सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय और डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया ने आधिकारिक सांख्यिकी के लिए विश्वसनीय डेटा साझाकरण को सक्षम बनाने हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 4:36PM by PIB Delhi

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय और डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) ने आज नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की स्थापना नैसकॉम द्वारा की गई है। नैसकॉम डेटा संरक्षण और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एक गैर-लाभकारी उद्योग संगठन और थिंक टैंक है। इस अवसर पर सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव डॉ. सौरभ गर्ग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विनायक गोडसे और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह समझौता सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के संस्थानों के साथ सहयोग के जरिए राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणाली को मजबूत बनाने के मंत्रालय के प्रयासों का हिस्सा है।

आजकल सांख्यिकी एजेंसियां पारंपरिक स्रोतों के साथ-साथ वैकल्पिक डेटा स्रोतों से भी आंकड़ों का उपयोग कर रही हैं। इनमें से कुछ आंकड़ों में व्यक्तियों की पहचान से संबंधित व्यक्तिगत जानकारी भी शामिल होती है। डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023 के वर्ष 2027 में लागू होने की संभावना को देखते हुए डेटा तैयार करने वाली एजेंसियों को व्यक्तिगत डेटा के प्रबंधन से जुड़ी अपनी प्रक्रियाओं की समीक्षा करने और गोपनीयता एवं निजता बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां करने की जरूरत है। यह साझेदारी विभिन्न एजेंसियों के भीतर और उनके बीच विश्वसनीय तरीके से डेटा साझा करने के लिए प्रोटोकॉल विकसित करने में मदद करेगी। इसके तहत डेटा की गुणवत्ता बनाए रखने, व्यक्तिगत निजता की सुरक्षा करने और सांख्यिकीय गोपनीयता को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस सहयोग के तहत पहले कदम के रूप में सांख्यिकी मंत्रालय और डीएससीआई मिलकर विश्वसनीय डेटा प्रवाह और डेटा प्रबंधन पर एक नीतिगत दस्तावेज तैयार करेंगे।

इस सहयोग के तहत डेटा गवर्नेंस (डेटा प्रबंधन एवं प्रशासन) के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान भी किया जाएगा। इसके अलावा, निजता बढ़ाने वाली प्रौद्योगिकियों  को अपनाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। इस समझौता ज्ञापन में उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधान संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर पायलट परियोजनाओं के संचालन को सुगम बनाने का भी प्रावधान है। यह पहल कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उभरती प्रौद्योगिकियों को जिम्मेदारीपूर्वक अपनाने में सक्षम बनाकर देश के राष्ट्रीय सांख्यिकी तंत्र को और अधिक मजबूत करेगी।

***

पीके/केसी/आरटी/एवाई/वाईबी


(रिलीज़ आईडी: 2341446) आगंतुक पटल : 52
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil