सूचना और प्रसारण मंत्रालय
पूर्वोत्तर भारत का सिनेमा 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान में सांस्कृतिक विरासत, पहचान और सामाजिक वास्तविकताओं की कहानियां लेकर पहुंचा
निर्देशक ऐमी बरुआ औरदुयु तब्यो ने पूर्वोत्तर भारत की मूल संस्कृति, भाषाओं और अनकही कहानियों को संरक्षित करने में सिनेमा की भूमिका पर प्रकाश डाला
असम के पारंपरिक हथकरघा बुनाई समुदाय की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयासों से लेकर अरुणाचल प्रदेश के पहाड़ों में एक शोकाकुल पिता की मनोवैज्ञानिक यात्रा तक, पूर्वोत्तर भारत की दो फिल्में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में पहचान, संघर्षशीलता और मानवीय भावनाओं की अलग-अलग कहानियां लेकर पहुंची हैं।
असमिया वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) रेड कार्पेट को भारतीय पैनोरमा के गैर-फीचर खंड में प्रदर्शित किया गया, जबकि उरुम भारतीय पैनोरमा फीचर फिल्म श्रेणी का हिस्सा है।

रेड कार्पेट (असमिया), जिसका निर्देशन ऐमी बरुआ ने किया है, और उरुम, जिसका निर्देशन दुयुतब्यो ने किया है, इन दोनों फिल्मों को लेकर आज गोवा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चर्चा की गई। इस दौरान दोनों निर्देशकों ने अपनी फिल्मों और फिल्म निर्माण की यात्रा के बारे में जानकारी साझा की।
रेड कार्पेट असम के कार्बी आंगलोंग में कार्बी समुदाय की पारंपरिक हथकरघा बुनाई की विरासत को दर्शाती है, जहां सदियों पुरानी कला आधुनिकता और बदलती जीवनशैली की चुनौतियों का सामना कर रही है। यह वृत्तचित्र डोंकामोकाम गांव के एक पारंपरिक बुनकर की यात्रा को गांव से कान फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट तक दिखाता है। इसमें बताया गया है कि किस तरह हाथ से बुना कपड़ा सांस्कृतिक पहचान, गौरव और उम्मीद का प्रतीक बन गया।
फिल्म के बारे में अपने विचार साझा करते हुए पुरस्कार विजेता भारतीय अभिनेत्री, निर्माता और फिल्मकार तथा पीएचडी कर रहीं ऐमी बरुआ ने असम के एक छोटे से गांव में तैयार पारंपरिक हाथ से बुने कपड़े को कान के प्रतिष्ठित रेड कार्पेट तक पहुंचाने की यात्रा के बारे में बताया।
उन्होंने स्थानीय बुनकरों की कारीगरी और उनके पारंपरिक वस्त्रों में समाहित सांस्कृतिक पहचान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इस परिधान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान ने क्षेत्र की मूल सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने में मदद की।
पारंपरिक बुनाई की प्रथाओं को संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने तथा इस विरासत को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
दूसरी फिल्म उरुम, जिसका निर्देशन द्यु तब्यो ने किया है, अरुणाचल प्रदेश के एक दूरस्थ पहाड़ी समुदाय में अपनी छोटी बेटी की दुखद मौत को स्वीकार करने के लिए संघर्ष कर रहे पिता की कहानी के जरिए शोक, स्मृति और मूल समुदाय की मान्यताओं को तलाशती है। अपराधबोध और भयावह दृश्यों से जूझते पिता की यात्रा के जरिए फिल्म दबे हुए सच, आघात और उन अदृश्य शक्तियों के बीच मानसिक शांति तलाशने की कहानी सामने लाती है, जो उसके समुदाय के लोगों के जीवन प्रभावित करती हैं।
अरुणाचल प्रदेश के स्वतंत्र लेखक-निर्देशक और सांस्कृतिक कार्यकर्ता दुयु तब्यो, जिनका काम मूल समुदाय की पहचान, स्मृति और सामाजिक वास्तविकताओं को तलाशता है, ने अपने बचपन के दौरान अरुणाचल प्रदेश के जीरो में देखी एक घटना को याद किया। इसमें एक पिता अपनी बेटी को खोने के दुख से जूझ रहा था। यह स्मृति वर्षों तक उनके मन में बनी रही और अंततः फिल्म की आधार बनी। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के जरिए वह किसी खास नैतिक संदेश को देने के बजाय शोकाकुल पिता की मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक स्थिति को तलाशना चाहते थे।
तब्यो ने इफ्फी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इफ्फी में उनकी फिल्म का चयन अरुणाचल प्रदेश के उभरते फिल्म उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे राज्य के और युवा फिल्मकारों को अपनी कहानियां कहने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
भाषाई और सांस्कृतिक संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए तब्यो ने कहा कि फिल्म को मूल निशी भाषा में बनाना उसकी प्रामाणिकता बनाए रखने और भाषा को अधिक पहचान दिलाने के लिए सोच-समझकर लिया गया निर्णय था। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी धीरे-धीरे अपनी मूल भाषाओं से दूर होती जा रही है और यह फिल्म निशी समुदाय की भाषाई विरासत को संरक्षित करने का एक प्रयास है।
पूर्वोत्तर भारत के सिनेमा की बढ़ती संभावनाओं पर बात करते हुए तब्यो ने कहा कि यह क्षेत्र सिनेमाई दृष्टि से अभी भी काफी हद तक अनछुआ है और दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए यहां बहुत कुछ है। उन्होंने इस क्षेत्र में मुख्यधारा के फिल्मकारों और निर्माण कंपनियों की बढ़ती रुचि का उल्लेख किया और जोर दिया कि सिनेमा मनोरंजन से आगे बढ़कर सामाजिक जागरूकता और बदलाव का एक सशक्त माध्यम बन सकता है।
उन्होंने मूल समुदायों की कहानियों, भाषाओं और जीवनशैली को दस्तावेजी रूप में संरक्षित करने के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से फिर जुड़ने और अपनी सांस्कृतिक पहचान की समृद्धि को समझने में मदद कर सकते हैं।
ये दोनों फिल्में पूर्वोत्तर भारत की अलग-अलग कहानियों को राष्ट्रीय सिनेमाई मंच पर लेकर आई हैं, जो क्षेत्र के विविध सांस्कृतिक अनुभवों, मूल परंपराओं और समकालीन वास्तविकताओं को दर्शाती हैं। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इन फिल्मों की भागीदारी इस साल के महोत्सव की सिनेमाई विविधता को और समृद्ध करती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन श्रीमती स्मिता सैकिया ने किया।
पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देखें: https://www।youtube।com/watch?v=Y8O-iwdQTwY&time_continue=0&source_ve_path=MjM4NTE&embeds_referring_euri=https%3A%2F%2Fwww।pib।gov।in%2F
IFFILOID यहां पढ़ें:
https://www।pib।gov।in/iffi/57/iffiLoid।aspx?yr=2026&lang=1®=48
****
पीके / केसी / आरटी/ केजे/
(रिलीज़ आईडी: 2339992)
आगंतुक पटल : 20