पर्यटन मंत्रालय

केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल 15 और 16 अक्टूबर, 2020 को राज्यों के पर्यटन मंत्रियों की दो दिवसीय वर्चुअल बैठक आयोजित करेंगे

Posted On: 14 OCT 2020 10:00PM by PIB Delhi

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री प्रहलाद सिंह पटेल 15 और 16 अक्टूबर, 2020 को नई दिल्ली में राज्यों के पर्यटन मंत्रियों के साथ एक वर्चुअल बैठक आयोजित करेंगे। बैठक के एजेंडे में शामिल हैं :

  1. घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों के बीच यात्रा में आसानी
  2. राज्य/संघ राज्य क्षेत्रों द्वारा पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को प्रोत्साहन देना
  3. सुरक्षा मानदंडों के पालन हेतु आतिथ्य उद्योग के लिए मूल्यांकन, जागरूकता और प्रशिक्षण प्रणाली (एसएएटीएचआई-(साथी)  पर काम करना
  4. आतिथ्य इकाइयों के मजबूत डेटाबेस बनाने के लिए, पर्यटन मंत्रालय की योजना - आतिथ्य उद्योग के राष्ट्रीय एकीकृत डेटाबेस (एनआईडीएचआई- (निधि) योजना पर काम करने सहित पर्यटन के पुनरुद्धार के लिए आगामी कार्य के बारे में सुझाव प्राप्‍त करना, आदि

श्री प्रह्लाद सिंह पटेल के नेतृत्व में पर्यटन मंत्रालय हितधारकों के साथ पर्यटन क्षेत्र का समर्थन करने के लिए अथक प्रयास कर रहा है। मंत्रालय की ओर से विशेष रूप से घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देकर पर्यटन अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए पर्यटन और आतिथ्य उद्योग के हितधारकों के प्रतिनिधियों के साथ इसके समाधान और आगे बढ़ने के लिए निरंतर बातचीत की जा रही है। मंत्रालय ने पर्यटन उद्योग की कठिनाइयों पर चर्चा करने के लिए इसके विभिन्न हिस्‍सों के साथ पिछले छह महीनों में विचार-मंथन बैठकों का आयोजन किया है।

मई 2020 में, श्री पटेल ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पर्यटन सचिवों के साथ कोविड-19 द्वारा पेश की गई चुनौतियों और संकट से निपटने के लिए आवश्यक कार्यों और राज्यों और मंत्रालय के बीच तालमेल कायम करने पर चर्चा की और इस पर काम करने के बारे में सहमति व्यक्त की:

  1. हितधारकों के साथ बातचीत करना ताकि एक अवधारणा सुनिश्चित हो सके कि केंद्र और राज्य स्तर पर सरकार पर्यटन उद्योग की जरूरतों के प्रति संवदेनशील है।
  2. मंत्रालय और राज्य पर्यटन विभाग हितधारकों को संकट से उबारने में मदद करने के लिए कुछ सुविधाएं प्रदान करने पर काम करेंगे।
  3. घरेलू पर्यटन को अधिक बढ़ावा देना, क्‍योंकि सर्वप्रथम इस क्षेत्र को बढ़ावा देने की जरूरत है।
  4. जैसा कि महानगर सबसे अधिक प्रभावित हैं, ऐसे में पूर्वोत्‍तर राज्य और हिमालयी राज्य जो कम से कम प्रभावित हुए हैं, वे घरेलू पर्यटन के संदर्भ में अधिक अवसर प्रदान करेंगे, जो कि यात्रा के लिए जनता के बीच विश्वास बढ़ाने में मदद करेंगे।
  5. मंत्रालय और राज्य सरकारों द्वारा लघु अवधि अंतर-राज्‍यीय यात्रा कार्यक्रम और इसके प्रचार को विकसित करना।
  6. पर्यटन क्षेत्र में एक संगठित कार्यबल के रूप में वर्तमान में असंगठित कार्यबल के बड़े हिस्से को लाने के लिए एक ढांचा विकसित करने हेतु एक तंत्र पर काम करना।

 कोविड-19 महामारी के दौरान पर्यटन मंत्रालय की पहल -

साथी (एसएएटीएचआई)

कोविड-19 महामारी से उत्पन्न होने वाले जोखिमों के बीच पर्यटन के सुरक्षित संचालन कार्यों को जारी रखने और जोखिमों को कम करने के लिए आतिथ्य उद्योग की सहायता के लिए, पर्यटन मंत्रालय ने (आतिथ्य उद्योग के लिए मूल्यांकन, जागरूकता और प्रशिक्षण के लिए प्रणाली) (एसएएटीएचआई) यानी साथी नामक एक पहल के माध्यम से भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्‍यूसीआई) के साथ भागीदारी की है। यह पहल प्रधानमंत्री के ''आत्‍मनिर्भर भारत''  के आह्वान के साथ जुड़ी हुई है। यह विचार न केवल सरकार द्वारा कोविड के नियमनों पर उद्योग को संवेदनशील बनाने के लिए है, बल्कि कर्मचारियों और मेहमानों के बीच विश्वास पैदा करने के लिए भी है कि आतिथ्य इकाई ने कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए इरादा प्रदर्शित किया है।

