वित्त मंत्रालय
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए व्यापक बजट-पूर्व परामर्श संपन्न किए
बजट-पूर्व परामर्श में 13 क्षेत्रों और हितधारक समूहों का प्रतिनिधित्व करने वाले 200 से अधिक हितधारकों ने भाग लिया
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 7:43PM by PIB Delhi
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारी के लिए 16 से 26 नवंबर, 2026 के बीच बजट-पूर्व परामर्श बैठकों की एक श्रृंखला की अध्यक्षता की।

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में आगामी केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए युवाओं के साथ 13वें और अंतिम बजट-पूर्व परामर्श की अध्यक्षता की।
इन परामर्शों में 13 क्षेत्रों और हितधारक समूहों का प्रतिनिधित्व करने वाले 200 से अधिक हितधारकों ने भाग लिया। इनमें उद्योग संघों, संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों, भारतीय उद्योग जगत के प्रमुखों, शिक्षाविदों, युवा प्रतिनिधियों और कृषि एवं ग्रामीण विकास; विनिर्माण; सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा स्टार्टअप; पूंजी बाजार और बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं एवं बीमा (बीएफएसआई); सूचना प्रौद्योगिकी; अवसंरचना, ऊर्जा एवं सतत विकास; रोजगार एवं श्रम; आवास, शहरीकरण एवं संस्कृति; स्वास्थ्य एवं सामाजिक मुद्दों; अनुसंधान एवं विकास तथा उच्च शिक्षा; स्कूली शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं खेल; युवा कार्यकलापों; और अर्थशास्त्र के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ एवं कार्यकर्ता शामिल थे। इस वर्ष युवा प्रतिनिधियों के साथ परामर्श बैठक एक नई पहल थी।
आर्थिक कार्य विभाग की सचिव सुश्री अनुराधा ठाकुर; मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन; वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों; तथा संबंधित मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने भी विचार-विमर्श में भाग लिया।
इन परामर्शों से भारत की मानव पूंजी, नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र, विनिर्माण क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मकता, कृषि उत्पादकता, आवास सुरक्षा और शैक्षिक परिणामों को मजबूत करने के उद्देश्य से दूरदर्शी सिफारिशों की एक विस्तृत श्रृंखला सामने आई। हितधारकों ने ऐसे सुधारों की आवश्यकता पर जोर दिया, जो व्यापक और समावेशी विकास सुनिश्चित करते हुए आर्थिक वृद्धि को और गति प्रदान कर सकें।
प्राप्त प्रमुख सुझावों में जैव उर्वरकों और उन्नत जैव प्रौद्योगिकी-आधारित कृषि इनपुट के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के उपाय; स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हार्डवेयर के लिए अनुकूलित क्षेत्र-विशिष्ट एआई मॉडल विकसित करके कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने की पहल; सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों और छोटे वित्तीय संस्थानों में साइबर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के कार्यक्रम; तथा ग्रामीण युवाओं और श्रमिकों का उत्पादक गैर-कृषि रोजगार और सतत उद्यमों की ओर बदलाव में सहायता देने के लिए लक्षित उपाय शामिल थे।
प्रतिभागियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए देशव्यापी पठन अभियान शुरू करने का भी सुझाव दिया कि प्रत्येक बच्चा कक्षा 5 के अंत तक समाचार पत्र पढ़ने और उसे समझने में सक्षम हो जाए। आवास क्षेत्र में, हितधारकों ने शहरी क्षेत्रों में किफायती आवास का विस्तार करने के एक महत्त्वपूर्ण माध्यम के रूप में किराये के आवास को बढ़ावा देने के महत्त्व को रेखांकित किया। युवाओं को शिक्षा से रोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ने में सहायता देने के लिए टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास में तेजी लाने के सुझाव भी दिए गए।
सामूहिक रूप से, इन सिफारिशों में नवाचार-आधारित विकास को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसरों का विस्तार करने, सामाजिक और आर्थिक अवसंरचना को मजबूत करने तथा अधिक सुदृढ़ और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार अर्थव्यवस्था के निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया गया।
बजट-पूर्व परामर्श, बजट निर्माण की प्रक्रिया में सरकार के सहभागी और परामर्शात्मक दृष्टिकोण का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से विभिन्न हितधारकों को भारत की विकास प्राथमिकताओं और विकास एजेंडे को आकार देने में योगदान देने का अवसर मिलता है।
****
पीके/केसी/आरटी/पीके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2342267)
आगंतुक पटल : 50