रक्षा मंत्रालय

कर्टन रेजर एयरो इंडिया 2021


एयरो इंडिया 2021 : आत्मनिर्भर भारत की ओर एक बड़ा कदम

प्रविष्टि तिथि: 02 FEB 2021 7:52PM by PIB Delhi

विमानन उद्योग की ताकत का प्रदर्शन करने वाले तीन दिवसीय मेगा कार्यक्रम एयरो इंडिया 2021 बेंगलूरु में कल से शुरू होगा।एशिया के इस प्रमुख एयर शो के लिए कर्टन रेजर प्रेस कॉन्फ्रेंस 2 फरवरी को रक्षा मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। एयरो इंडिया- 2021 का उद्घाटन माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह द्वारा किया जाएगा और येलहंका एयरफोर्स स्टेशन में उड़ान प्रदर्शन के साथ इसका शुभारंभ होगा। इस अवसर पर श्री राजनाथ सिंह का स्वागत कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा करेंगे।

माननीय प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत के आह्वान से प्रेरित इस उड़ान प्रदर्शनी में भारत की अत्याधुनिक तकनीक और एयरोस्पेस क्षेत्र में क्षमताओं को प्रदर्शित करने वाले फॉर्मेशन शामिल होंगे। कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण पैदा हुई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच इस वर्ष एयरो इंडिया 2021 का आयोजन किया जा रहा है। श्री राजनाथ सिंह ने इस प्रकार की चुनौतियों के बावजूद इस द्विवार्षिक कार्यक्रम के आयोजन की सराहना की। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण की सराहना की और कहा कि रक्षा मंत्रालय रक्षा उपकरणों के घरेलू स्तर पर विनिर्माण सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रहा है। ऐसा न केवल हमारे सशस्त्र बलों की मांगों को पूरा करने के लिए बल्कि मित्र देशों को भारत को रक्षा उपकरणों एवं प्लेटफार्मों के एक शुद्ध निर्यातक देश के तौर पर भारत को स्थापित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कर्नाटक में वहां के लोगों की उद्यमशीलता की भावना के जरिये निवेशकों के लिए अनुकूल परिवेश एवं माहौल तैयार करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसी जज्बे के कारण एचएएल को 48,000 करोड़ रुपये का एक बड़ा अनुबंध दिया गया है।

श्री राजनाथ सिंह ने एयरो इंडिया 2021 की खास विशेषताओं के बारे में भी बताया। तकनीकी आधार एवं विमानन क्षेत्र से जुड़े उद्योग जगत के नेताओं की मौजूदगी बेंगलूरु और एयरो इंडिया 2021 के बीच संबंध को मजबूतकरेगी। उन्होंने कहा कि बेंगलूरु में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम भारतीय और वैश्विक कारोबारियों, शिक्षाविदों, दूरदर्शी लोगों, केंद्र एवं राज्य प्रशासन के बीच सहयोग और साझेदारी का अवसर प्रदान करेगा। यह विभिन्न देशों के रक्षा मंत्रियों, सेवा प्रमुखों, नीति निर्माताओं, विदेशी ओईएम, उद्योग, उद्यमियों और शिक्षाविदों को साथ लाने, जोड़ने और सहयोग करने के साथ-साथ भारत की नई रक्षा विनिर्माण क्रांति को आगे बढ़ाने वाले नीतिगत सुधारों को उजागर करेगा। उन्होंने आगे कहा कि एयरो इंडिया भारत के रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में गौरव को नए सिरे से बढ़ाएगा और रक्षा सहयोग को अगले स्तर पर ले जाएगा।

कोविड-19 वैश्विक महामारी के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों को मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रतिबंध लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एयरो इंडिया 2021 का आयोजन करते समय मास्क का उपयोग, सामाजिक दूरी बनाए रखना, आरटी पीसीआर जांच आदि के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्य सरकार द्वारा जारी कोविड-19 से संबंधित सभी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन प्रतिबंधों के कारण इस साल एयरो इंडिया पूरी तरह से व्यवसायिक कार्यक्रम होगा और इसे आम लोगों के लिए नहीं खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर एयरो शो तक आम लोगों की सीमित पहुंच होगी। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आम लोगों की भागीदारी को सुविधाजनक बनाने के लिए एक समर्पित वर्चुअल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि एयरो इंडिया 2021 दुनिया की पहली हाइब्रिड एयरो एवं रक्षा प्रदर्शनी है जिसमें समवर्ती प्रदर्शनी, सेमिनार, बिजनेस टु बिजनेस कार्यक्रम, उत्पादों के प्रदर्शन आदि को एकीकृत किया जाएगा।

श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 से ही सरकार स्वदेशी रक्षा विनिर्माण को आगे बढ़ाने के लिए नीतिगत सुधार कर रही है जिसे वैश्विक व्यापार समुदाय से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने आगे कहा कि दुनिया अब भारत को एक विश्वसनीय रक्षा निवेश गंतव्य के रूप में पहचानने लगी है। उन्होंने कहा कि भारत की आईटी राजधानी बेंगलूरु में इस कार्यक्रम का आयोजन एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में न केवल कर्नाटक की स्थिति को मजबूत करेगा बल्कि रक्षा एवं आर्थिक सहभागिता के लिए राज्य को प्रवेश द्वार के रूप में भी स्थापित करेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि एयरो इंडिया स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने पर केंद्रित आत्मनिर्भर भारत के लिए प्रधानमंत्री के आह्वान को गति प्रदान करेगा।

