगले 2-3 दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए ओडिशा, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ को प्रभावित करने की संभावना है।
  • क्षोभमंडल के निचले स्तरों पर एक ट्रफ़ रेखा पश्चिम में दक्षिणी पंजाब से लेकर पूरब में बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों और इससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा के तटों के पास बने निम्न दबाव के क्षेत्र तक सक्रिय है। यह ट्रफ अगले 3-4 दिनों तक प्रभावी रहेगी। इसके अलावा देश के पश्चिमी घाट पर निचले स्तरों पर तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएँ चल रही हैं और पश्चिमी तट पर एक तटीय ट्रफ़ रेखा बनी हुई है। यह स्थितियां अगले 4-5 दिनों तक रहने की संभावना है।
  • देश के विभिन्न हिस्सों पर बने उपर्युक्त मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से अगले 3-4 दिनों के दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना में अधिकांश स्थानों वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले 4-5 दिनों के दौरान कई जगहों पर वर्षा होगी। इन भागों में कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा के आसार हैं। अगले 5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र और गोवा तथा कर्नाटक के तटीय जिलों में भारी से अति भारी वर्षा के साथ मूसलाधार वर्षा हो सकती है। कोंकण और गोवा में 12 से 15 जून के बीच जबकि मध्य महाराष्ट्र में 14 और 15 जून को भीषण बारिश होने की आशंका है। केरल में 12 से 15 जून के बीच एक-दो स्थानों पर तेज़ बारिश का अनुमान है।
  • इन सभी राज्यों में बारिश की गतिविधियों के बीच ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिम भारत के हिमालयी राज्यों में अगले 4-5 दिनों के दौरान लगातार बादलों की तेज़ गर्जना होने और बिजली गिरने की घटनाएँ हो सकती हैं। इन भागों में तेज हवाएं भी चलेंगी। इन प्राकृतिक मौसमी घटनाओं से बाहर काम करने वालों और मवेशियों की जान के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

 

(और अधिक जानकारी तथा ग्राफिक्स के लिए कृपया यहां क्लिक करें यहाँ क्लिक करें)

 

स्थान आधारित विशिष्ट मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी के लिए मौसम ऐप, कृषि-मौसम सलाह के लिए मेघदूत ऐप, और बिजली गिरने संबंधी चेतावनी जानने के लिए दामिनी ऐप डाउनलोड करें। जिलेवार मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी के लिए राज्यों के मौसम कार्यालय/क्षेत्रीय मौसम कार्यालय की वेबसाइट पर लोग ऑन करें।

***

एमजी/एएम/डीटी/सीएस



(Release ID: 1726658) Visitor Counter : 165


Read this release in: English , Urdu , Tamil