जल शक्ति मंत्रालय

जल शक्ति अभियान जन आंदोलन बना, आज अभियान के दूसरे दौरे की समीक्षा की गई


राष्ट्रव्यापी जल शक्ति अभियान में 3.7 करोड़ से अधिक लोग जुड़े

जुलाई 2019 से 5 लाख से अधिक स्थानीय जल संरक्षण इंफ्रास्ट्रक्चर बनाए गए

Posted On: 26 AUG 2019 8:37PM by PIB Delhi

कैबिनेट सचिव श्री प्रदीप कुमार सिन्हा ने जल शक्ति अभियान के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों खासकर भारत के अत्यधिक कम जल वाले 256 जिलों में 1100 केंद्रीय अधिकारियों के दूसरे दौरों की समीक्षा की। उन्होंने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जल शक्ति अभियान को जन आंदोलन में बदलने के लिए अधिकारियों की कोशिशों और संकल्प की सराहना की।

पेयजल और स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) के सचिव श्री परमेश्वरन अय्यर ने 1100 से अधिक केंद्रीय अधिकारियों का स्वागत करते हुए समीक्षा की शुरुआत की और जल शक्ति अभियान के दौरान क्षेत्र के दौरों से मिली जल संरक्षण से जुड़ी कहानियों को प्रेरणा के रूप में पेश किया। इसके बाद दोपहर में इजराइल के राजदूत रॉन मल्का के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जल प्रबंधन, जल इस्तेमाल कौशल, जल संरक्षण पर जागरूकता का निर्माण और जल शुद्धिकरण की नवीन विधियों पर प्रस्तुति दी।

जल शक्ति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने एक प्रेरक संबोधन के साथ समीक्षा बैठक का समापन किया। उन्होंने अधिकारियों को पारंपरिक जल संरक्षण जानकारी जुटाने और लोगों की मदद से इसे और बेहतर करने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक जल प्रौद्योगिकी को अपनाने की सलाह दी और इस मामले में इजराइल जैसे देशों से सीखने को कहा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कैसे भारत को बदलने और इसे जल सुरक्षित देश बनाने में हर व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

जल शक्ति अभियान जल सुरक्षा को बढ़ाने की एक राष्ट्रव्यापी कोशिश है। पिछले दो महीनों में जल शक्ति अभियान के तहत 256 जिलों में 5 लाख से अधिक जल संरक्षण इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया गया। एक अनुमान के अनुसार जल शक्ति अभियान से 3.7 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं और इसके तहत लगभग 12.3 करोड़ पौधे भी लगाए गए। इस समीक्षा बैठक में कैबिनेट सचिव पी.के.सिन्हा और नामित कैबिनेट सचिव श्री राजीव गौबा के अलावा अन्य केन्द्रीय सचिवों और 1100 से अधिक सरकारी अधिकारियों एवं सहायक सचिवों ने भाग लिया।

 

*****

आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/एके/डीए – 2647



(Release ID: 1583107) Visitor Counter : 307


Read this release in: English , Urdu , Marathi