जल शक्ति मंत्रालय
जल जीवन मिशन द्वितीय चरण के तहत एक लाख युवाओं के कौशल प्रशिक्षण के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने प्रशिक्षण महानिदेशालय के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
जल शक्ति मंत्रालय ने कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के साथ स्थिर ग्रामीण जल आपूर्ति सेवा हेतु कुशल कार्यबल के लिए साझेदारी की
नल जल मित्रों का स्थानीय कुशल कार्यबल तैयार कर ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करने की पहल
देश भर में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से जल आपूर्ति संचालन और रखरखाव प्रशिक्षण आरंभ करने का कार्यक्रम
प्रविष्टि तिथि:
25 NOV 2026 5:00PM by PIB Delhi
जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग ने जल जीवन मिशन द्वितीय चरण के अंतर्गत ग्रामीण पेयजल बुनियादी ढांचे की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने और स्थानीय रोजगार उत्पन्न करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के प्रशिक्षण महानिदेशालय के साथ जल आपूर्ति संचालन एवं रखरखाव कौशल कार्यक्रम (नल जल मित्र) के लिए आज एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सीआर पाटिल, जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना और कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में नई दिल्ली में जल शक्ति मंत्री के आवास कार्यालय में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते पर राष्ट्रीय जल जीवन मिशन की संयुक्त सचिव श्रीमती स्वाति मीना नाइक और प्रशिक्षण महानिदेशालय के उप महानिदेशक श्री सुनील कुमार गुप्ता ने औपचारिक हस्ताक्षर किए। कौशल विकास और उद्यमिता सचिव सुश्री देबाश्री मुखर्जी, पेयजल और स्वच्छता विभाग सचिव श्री अशोक केके मीणा, राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के अपर सचिव और मिशन डायरेक्टर श्री कमल किशोर सोन और दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे।

आयोजन में उपस्थित केंद्रीय मंत्रियों ने इस पहल की तारीफ़ की और स्थानीय कुशल कार्यबल के ज़रिए ग्रामीण जल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण युवाओं की आजीविका के अवसर उत्पन्न करने में इसकी अहमियत पर बल दिया। उन्होंने जल जीवन मिशन द्वितीय चरण के उद्देश्य को पूरा करने के लिए देश के व्यावसायिक प्रशिक्षण अवसंरचना का लाभ उठाने में सरकार के समस्त दृष्टिकोण के तहत अलग-अलग मंत्रालयों के बीच सहयोग पर बल दिया।

जल जीवन मिशन द्वितीय चरण और कौशल विकास पहल की जानकारी देते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सचिव श्री अशोक के.के. मीणा ने कहा कि लगभग 16 करोड़ ग्रामीण परिवार अब नल जल आपूर्ति प्रणालियों से जुड़ गए हैं। अब अगली प्राथमिकता एक मजबूत संचालन एवं रखरखाव व्यवस्था स्थापित करना है, जो इन परिसंपत्तियों को लंबे समय तक सुचारु तरीके से संचालित रखने में सक्षम हो। उन्होंने कहा कि गांवों और आसपास के क्षेत्रों में समय पर तकनीकी सहायता उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि दैनिक संचालन से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो और इसके लिए बाहरी एजेंसियों पर निर्भर न रहना पड़े।
श्री मीणा ने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा प्रशिक्षण महानिदेशालय के बीच साझेदारी भारत की व्यावसायिक प्रशिक्षण व्यवस्था को सीधे ग्रामीण जल क्षेत्र से जोड़ेगी। गांवों में संचालित जल आपूर्ति योजनाओं में व्यवस्थित कक्षा शिक्षण और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं का एक नया समूह तैयार किया जाएगा, जो संचालन एवं रखरखाव संबंधी गतिविधियों में सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि प्रमाणन प्राप्त उम्मीदवारों का आंकड़ा जिला और ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे राज्य और केंद्रशासित प्रदेश अपनी संबंधित नीतियों एवं आवश्यकताओं के अनुसार कुशल कर्मियों को नियुक्त कर सकेंगे।
इस समझौता ज्ञापन द्वारा जल जीवन मिशन द्वितीय चरण के तहत जल आपूर्ति संचालन एवं रखरखाव कौशल विकास कार्यक्रम लागू करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और प्रशिक्षण महानिदेशालय के बीच एक सहयोगात्मक ढांचे को औपचारिक रूप दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य देशभर में मौजूदा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के नेटवर्क का उपयोग करते हुए एक प्रशिक्षित एवं प्रमाणित कार्यबल तैयार करना है, जो ग्रामीण पाइपलाइन जल आपूर्ति प्रणालियों के संचालन एवं रखरखाव में सहायता कर सके।
