उप राष्ट्रपति सचिवालय
विकास से जुड़े मुद्दों पर जन प्रतिनिधियों को राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए : उपराष्ट्रपति
‘नेल्लोर नेक्स्ट’ के तहत कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
प्रविष्टि तिथि:
20 FEB 2019 8:07PM by PIB Delhi
उपराष्ट्रपति श्री एम.वेंकैया नायडू ने कहा है कि विकास से जुड़े मुद्दों पर जन प्रतिनिधियों को राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। श्री नायडू ‘नेल्लोर नेक्स्ट’ के तहत आज नेल्लोर शहर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इन परियोजनाओं में 30 करोड़ रुपये की लागत से नेल्लोर जलाशय और नेकलेस रोड़ का उन्नयन शामिल हैं। इसे अमृत योजना के तहत मंजूरी दी गई है।
उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर 20 कालोनी पार्कों, वेंकटेश्वर पुरम में 50 लाख लीटर प्रति दिन शोधन वाले क्षमता वाले एक जल-मल शोधन संयंत्र, एक कम्प्यूटर प्रयोगशाला और 14 स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा भवनों, मिनरल वॉटर संयंत्र, दो सामुदायिक भवनों, दो बाजार स्थलों और छह बस स्टैंडों का भी उद्घाटन किया। उन्होंने चार भूमिगत पुलों के सौन्दर्यीकरण और शहर में तीन प्रवेश द्वारों की आधारशिला भी रखीं। श्री नायडू ने नेल्लोर शहर के विकास के लिए किये गये प्रयासों के लिए नगर निकाय प्रशासन और राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक जीवन में राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट प्रयास करना चाहिए।
नेकलेस रोड़ के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर हैदराबाद के टैंक बंद की तरह ही प्रसिद्ध व्यक्तियों की प्रतिमाएं लगाई जानी चाहिए। स्वच्छता और साफ-सफाई पर बल देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि वे चाहते है कि नेल्लोर शहर के लोग अपने शहर को साफ व सुन्दर रखने के लिए सजग बने और इस काम में स्थानीय प्रशासन की मदद करें, ताकि नेल्लोर को एक आकर्षक पर्यटन केन्द्र बनाया जा सके।
श्री नायडू ने कहा कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि नेल्लोर शहर के विकास के लिए उनके सुझाव फलदायी रहे है। उन्होंने इस बात का आश्वासन दिया कि आगे भी वह शहर की विकास परियोजनाओं के लिए हरसंभव मदद देते रहेंगे।
‘नेल्लोर नेक्स्ट’ नेल्लोर शहर के विकास के लिए तैयार किया गया एक व्यापक कार्यक्रम है। इसकी रूपरेखा उस समय तैयार की गई, जब श्री नायडू केन्द्र में शहरी विकास मंत्री थे। ‘नेल्लोर नेक्सट’ की अवधारणा को स्वर्ण भारत ट्रस्ट की प्रबंधक न्यासी सुश्री दीपा वेंकट की ओर से प्रतिपादित किया गया था।
श्री नायडू के कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के नगर पालिका प्रशासन मंत्री श्री पोंगुरू नारायण, नेल्लोर शहर के मेयर श्री अजीज़ और नेल्लोर शहर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री के.श्रीनिवास रेड्डी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
***
आर.के.मीणा/एएम/एमएस/जीआरएस-473
(रिलीज़ आईडी: 1565748)
आगंतुक पटल : 177