सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

इफ्फी 2026 में ‘धुरंधर’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जाने-माने अभिनेता राकेश बेदी ने किरदारों को गढ़ने और उन्हें जीवंत बनाने की कला पर अपने विचार साझा किए


57वें इफ्फी में अपने अनुभव साझा करते हुए राकेश बेदी ने बताया कि ‘धुरंधर’ में जमी़ल जमाली का किरदार निभाने के लिए उन्होंने गहन अध्ययन किया और थिएटर के अपने अनुभवों का सहारा लिया

आदित्य धर की हिंदी फीचर फिल्म ‘धुरंधर’ को 57वें अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के इंडियन पैनोरमा खंड की मेनस्ट्रीम सिनेमा फीचर फिल्म श्रेणी की उद्घाटन फिल्म के रूप में प्रदर्शित किया गया। महोत्सव के दूसरे दिन गोवा के पणजी स्थित मीडिया सेंटर में फिल्म को लेकर एक दिलचस्प प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें फिल्म से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

इस इंटरैक्टिव सत्र में अनुभवी अभिनेता राकेश बेदी और प्रसिद्ध प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरी ने हिस्सा लिया। उन्होंने फिल्म की रचनात्मक यात्रा, किरदारों को बारीकी से गढ़ने और फिल्म की विज़ुअल दुनिया को आकार देने से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। सत्र का संचालन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर महानिदेशक श्री महेश कुमार ने किया।

‘धुरंधर’ में जमी़ल जमाली का किरदार निभाने के अनुभव साझा करते हुए राकेश बेदी ने समकालीन सिनेमा में किरदारों को गहराई और विभिन्न पहलुओं के साथ गढ़ने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने थिएटर के अपने लंबे अनुभव को अभिनय की कला का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि इस किरदार को तैयार करने के लिए उन्होंने बारीकी से शोध किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी किरदार की गतिविधियां और व्यवहार दृश्य की जरूरत के अनुरूप होने चाहिए, ताकि अभिनय केवल नकल बनकर न रह जाए, बल्कि किरदार का संपूर्ण और स्वाभाविक चित्रण सामने आए।

अपने पांच दशक लंबे करियर में कई विविध और चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाने के अनुभव साझा करते हुए राकेश बेदी ने सिनेमा की पहुंच और लोकप्रियता में आए बदलावों पर भी बात की। ‘एक दूजे के लिए’, ‘तिरंगा’ और ‘चश्मे बद्दूर’ जैसी अपनी शुरुआती फिल्मों की अपार लोकप्रियता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौर में भी सिनेमा के प्रति लोगों में जबरदस्त आकर्षण था, लेकिन डिजिटल कनेक्टिविटी के अभाव में फिल्मों की पहुंच सीमित रहती थी।

इसके विपरीत, आज सोशल मीडिया ने दर्शकों के सिनेमा और कलाकारों से जुड़ने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। अब महज एक क्लिक के जरिए किसी अभिनेता का काम दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंच सकता है और वे उससे जुड़ सकते हैं।

एक फिल्म प्रेमी के सवाल का जवाब देते हुए राकेश बेदी ने अपने हास्य और गंभीर दृश्यों में अभिनय की टाइमिंग के बारे में बताया कि ये बारीकियां कभी संयोगवश नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि हर हाव-भाव और चेहरे के भाव की पटकथा तथा किरदार की यात्रा के अनुरूप पहले से ही सोच-समझकर योजना बनाई जाती है। उनके अनुसार, किरदार को स्वाभाविक और वास्तविक रूप में पर्दे पर उतारने के लिए ये सभी अभिव्यक्तियां जानबूझकर और सटीक ढंग से प्रस्तुत की जाती हैं।

भावनाओं के बीच इतनी सहजता से बदलाव लाने और आईने के सामने अभिनय का अभ्यास करने से जुड़े सवाल पर राकेश बेदी ने अपने अभिनय के तरीके के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने आईने के सामने अभ्यास करने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि अभिनय करते समय खुद को आईने में देखना किसी कलाकार के विकास में बाधा बन सकता है, क्योंकि उस समय अपने ही अभिनय का निष्पक्ष आकलन करना मुश्किल होता है। इसके बजाय उन्होंने किरदार को गहराई से समझने और उसे आत्मसात करने के महत्व पर जोर दिया। उनके अनुसार, जब कोई कलाकार अपने किरदार की मानसिकता को अच्छी तरह समझ लेता है, तो उसके संवाद, प्रतिक्रियाएं और भावनाओं में बदलाव स्वाभाविक रूप से सामने आने लगते हैं।

प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरी ने फिल्म में स्थानीय परिवेश को वास्तविक रूप देने के लिए किए गए प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए टीम ने 40 से अधिक वास्तविक सेट तैयार किए। पाकिस्तान में वास्तविक लोकेशनों तक पहुंच न होने के कारण जोहरी ने गहन शोध का सहारा लिया। इसके लिए उन्होंने न्यूज़ आर्काइव, स्थानीय गैंगवार से जुड़ी रिपोर्टों, शहरी परिवेश और गूगल मैप्स का बारीकी से अध्ययन किया, ताकि फिल्म के माहौल को शुरू से ही वास्तविकता के करीब तैयार किया जा सके।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस ने एक बार फिर रेखांकित किया कि 57वां इफ्फी सिनेमा पर सार्थक संवाद का एक जीवंत मंच है, जहां फिल्मकार, कलाकार और दर्शक एक साथ आकर फिल्म निर्माण की रचनात्मक प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं को समझने और विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर पाते हैं।

इस तरह के संवादों के माध्यम से यह महोत्सव न केवल पर्दे पर दिखाई जाने वाली प्रभावशाली कहानियों का उत्सव मनाता है, बल्कि उन्हें साकार करने में जुटी रचनात्मक कला, शोध और सामूहिक प्रयासों को भी सामने लाता है। इससे सिनेमा की अभिव्यक्ति के विविध आयामों को समझने और उनकी सराहना करने का अवसर मिलता है।

IFFILOID के बारे में यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

********

पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2339816) आगंतुक पटल : 21
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Assamese , Malayalam