पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय

इको-क्लब कार्यक्रम के लिए राज्य नोडल एजेंसियों की पहली वार्षिक बैठक का आयोजन

Posted On: 23 DEC 2019 5:36PM by PIB Delhi

पर्यवरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के राष्ट्रीय हरित वाहिनी ‘इको-क्लब’ कार्यक्रम को लागू करने वाली राज्य नोडल एजेंसियों की पहली वार्षिक बैठक का 20 से 21 दिसंबर, 2019 तक केवड़िया गुजरात में आयोजन किया गया। यह बैठक पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के शिक्षा प्रभाग द्वारा जीईईआर प्रतिष्ठान के सहयोग से आयोजित की गई।

इस कार्यक्रम को लागू करने वाले 22 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी तथा गुजरात के 200 इको-क्लब छात्रों ने इस बैठक में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यों / केन्द्र शासित प्रदेशों के इको-क्लब छात्रों द्वारा तैयार की गई परियोजनाओं, संसाधन सामग्री, हस्तशिल्प वस्तुओं की एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। इस आयोजन में पर्यटकों और आगन्तुकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

IMG-20191221-WA0031.jpg

पर्यावरण शिक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण (ईईएटी) पर्यावरण मंत्रालय की स्थापित केन्द्रीय क्षेत्र योजना है, जो 1983-84 से चल रही है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण में छात्रों की भागीदारी को गति प्रदान करना है। योजना के तहत राष्ट्रीय हरित वाहिनियां (एनजीसी) इको-क्लब कार्यक्रम की स्थापना 2001-02 में की गई। इसका उद्देश्य स्कूली छात्रों को उनके आसपास के पर्यावरण के बारे में अनुभव के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराना, उनके साथ बातचीत करना और उनकी समस्याओं के बारे में पता लगाना था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति उचित रवैया विकसित करना तथा उन्हें पर्यावरण और उसके विकास से संबंधित मुद्दों के बारे में संवेदनशील बनाना है।

इस बैठक में एनजीसी इको-क्लब कार्यक्रम लागू करने में राज्य/केन्द्रशासित प्रदेशों की सरकारों द्वारा किए गए योगदान को मान्यता दी गई। एजेंसियों को प्रशंसा प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ इको-क्लब पुरस्कार छत्तीसगढ़, केरल और तेलंगाना के इको-क्लब के छात्रों को प्रदान किए गए। इन राज्यों ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। गुजरात, सिक्किम और कर्नाटक के इको-क्लबों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। इको-क्लब छात्रों के लिए पर्यावरण शिक्षा प्रभाग द्वारा विकसित प्रकाशन ‘ग्लिम्प्स ऑफ इको-क्लब’, अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण समझौतों और कार्यक्रमों पर एक हैंडबुक तथा पर्यावरणीय महत्व के मुख्य दिवसों पर एक हैंडबुक का विमोचन भी किया गया।

IMG-20191221-WA0036.jpg   IMG_20191220_123657.jpg

यह योजना छात्रों के युवा कैडर का निर्माण कर रही है और पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी गति प्रदान कर रही है। यह परिकल्पना की गई है कि आगामी वर्ष 2020-21 में इको-क्लबों की संख्या जो वर्तमान में 1.5 लाख है बढ़कर 2 लाख हो जाएगी।   

 

****

आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/आईपीएस/डीए – 5092

 



(Release ID: 1598282) Visitor Counter : 761


Read this release in: English , Urdu