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताएं
1. कार्यक्रम का दायरा एवं वित्तीय व्यय:
इस समझौता ज्ञापन के तहत जल जीवन मिशन की विस्तारित अवधि के दौरान कम से कम एक लाख उम्मीदवारों को प्रशिक्षण एवं प्रमाणन प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम पर लगभग 111.93 करोड़ रुपये का अनुमानित व्यय होगा, जिसका पूरा खर्च पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेगा।
2. 165 घंटे का राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा अनुरूप पाठ्यक्रम:
प्रशिक्षण महानिदेशालय के अंतर्गत केंद्रीय कर्मचारी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान के परामर्श से यह पाठ्यक्रम विकसित किया गया है जो राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा अनुमोदित है।
इस अल्पकालिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में कुल 165 घंटे का प्रशिक्षण शामिल है:
- 120 घंटे का संस्थागत प्रशिक्षण (सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक)।
- 45 घंटे का अनिवार्य कार्यस्थल प्रशिक्षण।
3. लक्षित समूह एवं दोहरा प्रमाणन:
यह पाठ्यक्रम सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों में शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के फिटर एवं प्लंबर ट्रेड के वर्तमान और उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को वैकल्पिक विषय के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रशिक्षुओं को उनके राष्ट्रीय ट्रेड प्रमाणपत्र के अतिरिक्त डीजीटी द्वारा राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा-अनुरूप अल्पकालिक प्रशिक्षण प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
4. व्यावहारिक दक्षता एवं क्षेत्रीय प्रशिक्षण:
पाठ्यक्रम में निम्नलिखित विषयों शामिल किए गए हैं:
- प्लंबिंग (नलसाजी)।
- जल वितरण प्रणाली।
- पंप और मोटर।
- बुनियादी विद्युत कार्य।
- जल गुणवत्ता की निगरानी।
- नियमित संचालन एवं रखरखाव।
पेय जल और स्वच्छता विभाग द्वारा संचालित ग्रामीण पाइपलाइन जल आपूर्ति योजनाओं में 45 घंटे का कार्यस्थल प्रशिक्षण आयोजित कराया जाएगा। इसके माध्यम से प्रशिक्षुओं को गांवों की वास्तविक परिस्थितियों में काम करने का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।
5. कार्यान्वयन एवं प्रशासनिक व्यवस्था:
- प्रशिक्षण महानिदेशालय का अधीनस्थ कार्यालय राष्ट्रीय अनुदेशात्मक माध्यम संस्थान-एनआईएमआई इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण भागीदार के रूप में कार्य करेगा।
- एनआईएमआई को धनराशि वितरण, प्रशिक्षण समन्वय, मूल्यांकन और प्रमाणन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
- पेय जल और स्वच्छता विभाग प्रशिक्षकों के अभिमुखीकरण, कार्यस्थल के प्रशिक्षण स्थलों की पहचान और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान करेगा।
- प्रमाणित उम्मीदवारों का डेटाबेस जिला एवं ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि राज्य अपनी संबंधित मानव संसाधन नीतियों के अनुसार उन्हें संचालन एवं रखरखाव के कार्यों में नियुक्त कर सकें।
- कार्यक्रम के कार्यान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों और धनराशि के उपयोग की निगरानी के लिए एक संयुक्त संचालन समिति गठित की जाएगी। इसकी अध्यक्षता पेय जल और स्वच्छता विभाग संयुक्त सचिव या उससे उच्च पद के अधिकारी द्वारा की जाएगी।
पेयजल और स्वच्छता विभाग और प्रशिक्षण महानिदेशालय के बीच यह साझेदारी देश के ग्रामीण जल क्षेत्र में संचालन एवं रखरखाव क्षमता को संस्थागत रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। देश की स्थापित व्यावसायिक प्रशिक्षण व्यवस्था में जल आपूर्ति के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित कौशल प्रशिक्षण को शामिल कर यह पहल प्रमाणित नल जल मित्रों की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करेगी, जो तकनीकी एवं क्षेत्रीय स्तर की आवश्यक दक्षताओं से सुसज्जित होंगे। इस कार्यक्रम से ग्रामीण पाइपलाइन जल आपूर्ति अवसंरचना के दीर्घकालिक सुचारु संचालन को समर्थन मिलने, जमीनी स्तर पर सेवा वितरण सशक्त बनाने तथा ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर सृजित होने की संभावना है। यह पहल जल जीवन मिशन द्वितीय चरण के उद्देश्यों की प्राप्ति में उपयोगी रहेगी।
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/पीके
(रिलीज़ आईडी: 2341481)
आगंतुक पटल : 70