सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के मंडप की 22 नवंबर 2026 तक कुल बिक्री लगभग 1.16 करोड़ रुपये दर्ज की गई
उपभोक्ताओं की उत्साहजनक प्रतिक्रिया से स्वदेशी उत्पादों और पारंपरिक शिल्पकला की बढ़ती मांग का पता चलता है
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शक सिद्धांत ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के अनुरूप
व्यापार मेला 27 नवंबर 2026 को संपन्न होगा
प्रविष्टि तिथि:
23 NOV 2026 7:15PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित हो रहे 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के मंडप में 22 नवंबर 2026 तक लगभग 1.16 करोड़ रुपये की कुल बिक्री दर्ज की गई है। यह आगंतुकों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया और स्वदेशी उत्पादों तथा पारंपरिक शिल्पकला के प्रति बढ़ती सराहना को दर्शाता है।


आगंतुक मंत्रालय के मंडप में पहुंचकर वहां प्रदर्शित स्वदेशी और हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं तथा इस प्रकार कारीगरों को सहयोग दे रहे हैं।
आईटीपीओ, भारत मंडपम के हॉल नंबर 5 के भूतल पर स्थित मंत्रालय का यह मंडप भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कौशल और स्वदेशी शिल्पकला को प्रदर्शित करता है। यहां आगंतुकों को प्रामाणिक हस्तनिर्मित उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला देखने और सीधे खरीदारी के माध्यम से कारीगरों के आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान देने का अवसर मिलता है।


बिक्री का यह प्रभावशाली प्रदर्शन भारत की समृद्ध कलात्मक परंपराओं, हस्तनिर्मित उत्पादों और विभिन्न समुदायों के कारीगरों की उद्यमशीलता क्षमताओं के प्रति उपभोक्ताओं की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।


यह मंडप कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने, उपभोक्ताओं से सीधे जुड़ने और बाजार तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है। व्यापार मेला 27 नवंबर 2026 को संपन्न होगा।


मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय के तीन शीर्ष निगमों के माध्यम से मेले में 19 राज्यों के 130 से अधिक कारीगर भाग ले रहे हैं। ये तीन निगम हैं—राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (एनएसएफडीसी), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीसी) और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेएफडीसी)।


उन्होंने कहा कि इन शीर्ष निगमों की भागीदारी अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों, सफाई मित्रों तथा विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू जनजातियों (डीएनटी) से जुड़े कारीगरों और उद्यमियों के लिए बाजार से जुड़ाव मजबूत करने, उद्यमशीलता को बढ़ावा देने और आजीविका के सतत अवसर सृजित करने की मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अधिकारी ने कहा कि ये प्रयास माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शक सिद्धांत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’* के तहत उनके दृष्टिकोण के अनुरूप हैं।

उन्होंने बताया कि मंत्रालय के मंडप में पारंपरिक हथकरघा उत्पादों, बारीकी से तैयार की गई हस्तशिल्प वस्तुओं, हस्तनिर्मित आभूषणों, वस्त्रों, जूतों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और अन्य स्वदेशी उत्पादों का व्यापक संग्रह प्रदर्शित किया गया है। ये उत्पाद देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट कलात्मक पहचान, पारंपरिक कौशल और सांस्कृतिक विविधता का प्रतिनिधित्व करते हैं।

अधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आईआईटीएफ जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर भागीदारी से कारीगरों को अपने उत्पादों की पहचान और पहुंच बढ़ाने, ग्राहकों से सीधे संवाद करने, उपभोक्ताओं की बदलती पसंद को समझने, व्यावसायिक नेटवर्क स्थापित करने और बाजार के नए अवसर तलाशने में मदद मिलती है। इससे उनकी उद्यमशीलता क्षमताओं को मजबूत करने और व्यवसाय के सतत अवसर विकसित करने का अवसर भी मिलता है।


उन्होंने आगे बताया कि मंत्रालय की भागीदारी का एक महत्वपूर्ण आकर्षण ट्यूलिप (TULIP – Traditional Artisans' Upliftment Livelihood Programme) का प्रचार-प्रसार है। इसका उद्देश्य कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों को बाजार में विशिष्ट पहचान दिलाना और उपभोक्ताओं के बीच उनकी पहचान एवं स्वीकार्यता बढ़ाना है।

अधिकारी ने कहा कि ट्यूलिप पहल के माध्यम से मंत्रालय का उद्देश्य पारंपरिक शिल्पकला और समकालीन बाजार की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करना, नवाचार को प्रोत्साहित करना, उद्यमशीलता क्षमताओं को मजबूत करना और कारीगरों के लिए आय अर्जित करने के सतत अवसर सृजित करना है।

अधिकारी ने बताया कि 13 नवंबर को उद्घाटित 45वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 देश और विदेश के उत्पादकों, उद्यमियों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं को एक साथ ला रहा है। यह व्यापार, वाणिज्य, उद्यमशीलता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक प्रमुख मंच उपलब्ध कराता है।

***
पीके/केसी/आरटी/एके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2340638)
आगंतुक पटल : 42