सूचना और प्रसारण मंत्रालय
57वें इफ्फी में मराठी फिल्म आदि अनंत अलग-अलग पीढ़ियों के रिश्तों, प्यार और देखभाल करने की वास्तविकताओं को दर्शाती है
गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी) के दौरान, प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म निर्माता महेश लिमये ने अपनी मराठी फीचर फिल्म आदि अनंत के पीछे के रचनात्मक सफर के बारे में बात की। इस फिल्म को महोत्सव के भारतीय पैनोरमा खंड में दिखाया गया था।
137 मिनट की यह फिल्म आदित्य और उसके दादा अनंत राव के बीच के रिश्ते को दिखाती है। आदित्य एक युवा अभिनेता है, जो अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि उसके दादा अनंत राव एक जिंदादिल इंसान हैं। फिल्म में आदित्य का किरदार संकर्षण करहाड़े ने और अनंत राव का किरदार जाने-माने अनुभवी अभिनेता अशोक सराफ ने निभाया है। अशोक सराफ को हाल ही में पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।

मीडिया से बात करते हुए, लिमये ने बताया कि कैसे यह कहानी प्यार, हंसी-मजाक और एक-दूसरे के सहयोग के जरिए आगे बढ़ती है, जबकि दोनों ही पात्र आर्थिक और निजी चुनौतियों का सामना कर रहे होते हैं। उनके रिश्ते में एक मुश्किल मोड़ तब आता है, जब एक दुर्घटना के चलते अनंत राव बिस्तर पर लेटने पर मजबूर हो जाते हैं। इसके बाद आदित्य को अपने दादा की देखभाल करने की जिम्मेदारी और अपने अभिनय के सपनों के बीच संतुलन बनाना पड़ता है। जैसे-जैसे दबाव और निराशा उनके रिश्ते पर असर डालने लगती है, फिल्म पारिवारिक जिम्मेदारियों, देखभाल करने से जुड़ी उन सच्चाइयों, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है और आज के समय में सफलता के असली मायने को गहराई से टटोलती है।
लिमये ने बताया कि जब अभिनेता-लेखक संकर्षण करहाडे ने उन्हें पहली बार फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाई, तो वे बहुत भावुक हो गए थे। उन्हें अपने पिता के अंतिम दिनों की याद आ गई, जब उन्होंने उनकी देखभाल की थी। उन्होंने कहा कि भले ही यह फिल्म मराठी कहानी पर आधारित है, लेकिन इसकी भावनात्मक गहराई भाषा की सीमाओं से परे है। यह उन अनुभवों को दर्शाती है, जो पूरे भारत और उसके बाहर के परिवारों में समान रूप से देखने को मिलते हैं।
फिल्म के संगीत और टीम के आपसी सहयोग के बारे में बात करते हुए, लिमये ने बताया कि आदि अनंत में एक भक्ति भजन है, जिसे शास्त्रीय गायक राहुल देशपांडे ने गाया है। इस भजन में अशोक सराफ पर्दे पर तबला बजाते हुए नजर आते हैं। उन्होंने अशोक सराफ के विनम्र स्वभाव और लगन की तारीफ करते हुए कहा कि इतने अनुभवी अभिनेता होने के बावजूद, उन्होंने एक जटिल और बिल्कुल नए तरह के किरदार को किसी नए कलाकार की तरह पूरी सहजता और खुलेपन के साथ निभाया। उन्होंने आगे कहा कि सराफ और करहाड़े के बीच आपसी सम्मान की भावना ने उनके ऑन-स्क्रीन रिश्ते में एक स्वाभाविक तालमेल पैदा कर दिया।

फिल्म का शीर्षक आदि अनंत, आदि यानी शुरुआत और अनंत, जो कभी खत्म न हो के बीच के अंतर को दर्शाता है। यह शीर्षक फिल्म में पीढ़ियों के बीच के रिश्तों को बखूबी बयां करता है।
मुंबई के जे. जे. स्कूल ऑफ आर्ट से पढ़े महेश लिमये एक सिनेमैटोग्राफर और निर्देशक हैं। बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म येलो ने तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीते, जबकि उनकी दूसरी फिल्म जग्गू आणि जूलियट को सात महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार मिले। आदि अनंत बतौर निर्देशक उनकी तीसरी फीचर फिल्म है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन शिवराज गंगवाल ने किया।
IFFILOID के बारे में यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
* * *
पीके/केसी/आरटी/एनएस
(रिलीज़ आईडी: 2340831)
आगंतुक पटल : 51