अंतरिक्ष विभाग
निजी क्षेत्र द्वारा विकास की नई गाथा लिखे जाने के साथ भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था की 40–45 अरब अमेरिकी डॉलर तक की बड़ी छलांग लगाने की तैयारी: डॉ. जितेंद्र सिंह
क्षेत्रीय सुधारों के बाद भारत के अंतरिक्ष इकोसिस्टम में अभूतपूर्व विस्तार; शुरुआती दौर के चंद स्टार्टअप से बढ़कर अब 400–500 अंतरिक्ष कंपनियां: इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव 2026 में डॉ. जितेंद्र सिंह
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए सुधारों से निजी निवेश, उद्यमिता और स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं को बढ़ावा मिला है: डॉ. जितेंद्र सिंह
पीएम गति शक्ति से अवसंरचना नियोजन में सुधार, परियोजनाओं की समय-सीमा बनाए रखने, लागत कम करने तथा अपव्यय और लीकेज को न्यूनतम करने में मदद मिली है; अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का लगभग हर मंत्रालय में उपयोग होता है: डॉ. जितेंद्र सिंह
उपग्रह प्रक्षेपण से आगे बढ़कर अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी अब अवसंरचना, रेलवे, रक्षा और सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों को तेजी से शक्ति प्रदान कर रही है: डॉ. जितेंद्र सिंह
डॉ. जितेंद्र सिंह ने उद्योग जगत से निवेश बढ़ाने, सीएसआर के माध्यम से अनुसंधान एवं विकास को समर्थन देने और वैज्ञानिक परोपकार को सुदृढ़ करने का आग्रह किया
प्रविष्टि तिथि:
24 NOV 2026 5:13PM by PIB Delhi
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज कहा कि भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था, जिसका वर्तमान मूल्य लगभग 9 अरब अमेरिकी डॉलर है, के एक दशक से भी कम समय में बढ़कर 40-45 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। इसमें निजी क्षेत्र देश के अंतरिक्ष इकोसिस्टम में बड़े बदलाव को गति दे रहा है।
नई दिल्ली में पांचवें इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव 2026 को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि भारत का अंतरिक्ष इकोसिस्टम कुछ ही वर्षों में एकल अंकों में मौजूद स्टार्टअप से बढ़कर लगभग 400-500 कंपनियों तक पहुंच गया है। यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए सुधारों ने देश की अपार उद्यमशीलता और तकनीकी क्षमता को किस प्रकार उजागर किया है।
23-24 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में भारतीय अंतरिक्ष संघ (आईएसपीए) द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन का विषय ‘शेपिंग द फ्यूचर ऑफ स्पेस थ्रू इनोवेशन, गवर्नेंस, ह्यूमन पोटेंशियल एंड ग्लोबल कोलैबोरेशंस’ था। इसमें उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों, अंतरिक्ष स्टार्टअप, शोधकर्ताओं और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों ने भाग लिया और वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर ‘स्पेस इकोनॉमी 2036: द इंडिया ब्लूप्रिंट’ रिपोर्ट का भी शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) के सचिव डॉ. वी. नारायणन्; इन-स्पेस के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार गोयंका; भारतीय अंतरिक्ष संघ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अनिल कुमार भट्ट (सेवानिवृत्त); और अरुण टी. रामचंदन सहित अंतरिक्ष उद्योग एवं प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम के अन्य प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित थे।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) की स्थापना, इसके बाद इन-स्पेस का गठन और निजी क्षेत्र की भागीदारी के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलना, भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक निर्णायक बदलाव साबित हुआ। इन सुधारों को पिछले कुछ दशकों के सबसे परिवर्तनकारी नीतिगत निर्णयों में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि इनसे पारंपरिक यथा-स्थिति टूटी और निजी उद्यमों को ऐसे क्षेत्र में भागीदारी करने में सक्षम बनाया गया, जो अब तक काफी हद तक सरकारी दायरे तक ही सीमित था।
भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप की प्रगति का उल्लेख करते हुए मंत्री महोदय ने 18 जुलाई, 2026 को स्काईरूट के पहले प्रक्षेपण यान की उड़ान, इसके बहु-मिशन प्रक्षेपण समझौते और यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल करने को महत्त्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने अग्निकुल और उन्नत प्रणोदन प्रणालियां, निजी तौर पर निर्मित रॉकेट इंजन, पृथ्वी अवलोकन प्रौद्योगिकियां तथा उपग्रह इमेजिंग क्षमताएं विकसित करने वाली अन्य कंपनियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमताओं का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की कंपनियों की बढ़ती भागीदारी भी इन सुधारों से उभर रहे व्यावसायिक अवसरों को दर्शाती है।
मंत्री महोदय ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के आर्थिक योगदान का आकलन केवल रॉकेट प्रक्षेपण, उपग्रह निर्माण और वाणिज्यिक राजस्व के आधार पर ही नहीं, बल्कि इससे जमीनी स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में होने वाली बचत, दक्षता और बेहतर परिणामों के आधार पर भी किया जाना चाहिए।
पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष आधारित अनुप्रयोगों से अवसंरचना नियोजन में सुधार, परियोजनाओं की समय-सीमा बनाए रखने, लागत कम करने तथा अपव्यय और लीकेज को न्यूनतम करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि अवसंरचना, निर्माण, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, रेलवे और रक्षा सहित लगभग हर मंत्रालय में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का उपयोग होता है।
संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान, अंतरिक्ष उद्योग के लिए अधिक मांग सृजित करने से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर देते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मांग की कथित कमी मुख्य रूप से अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के व्यावहारिक अनुप्रयोगों के बारे में पर्याप्त जागरूकता न होने से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि इसकी संभावनाएं रॉकेट प्रक्षेपण और उपग्रह मिशनों से कहीं आगे तक फैली हुई हैं और अवसंरचना, संचार तथा सार्वजनिक सेवा वितरण के क्षेत्र में इसके महत्त्वपूर्ण अवसर हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के उपयोग का विस्तार करने में प्रधानमंत्री के संपूर्ण-सरकार दृष्टिकोण और अंतर-मंत्रालयी सहयोग को भी महत्त्वपूर्ण सहायक बताया।
रणनीतिक संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के बीच संतुलन बनाए रखने से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर देते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि तकनीकी संप्रभुता और वैश्विक सहयोग एक-दूसरे के विरोधाभासी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत को स्वदेशी क्षमताओं को निरंतर मजबूत करना चाहिए। इसके लिए स्वदेशी स्रोतों, स्वदेशी प्रौद्योगिकी और स्वदेशी परियोजनाओं पर केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हुए परस्पर लाभकारी अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के लिए भी खुला रहना चाहिए।
मंत्री महोदय ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2023 में आठ वर्ष के कार्यकाल के साथ शुरू किए गए राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत भारत की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित क्वांटम संचार का मूल लक्ष्य आठ वर्षों में 2,000 किलोमीटर निर्धारित होने के बावजूद भारत ने केवल तीन वर्षों में 1,000 किलोमीटर की उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष, क्वांटम प्रौद्योगिकियां, सेमीकंडक्टर और परमाणु विज्ञान परस्पर जुड़े हुए क्षेत्र हैं, जिनमें तकनीकी उन्नति और वाणिज्यिक विकास के महत्त्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हैं।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने घरेलू निजी क्षेत्र के उद्यमियों से अंतरिक्ष क्षेत्र में निवेश बढ़ाने का आग्रह किया और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों को भारत के बढ़ते अंतरिक्ष इकोसिस्टम में अधिक विदेशी निवेश को सुगम बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अनुसंधान और नवाचार को मजबूत करने तथा निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन और अनुसंधान, विकास एवं नवाचार (आरडीआई) कोष सहित सहायक व्यवस्थाएं शुरू की हैं।
मंत्री महोदय ने उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से अनुसंधान और वैज्ञानिक विकास के लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत अधिक सहयोग देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सीएसआर का लाभ व्यापक समुदाय तक पहुंचना चाहिए और यह केवल मशीनरी एवं अवसंरचना पर होने वाले खर्च तक सीमित नहीं रहना चाहिए। वैज्ञानिक परोपकार की अधिक सुदृढ़ संस्कृति विकसित करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि अनुसंधान में निवेश को समाज और मानवता के प्रति सार्थक योगदान के रूप में देखा जाना चाहिए।
सत्र के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष नवाचार गठबंधन, स्टार्टअप के लिए वैश्विक एक्सेलेरेटर कार्यक्रम और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय ग्रैंड चैलेंज से जुड़े सुझावों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी अंतरराष्ट्रीय भूमिका मजबूत करने के लिए वैश्विक रणनीतियों और मानकों को अपनाना चाहिए तथा व्यापक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सहयोग को संस्थागत रूप देने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।
अंतरिक्ष इकोसिस्टम का अधिक राज्यों तक विस्तार करने और विद्यार्थियों एवं युवा नवाचारकर्ताओं की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने संबंधी उद्योग प्रतिनिधियों के सुझावों का स्वागत करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार निजी क्षेत्र की भागीदारी को सुगम बनाने के लिए रचनात्मक सुझावों और नीतिगत सुधारों के प्रति तत्पर है।
मंत्री महोदय ने कहा कि नीतिगत सुधारों, स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं और निजी क्षेत्र की उद्यमशीलता से प्रेरित भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र में परिवर्तन देश को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर रहा है।




***
पीके/केसी/आरटी/पीके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2340947)
आगंतुक पटल : 87