श्री राजनाथ सिंह ने एयरो इंडिया 2021 की विशेषताओं को भी उजागर किया जिसमें इंडिया पवेलियन- रोटरी विंग्स थीम पर आधारित- का उद्घाटन, हिंद महासागर क्षेत्र के रक्षा मंत्रियों का सम्मेलन, विभिन्न देशों के वायु सेना प्रमुखों का सम्मेलन, भारत - रूस सैन्य औद्योगिक सम्मेलन, स्टार्टअप मैराथन आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 5 फरवरी को बंधन कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक एमओयू साझेदारी समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आईओआर रक्षा मंत्रियों का सम्मेलन इस क्षेत्र की प्रासंगिकता को सुदृढ करेगा और व्यापार, सुरक्षा एवं नेविगेशन की आजादी के लिहाज से हितधारकों के लिए इसके निरंतर महत्व को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से इस क्षेत्र में साझा मूल्यों और हितों के लिहाज से अवसर मिलेगा। वायु सेना के प्रमुखों का सम्मेलन दुनिया भर के वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों को साझा खतरों और चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग और समझ को बेहतर करने के लिए एक प्लेटफॉर्म तैयार करता है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि 540 से अधिक प्रदर्शक अपने रक्षा विनिर्माण कौशल का प्रदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम भारत के लिए वैश्विक रक्षा उद्योग के साथ जुड़ाव के लिए मार्ग बनाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में दोहरी चुनौतियों- कोविड-19 संबंधी चुनौतियां और भारत की उत्तरी सीमा पर सुरक्षा चुनौतियों के कारण एयरो इंडिया को आयोजित करने का निर्णय लेना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि भारत की उचित प्रतिक्रिया और सीमा पर सैनिकों की बहादुरी ने उत्तरी सीमा पर स्थिति की संभाले में मदद की और इसके साथ ही देश ने अपनी संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा करने का संकल्प दिखाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार, राज्य सरकार एवं अन्य हितधारकों के संकल्प ने इस कार्यक्रम के आयोजन को संभव बनाया। उन्होंने एयरो इंडिया 2021 को एक प्रेरणादायक कार्यक्रम के तौर पर सराहा और कहा कि यह वर्ष नए भारत की नई पहल का गवाह बनेगा जहां वास्तव में बदलाव शुरू हो चुका है।

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन के अंत में उन सभी हितधारकों की प्रशंसा की जिन्होंने मौजूदा समय में इस आयोजन को सफल बनाने के प्रयास किए हैं। उन्होंने रक्षा उत्पादन विभाग, सशस्त्र बलों और आयोजन समिति के अधिकारियों के प्रति उनके अथक प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने कहा कि यह कर्नाटक के लोगों और विशेष रूप से बेंगलूरु के लोगों के लिए गौरव का क्षण है कि यह शहर एक और वर्ष एयरो इंडिया की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए भी गौरव का क्षण है क्योंकि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट 'तेजस' के लिए व्यापारिक सौदा हासिल किया है। कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण पैदा हुई चुनौतियों के बीच मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम के आयोजन में केंद्र और राज्य प्रशासन एवं अन्य हितधारकों के प्रयासों की सराहना की।

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री आर माधवन ने लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट 'तेजस' के विनिर्माण के प्रयास के बारे में भी बताया। संयुक्त सचिव (कार्मिक और समन्वय) श्री अनुराग बाजपेयी ने एयरो इंडिया 2021 के कार्यक्रम एवं व्यवस्थाओं पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। अतिरिक्त सचिव (रक्षा उत्पादन विभाग) श्री संजय जाजू ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

यह एयरो इंडिया का 25वां वर्ष और इस आयोजन का 13वां संस्करण है। माननीय राष्ट्रपति ने 5 फरवरी को एयरो इंडिया 2021 के समापन समारोह में भाग लेने के आग्रह को स्वीकार किया है। उद्योग संगठनों ने भी एयरो इंडिया 2021 के लिए कर्टन रेजर कार्यक्रम में श्री राजनाथ सिंह को सम्मानित किया। इस अवसर पर कर्नाटक के माननीय उप मुख्यमंत्री डॉ. अश्वतनारायण सीएन, कर्नाटक के माननीय उद्योग मंत्री श्री जगदीश शेट्टार, रक्षा उत्पाद विभाग में सचिव श्री राज कुमार, डीआरडीओ में सचिव डॉ. जी. सतीश रेड्डी, कर्नाटक के मुख्य सचिव कपिल मोहन और रक्षा मंत्रालय, कर्नाटक सरकार, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कई उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

***

एमजी/एएम/एसकेसी/डीवी
 


(रिलीज़ आईडी: 1696151) आगंतुक पटल : 192
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Manipuri