सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

असमिया सिनेमा में मजबूत पुनरुत्थान दिखाई दे रहा है: IFFI 2026 में फिल्म निर्माता अंतरा जीजी चौधरी

गोवा, 23 नवंबर 2026

गोवा में आज 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के दौरान असमिया फीचर फिल्म ‘सूर्ज्यामुखी' (सूर्यमुखी)पर पीआईबी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें फिल्म निर्माता अंतरा जीजी चौधरी ने कहा कि असमिया सिनेमा में मजबूत पुनरुत्थान (resurgence) देखने को मिल रहा है। क्षेत्रीय फिल्म निर्माता अब बड़े दर्शकों तक बेहतरीन और दिलचस्प कहानियाँ पहुँचा रहे हैं।

यह फिल्म उत्पल नाम के लड़के की कहानी है। इसमें 40 वर्ष के अंतराल के बाद उसके जीवन को फिर से दिखाया गया है, और यह पता लगाया गया है कि कैसे इंसान के फैसले उसके जीवन को आकार देते हैं और उनके दूरगामी परिणाम होते हैं। ‘सूर्ज्यामुखी' का वर्ल्ड प्रीमियर 22 नवंबर को गोवा में इस महोत्सव के दौरान हुआ।

फिल्म के बारे में बातचीत के दौरान निर्देशक जीजी चौधरी ने बताया कि सूरज के प्रति उनका आकर्षण उनके कलात्मक कार्यों पर हमेशा से गहरा प्रभाव डालता रहा है। उन्हें इस फिल्म की कहानी का सीधा-सादापन और ‘सूर्ज्यामुखी' का मुख्य किरदार बहुत प्रभावशाली लगा। फिल्म की व्यापक अपील पर जोर देते हुए, चौधरी ने विश्वास प्रकट किया कि इसके विषय विभिन्न पृष्ठभूमि वाले दर्शकों को पसंद आएंगे। उन्होंने असमिया सिनेमा के बदलते परिदृश्य पर भी बात की और कहा कि इसमें नई रचनात्मक ऊर्जा आ रही है और क्षेत्रीय फिल्म निर्माण के लिए अवसर बढ़ रहे हैं।

मंच प्रदान करने के लिए IFFI का आभार प्रकट करते हुए, चौधरी ने महोत्सव में अपनी फिल्म दिखाने के अनुभव को "शानदार एहसास" बताया।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन आकाशनील शर्मा ने किया।

पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देखिए:

*******

पीके/केसी/आरटी/पीके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2340542) आगंतुक पटल : 25
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Marathi , Assamese , Gujarati , Tamil , Malayalam