विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
107वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ 3 जनवरी को
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश के सबसे बड़े वैज्ञानिक आयोजन का उद्घाटन करेंगे
इस दौरान ग्रामीण विकास पर फोकस रहेगा
पहली बार ‘किसान विज्ञान कांग्रेस’ का आयोजन किया जाएगा
Posted On:
02 JAN 2020 4:41PM by PIB Delhi
भारत में विश्व भर के देशों की वैज्ञानिक हस्तियों के सबसे बड़े आयोजन ‘107वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस’ का शुभारंभ 3 जनवरी, 2020 को कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (यूएएसबी), जीकेवीके कैम्पस, बेंगलुरू, कर्नाटक में होगा। 7 जनवरी, 2020 तक चलने वाले इस आयोजन की थीम ‘विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी : ग्रामीण विकास’ है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 3 जनवरी, 2020 को यूएएसबी, जीकेवीके कैम्पस में भारतीय विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन करेंगे। यह उन वैज्ञानिकों, अनुसंधानकर्ताओं और शिक्षाविदों के लिए एक प्रमुख फोकस केन्द्र है, जो विज्ञान संबंधी खोजों एवं तकनीकों के विभिन्न पहलुओं में काफी रुचि रखते हैं। इस पांच दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य विज्ञान संबंधी अभिनव कदमों एवं अनुसंधान पर गहन विचार-विमर्श करने के लिए विश्व भर की विज्ञान बिरादरी को एकजुट करना है।
इस आयोजन में शिरकत करने वाले नोबेल पुरस्कार विजेताओं में जर्मनी के भौतिक विज्ञानी प्रो. स्टीफन हेल भी शामिल हैं, जो जर्मनी के गॉटिनजेन स्थित मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर बायोफिजिकल केमिस्ट्री के कई निदेशकों में से एक हैं। उन्हें वर्ष 2014 में रसायन शास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया था। इजरायल की एक प्रोटीन क्रिस्टलोग्राफर प्रो. अदा ई. योनाथ भी इसमें शिरकत करेंगी, जिन्हें वर्ष 2009 में रसायन शास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया था।
इसके अलावा देश-विदेश के अनेक वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा कई सरकारी अधिकारीगण भी इसमें भाग लेंगे और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न वैज्ञानिक मुद्दों पर अपने-अपने विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
इस दौरान 28 पूर्ण सत्र विभिन्न विषयों पर आयोजित किए जाएंगे जिनमें खाद्य सुरक्षा के लिए जलवायु-स्मार्ट कृषि, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा के लिए फसलों में सुधार, ग्रामीण विकास के लिए पदार्थ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, केंसर की दवा की खोज के मार्ग में मौजूद चुनौतियां एवं अवसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं चिकित्सा प्रौद्योगिकी प्रमुख हैं। इस दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक और अधिकारीगण इन क्षेत्रों में अनुसंधान की ताजा स्थिति, चुनौतियों, अवसरों और आगे शोध की गुंजाइश पर विचार-विमर्श करेंगे।
किसान विज्ञान कांग्रेस
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के जरिये ग्रामीण विकास पर फोकस करते हुए भारतीय विज्ञान कांग्रेस के इतिहास में पहली बार एक ‘किसान विज्ञान कांग्रेस’ आयोजित की जाएगी। इस दौरान एकीकृत कृषि के लिए किसानों की ओर से नवाचार एवं किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए उद्यमिता, जलवायु परिवर्तन, जैव-विविधता, संरक्षण, पारिस्थितिकी से जुड़ी सेवाएं एवं किसानों के सशक्तिकरण से लेकर कृषि क्षेत्र में गहराये संकट, ग्रामीण जैव-उद्यमिता एवं नीतिगत मुद्दों पर भी गहन चर्चाएं की जाएंगी।
इस आयोजन में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) एवं कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (यूएएस) के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के साथ-साथ ऐसे किसान भी भाग लेंगे, जिनके अभिनव उपायों ने इस क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
राष्ट्रीय किशोर वैज्ञानिक सम्मेलन
107वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस के एक भाग के रूप में 4-5 जनवरी, 2020 को यूएएसबी, जीकेवीके में दो दिवसीय ‘राष्ट्रीय किशोर वैज्ञानिक सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों को चयनित परियोजनाओं से अवगत होने और विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा। यही नहीं, बच्चों को जाने-माने वैज्ञानिकों और नोबेल पुरस्कार विजेताओं के विचारों को सुनने एवं उनसे संवाद करने का भी अवसर मिलेगा।
महिला विज्ञान कांग्रेस
महिला विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को अपनी-अपनी उपलब्धियों को दर्शाने तथा अपने अनुभवों को बांटने के लिए एकल प्लेटफॉर्म मुहैया कराना है। इस दौरान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं के लिए एक विजन दस्तावेज या खाका (रोडमैप) भी तैयार किया जाएगा। इसी तरह विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं की क्षमता का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी भूमिका बढ़ाने के लिए आवश्यक नीतियों की सिफारिश की जाएगी।
मेगा विज्ञान प्रदर्शनी – प्राइड ऑफ इंडिया आईएससी एक्सपो
प्राइड ऑफ इंडिया (पीआईओ) आईएससी एक्सपो सरकार, निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों के लिए एक अनूठा प्लेटफॉर्म है, जहां वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी-अपनी उपलब्धियों को दर्शा सकेंगे। इस एक्सपो में वैज्ञानिक विश्व के समूचे क्षेत्र को कवर करने वाले सैंकड़ों अभिनव आइडिया एवं उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस पांच दिवसीय प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में आगंतुक आएंगे, जिनका वास्ता कॉरपोरेट सेक्टर, वैज्ञानिक बिरादरी, आरएंडडी संस्थानों, रक्षा क्षेत्र, सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों इत्यादि से होगा।
***
आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/आरआरएस/वाईबी/जीआरएस -5108
(Release ID: 1598400)
Visitor Counter : 673