विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत का स्वास्थ्य सेवा अनुसंधान अब आणविक एवं आनुवंशिक स्तरों पर भविष्योन्मुखी रणनीतियों के जरिए रोकथाम पर केन्द्रित हो रहा है: डॉ. जितेंद्र सिंह


डॉ. जितेंद्र सिंह का कहना है कि चयापचय संबंधी विकार (मेटाबॉलिक डिसऑर्डर) युवाओं को तेजी से प्रभावित कर रहे हैं, इसलिए रोग-निवारक स्वास्थ्य सेवा महत्वपूर्ण हो गई है

भारत आणविक एवं आनुवंशिक स्तर पर बीमारियों से संबंधित शोध को आगे बढ़ा रहा है, जिससे सटीक चिकित्सा एवं शुरुआती उपायों के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुल रही हैं: डॉ. जितेंद्र सिंह

डॉ. जितेंद्र सिंह का कहना है कि 84 आबादी समूहों से जुड़े 10,000 भारतीयों की जीनोम अनुक्रमण से भारत की आनुवंशिक विविधता एवं बीमारियों के प्रति संवेदनशीलता को समझने में मदद मिली है

भारत द्वारा निवारक स्वास्थ्य सेवा, स्वदेशी चिकित्सा अनुसंधान और आनुवंशिक उपचारों का विस्तार किए जाने के बीच, 50 लाख से अधिक किशोरियों को एचपीवी के खिलाफ टीका लगाया गया है: डॉ. जितेंद्र सिंह

प्रविष्टि तिथि: 22 NOV 2026 3:24PM by PIB Delhi

केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत एक भविष्योन्मुखी स्वास्थ्य सेवा संबंधी  दृष्टिकोण की ओर बढ़ रहा है। इस दृष्टिकोण के तहत अनुसंधान का केन्द्रबिंदु ‘बीमारियों की रोकथाम’ है, जिसके लिए ऐसी भविष्योन्मुखी रणनीतियां अपनाई जा रही हैं जो बीमारियों को रोकने, उनका समय रहते पता लगाने और आणविक तथा आनुवंशिक स्तर पर उन्नत शोध करने पर विशेष जोर देती हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि युवाओं पर चयापचय संबंधी विकार (मेटाबॉलिक डिसऑर्डर) और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के युवाओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना देश के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप, स्वास्थ्य सेवा अब पारंपरिक उपचार के तरीकों से आगे बढ़कर वैज्ञानिक उपायों, बीमारियों की रोकथाम की रणनीतियों और रोगों के अधिक सटीक प्रबंधन की दिशा में विकसित हो रही है।

डॉ. जितेंद्र सिंह नई दिल्ली में आयोजित ‘द वीक हेल्थ समिट 2026’ में बोल रहे थे। इस सम्मेलन में  उन्होंने ‘केन्द्र सरकार की स्वास्थ्य संबंधी पहल’ विषय पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधन दिया और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों, शोधकर्ताओं तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में हिस्सा लिया। इस सम्मेलन में स्वास्थ्य क्षेत्र के कई प्रमुख विशेषज्ञों ने भाग लिया, जिनमें एम्स नई दिल्ली के निदेशक डॉ. निखिल टंडन, एफएसएसएआई के निदेशक शरद अग्रवाल और इंटरनेशनल कमिटी ऑफ द रेड क्रॉस (भारत) के उप-प्रमुख डॉ. आंद्रेई कोजिक के अलावा वरिष्ठ डॉक्टर, चिकित्सा शोधकर्ता और प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल थे।

चयापचय संबंधी विकारों (मेटाबॉलिक डिसऑर्डर) के बढ़ते बोझ पर बात करते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मधुमेह, मोटापा, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियां युवाओं को तेजी से अपनी चपेट में ले रही हैं। ऐसे में, बीमारियों की रोकथाम और समय रहते उनका पता लगाना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि खान-पान की बदलती आदतों, शारीरिक गतिविधियों में कमी और शहरी व ग्रामीण भारत में जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के फैलने के कारण यह चुनौती और भी व्यापक हो गई है। उन्होंने कहा कि बीमारियों की रोकथाम का काम सिर्फ चिकित्सा पेशेवरों पर नहीं छोड़ा जा सकता। इसके लिए पूरे समाज की भागीदारी और अधिक जागरूकता की आवश्यकता है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आणविक एवं आनुवंशिक स्तरों पर अनुसंधान के जरिए भविष्योन्मुखी स्वास्थ्य सेवा संबंधी रणनीतियों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसमें वैज्ञानिक प्रयास पारंपरिक उपचार से कहीं आगे बढ़कर, बीमारियों के गहरे तंत्र और संभावित उपायों को समझने की दिशा में बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैव प्रौद्योगिकी, आनुवंशिक शोध और आणविक विज्ञान में हुई प्रगति, जटिल स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने और बीमारियों के प्रबंधन के लिए अधिक सटीक व प्रभावी तरीके विकसित करने की भारत की क्षमता को मजबूत कर रही है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत ने अपनी स्वास्थ्य सेवा और वैज्ञानिक क्षमताओं में एक बड़ा बदलाव देखा है। भारत अब निवारक स्वास्थ्य सेवा और टीकों के विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण वैश्विक योगदानकर्ता के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान विकसित किए गए भारत के स्वदेशी डीएनए टीकों और उसके बाद टीकों से जुड़े अनुसंधान में हुई प्रगति का उल्लेख किया। साथ ही, उन्होंने एचपीवी टीकाकरण पहल का भी उल्लेख किया। इस टीकाकरण पहल के तहत 50 लाख से अधिक किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है, जो ग्रीवा कैंसर की रोकथाम के प्रयासों की दिशा में एक बड़ा योगदान है।

