आयुष
azadi ka amrit mahotsav

सीसीआरएएस-सीएआरआई की ओर से 1 दिसंबर को नई दिल्ली में 'अभ्युदय दर्शन 2026' ओपन हाउस का आयोजन किया जाएगा


ओपन हाउस में आयुर्वेदिक अनुसंधान, वैज्ञानिक प्रगति और साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य देखभाल पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2026 10:24PM by PIB Delhi

आयुष मंत्रालय के तहत केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) के अधीन केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) 1 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में 'अभ्युदय दर्शन 2026-ओपन हाउस' का आयोजन करेगा।

सीएआरआई के संस्थान प्रभारी डॉ. हेमंत पाणिग्रही ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि अभ्युदय दर्शन 2026 एक राष्ट्रव्यापी पहल है। इसे सीसीआरएएस की सभी 30 इकाइयों में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य परिषद की शोध उपलब्धियों, वैज्ञानिक प्रगति और साक्ष्य-आधारित आयुर्वेद में दिए गए योगदान को प्रदर्शित करना है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261128222531_4ba178.jpg

इस पहल के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. पाणिग्रही ने कहा कि अभ्युदय दर्शन का उद्देश्य आयुर्वेद के पारंपरिक ज्ञान को समकालीन वैज्ञानिक शोध से जोड़ना और इसकी प्रासंगिकता को समाज के करीब लाना है। ओपन हाउस छात्रों, युवा शोधकर्ताओं और आम जनता को सीसीआरएएस द्वारा किए जा रहे वैज्ञानिक कार्यों को समझने और समग्र स्वास्थ्य तथा कल्याण को बढ़ावा देने में आयुर्वेद की संभावनाओं को जानने का अवसर प्रदान करेगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261128222537_dc406a.jpg

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आयुर्वेद की उन्नति के लिए अतिरंजित दावों के बजाय गहन शोध, विश्वसनीय वैज्ञानिक प्रमाण और प्रभारी संचार की आवश्यकता है। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक रूप से सार्थक स्वास्थ्य समाधानों में बदलना है, साथ ही पारदर्शिता, जन भागीदारी और साक्ष्य-आधारित आयुर्वेद में विश्वास को बढ़ावा देना है।

सीएआरआई की ओर से नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ओपन हाउस में 'शास्त्रीय ज्ञान से वैज्ञानिक साक्ष्य तक' विषय पर आधारित सात विषयगत आकर्षण होंगेः

  1. अनुसंधान प्रदर्शनी: वैज्ञानिक उपलब्धियों, उत्पादों, प्रकाशनों और प्रमाणीकरण को दर्शाने वाली अनुसंधान प्रदर्शनी।
  2. द्रव्य दर्शन: औषधीय पौधों के बगीचों और कच्ची औषधियों का अन्वेषण तथा मिलावटी पदार्थों की पहचान।
  3. ग्रंथ दर्शनः पांडुलिपियों, शास्त्रीय आयुर्वेदिक ग्रंथों और डिजिटलीकरण पहलों का प्रदर्शन।
  4. वैज्ञानिक संवाद: वैज्ञानिकों के साथ बातचीत और सीसीआरएएस की योजनाओं तथा अवसरों के बारे में जानकारी।
  5. जिज्ञासा केंद्र: छात्रों के लिए समर्पित एक कॉर्नर, जिसमें क्विज और वैज्ञानिकों से पूछें सत्र शामिल हैं।
  6. आरोग्य संवाद: समग्र स्वास्थ्य-कल्याण के लिए दिनचर्या, ऋतुचर्या, स्वस्थ खान-पान की आदतों और प्रकृति पर जागरूकता सत्र।
  7. अनुसंधान सेतु: एक ऐसा मंच जो सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप्स और किसानों को आपस में जोड़ता है।

यह पहल छात्रों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और अन्य हितधारकों को आयुर्वेदिक अनुसंधान, औषधीय पौधों, पारंपरिक साहित्य और समकालीन वैज्ञानिक विकास के विभिन्न आयामों को समझने के लिए एक संवादात्मक मंच प्रदान करेगी।

सीएआरआई नई दिल्ली ने छात्रों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, आयुर्वेद चिकित्सकों, उद्योग प्रतिनिधियों और आम जनता को ओपन हाउस में भाग लेने और संस्थान के अनुसंधान और वैज्ञानिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

***

पीके/केसी/आरटी/आरकेजे


(रिलीज़ आईडी: 2343352) आगंतुक पटल : 46
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Assamese , English , Urdu