राष्ट्रपति सचिवालय
भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने राष्ट्रपति से मुलाकात की
प्रविष्टि तिथि:
29 OCT 2019 6:30PM by PIB Delhi
भारतीय पुलिस सेवा के 2018 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों के एक समूह ने आज ( 29 अक्टूबर 2019) को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। इस अवसर पर श्री कोविंद ने कहा कि कानून के नियम आदर्श राज्य का आधार होते हैं और कानून के प्रवर्तक के रूप में, भारतीय पुलिस सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शासन का पूरा परिदृश्य कानून के नियम से विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली में इसका विशेष महत्व है, जो यह सुनिश्चित करता है कि सभी नागरिक वास्तव में समान हों।
राष्ट्रपति ने कहा कि आईपीएस अधिकारियों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, और ऐसे में यह स्वाभाविक है कि लोग वर्दी वाली इस सेवा को रूतबे और रौब के साथ जोड़कर देखते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस अधिकारी सभी के मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए कानून के दुरुपयोग को रोकने तथा आम आदमी में सुरक्षा की भावना पैदा करने का काम करेंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र भी आतंकवाद और उग्रवाद के उभरते खतरों से उत्पन्न आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों का सामना करने के लिए इन अधिकारियों से ईमानदार प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट कार्य क्षमता की अपेक्षा करता है।
आरआरके/एएम/एमएस-3861
(रिलीज़ आईडी: 1589541)
आगंतुक पटल : 205