जीनोमिक्स के क्षेत्र में भारत की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए, केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि 84 अलग-अलग आबादी समूहों से जुड़े 10,000 भारतीयों के जीनोम का अनुक्रमण किया गया है जो देश की अनूठी आनुवंशिक विविधता को दर्शाता है। विभिन्न आबादी समूहों में 400 से अधिक आनुवंशिक लक्षणों की मौजूदगी के साथ, भारत का आनुवंशिक परिदृश्य बीमारियों के प्रति संवेदनशीलता, स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों और लक्षित चिकित्सा उपायों के विकास पर शोध के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

सटीक चिकित्सा के उभरते क्षेत्र का उल्लेख करते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा अब तेजी से ऐसे व्यक्तिगत उपचार के तरीकों की ओर बढ़ रही है, जो किसी व्यक्ति के आनुवंशिक प्रोफाइल, जीवनशैली, वातावरण और अन्य कारकों पर आधारित हो। उन्होंने बताया कि एक ही बीमारी के लिए अलग-अलग व्यक्तियों को अलग-अलग तरह के उपचार की जरूरत हो सकती है, जो सटीक चिकित्सा को एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाता है। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान मधुमेह (जेस्टेशनल डायबिटीज) से पीड़ित महिलाओं पर हो रहे शोध का भी उल्लेख  किया। इस शोध का उद्देश्य उन महिलाओं की पहचान करना है, जिन्हें भविष्य में टाइप 2 मधुमेह होने का अधिक खतरा है ताकि उनकी बेहतर तरीके से निगरानी की जा सके और समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार तथा आईसीएमआर दुर्लभ आनुवंशिक रोगों के दायरे को बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं ताकि जांच और इलाज तक पहुंच बेहतर हो सके और उपचार के तरीके अधिक सुलभ व किफायती बन सकें। उन्होंने कहा कि दुर्लभ बीमारियां अक्सर प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिवारों पर बहुत भारी बोझ डालती हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि इनकी पहचान करना मुश्किल होता है, इलाज का खर्च बहुत अधिक होता है और दवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं। इसलिए, इस दिशा में निरंतर वैज्ञानिक और संस्थागत प्रयासों की आवश्यकता है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत स्वदेशी चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। इसमें नई एंटीबायोटिक्स के विकास और आनुवंशिक चिकित्सा (जेनेटिक थेरेपी) के मामले में हुई प्रगति शामिल है। वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज द्वारा किए गए हीमोफीलिया से संबंधित जीन थेरेपी शोध, जो ‘न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन’ में प्रकाशित हुआ है, का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा कि भारतीय शोधकर्ता लगातार ऐसे उन्नत चिकित्सीय उपाय विकसित कर रहे हैं, जिनका उपयोग देश के बाहर भी किया जा सकता है। यह भारत की बढ़ती अनुसंधान क्षमताओं को दर्शाता है।

स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे और बीमारियों के प्रबंधन का उल्लेख करते हुए, केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जिला अस्पतालों में डायलिसिस सुविधाओं के विस्तार से किडनी के मरीजों के लिए इलाज तक पहुंच बेहतर हुई है। साथ ही, किडनी की बीमारी का पता शुरुआती चरणों में, यहां तक ​​कि लक्षण दिखने से पहले ही, लगाने की दिशा में भी शोध आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महत्वपूर्ण अंगों को सुरक्षित रखने और पुरानी बीमारियों के दीर्घकालिक बोझ को कम करने हेतु मधुमेह (डायबिटीज) तथा उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की रोकथाम और उनका प्रभावी प्रबंधन बेहद आवश्यक है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि चिकित्सा अनुसंधान में तेजी लाने और वैज्ञानिक खोजों को व्यावहारिक स्वास्थ्य समाधानों में बदलने हेतु सरकारी संस्थानों, अनुसंधान संगठनों, स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों और निजी क्षेत्र के भागीदारों के बीच व्यापक सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी ने अनुसंधान, नवाचार और विकास के नए रास्ते खोले हैं। साथ ही, उन्होंने चिकित्सा अनुसंधान के लिए समर्थन मजबूत करने हेतु परोपकार संबंधी कार्यों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

युवाओं को संबोधित करते हुए, केन्द्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य संबंधी गलत जानकारियों, पोषण के बारे में अपुष्ट सलाह और कॉस्मेटिक उद्देश्यों के लिए बिना डॉक्टरी देखरेख के दवाओं के उपयोग के प्रति आगाह किया। उन्होंने युवाओं को योग्य चिकित्सा विशेषज्ञों से सलाह लेने और प्रमाणित वैज्ञानिक जानकारियों पर भरोसा करने की सलाह दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक स्वस्थ समाज के लिए सही जानकारी के आधार पर निर्णय लेना और स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना बेहद अहम है।

रोग-निवारक स्वास्थ्य सेवा, आणविक एवं आनुवंशिक अनुसंधान, जीनोमिक्स, जैव प्रौद्योगिकी और स्वदेशी चिकित्सा संबंधी नवाचार के क्षेत्रों में भारत की बढ़ती क्षमताएं एक अधिक भविष्योन्मुखी और सटीक स्वास्थ्य सेवा इकोसिस्टम का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। इसमें वैज्ञानिक प्रगति और समय रहते उपाय उभरती हुई स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने की प्रक्रिया में एक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।   

***

पीके/केसी/आरटी/आर/एसएस 


(रिलीज़ आईडी: 2340027) आगंतुक पटल : 20
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil