राष्ट्रपति सचिवालय
एयर फोर्स स्टेशन, हकीमपेट और 5 बेस रिपेयर डिपो को ध्वज प्रदान करने के अवसर पर राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द का संबोधन
प्रविष्टि तिथि:
04 MAR 2019 1:08PM by PIB Delhi
एयर फोर्स स्टेशन, हकीमपेट और 5 बेस रिपेयर डिपो को ध्वज प्रदान करने के अवसर पर मैं एयर फोर्स स्टेशन, सूलूर आकर प्रसन्न हूं।
- इन दोनों स्टेशनों का उत्कृष्ट इतिहास रहा है और इन्होंने सम्मान और विशिष्टता के साथ देश की सेवा की है। राष्ट्र इन स्टेशनों द्वारा विपरीत परिस्थितियों में समर्पण और साहस का परिचय देने के प्रति कृतज्ञ है और इनकी सराहना करता है।
- सशस्त्र बलों की ताकत और क्षमता के कारण दुनिया के देशों में भारत का सम्मान बढ़ा है। भारत शांति के लिए प्रतिबद्ध है, परन्तु यदि जरूरत हुई, तो हम लोग पूरी ताकत से राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा करेंगे। हमारे सशस्त्र बल व हमारे हवाई लड़ाके राष्ट्र की रक्षा के हमारे दृढ़ विश्वास को प्रतिबिंबित करते है। उनकी वीरता का प्रदर्शन पूरे राष्ट्र में हाल में ही देखा, जब भारतीय वायु सेना ने आतंकवादी अड्डे पर हमले किये।
- भारतीय वायु सेना उत्कृष्टता और पेशेवर दक्षता के लिए प्रतिबद्ध है। वायु सेना आधुनिक और तकनीक केन्द्रित बल के रूप में विकसित हो चुकी है। भारतीय वायु सेना निरंतर आधुनिकीकरण को अपना रही है। इसके लिए विस्तृत आधुनिकीकरण योजना तैयार की गई है। भारतीय आकाश की रक्षा करने के साथ-साथ वायु सेना मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यों में भी अग्रणी रही है।
- हमारे हवाई जहाजों को उड़ान के लायक बनाये रखना एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। 5 बेस रिपेयर डिपो ने किरण, एवरो और डोनियर जहाजों की मरम्मत की है। इनमें से कई जहाज 30 वर्षों के बाद भी उड़ान भरने लायक है। 5 बेस रिपेयर डिपो का आदर्श वाक्य है ‘कायाकल्प’। नये विचारों, नवोन्मेषों और तकनीकी विकास के माध्यम से निरंतर पुनर्जीवन।
- एयर फोर्स स्टेशन हकीमपेट का देश सेवा में विशिष्ट योगदान रहा है। स्टेशन भारतीय वायुसेना के पायलटों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करता है। 1965 और 1971 के युद्धों के दौरान उड़ान-प्रशिक्षकों और तकनीकीकर्मियों ने सामरिक गतिविधियों में भाग लिया था और साहस दिखाते हुए तथा पेशेवर रूख अपनाते हुए देश की सेवा की थी।
- एयर फोर्स स्टेशन हकीमपेट को 1995 में हेलिकॉप्टर के लिए और 2016 में फाइटर जैट के लिए महिला पॉयलटों को प्रशिक्षण देने का गौरव हासिल है। इस स्टेशन के सैन्यकर्मियों ने मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यों में भी हिस्सा लिया हैं।
- इनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के प्रति आभार और मान्यता के लिए मैं एयर फोर्स स्टेशन हकीमपेट और 5 बेस रिपेयर डिपो को ध्वज का पुरस्कार देकर प्रसन्न हूं। मैं इस अवसर पर दोनों स्टेशनों के कर्मियों और उनके परिजनों को राष्ट्र के प्रति की गई सेवाओं के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
राष्ट्र को आप पर गर्व है।
जयहिन्द।
***
आर.के.मीणा/एएम/जेके/जीआरएस
(रिलीज़ आईडी: 1569036)
आगंतुक पटल : 124