साथी मानदंडों को कोविड-19 दिशानिर्देशों के आधार पर विकसित किया गया है, जैसा कि भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय  द्वारा जारी किया गया है। ये मानक इस तथ्य को फिर से स्‍थापित करते हैं कि एक आतिथ्य इकाई को इस महामारी के खिलाफ उनकी लड़ाई में एक समग्र दृष्टिकोण को शामिल करने की आवश्यकता है और इसलिए इसके पारिस्थितिकी तंत्र में 10 प्रमुख तत्व एकीकृत हैं, जो निम्नलिखित हैं:

 

  1. प्रबंधन प्रतिबद्धता

 6. परिवहन प्रबंधन

  1. सफाई और स्वच्छता

       

7. विक्रेता प्रबंधन

  1.  होटल संचालन में सुरक्षा सलाह

8. वेंटिलेशन

  1. संचार, प्रशिक्षण और जागरूकता

 

9. अपशिष्ट प्रबंधन

  1. निवारक उपाय

 

10. विवेकशील प्रथाओं का नियंत्रण

 

 यह पहल तीन चरणों में है:

 

  1. स्व-प्रमाणन: यह दिशा-निर्देश/मुख्‍य घटक की एक विस्तृत समझ प्रदान करता है। साथी ढांचे के माध्यम से होटल/यूनिट पहल करता है और जहां भी संभव हो आवश्यकताओं का पूरी तरह से पालन करने के लिए सहमत होता है। एक स्व-प्रमाणन जारी किया जाता है।
  2. वेबिनार: इस चरण में साथी  के प्रमुख घटकों पर होटलों की क्षमता कायम की जाती है। स्व-प्रमाणित होटल/इकाइयां वेबिनार में भाग लेते हैं और लाइव इंटरैक्शन में भाग लेकर अपने संदेहों को दूर करते हैं।
  3. साइट-मूल्यांकन (वैकल्पिक): इस चरण में एसओपी/दिशानिर्देशों के ऑन-ग्राउंड कार्यान्वयन और अंतराल की पहचान की जाती है। यदि होटल/यूनिट की इच्छा है, तो वे क्‍यूसीआई से मान्यता प्राप्त एजेंसियों के माध्यम से साथी  फ्रेमवर्क के आधार पर साइट-मूल्यांकन का कार्य कर सकते हैं और सुधार के अवसरों के साथ एक आकलन रिपोर्ट को आकलन यूनिट के साथ साझा किया जाता है।

साथी का उद्देश्य अधिकतम आतिथ्‍य इकाइयों तक पहुंच कायम करना है। आतिथ्य इकाई में साथी  को अपनाने से न केवल सभी हितधारकों (कर्मचारियों और मेहमानों सहित) में विश्वास पैदा होता है, बल्कि एक जिम्मेदार संगठन के रूप में भी अपनी छवि को बढ़ाता है, जिसने मेहमानों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों की सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति इरादा और प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।

राष्ट्रीय आतिथ्य उद्योग एकीकृत डाटाबेस (निधि) योजना:

वैश्विक कोविड-19 महामारी ने देश में आवास इकाइयों के एक व्यापक राष्ट्रीय डेटाबेस के निर्माण की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डाला, क्योंकि डेटा की उपलब्धता नीतियों और रणनीतियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण है, जैसे कि पर्यटन को बढ़ावा देना और विकास करना, स्थानों पर जानकारी पाने के इच्छुक पर्यटकों की सहायता करना, आवास के लिए, विभिन्न गंतव्यों की वहन क्षमता का आकलन करना, कुशल मानव संसाधनों के लिए आवश्यकताओं का आकलन करना और आपदा प्रबंधन योजनाओं को तैयार करना।

राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से पर्यटन मंत्रालय के पोर्टल नेशनल इंटीग्रेटेड डेटाबेस ऑफ़ हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री (निधि) में देश में आवास इकाइयों को पंजीकृत करने का प्रयास कर रहा है। 13.10.2020 तक 25786 आवास इकाइयों को पोर्टल पर पंजीकृत किया गया है, जो 08.06.2020 को सक्रिय हुआ था।

******

 

एमजी/एएम/एसकेएस/एसके-   



(Release ID: 1664748) Visitor Counter : 214


Read this release in: English , Urdu