सूचना और प्रसारण मंत्रालय
एनएफडीसी ने स्वयं के साथ साझेदारी करके 57वें इफ्फी को सभी के लिए सुलभ और समावेशी बनाया।
सहयोग का मुख्य उद्देश्य महोत्सव स्थलों की सुलभता सम्बंधी ऑडिट करना, स्वयंसेवकों को जागरूक करना और एक समावेशी सिनेमाई अनुभव को बढ़ावा देने के लिए एक संवादत्मक क्षेत्र स्थापित करना है
इस पहल का लक्ष्य सांस्कृतिक आयोजनों में सुलभता और समावेशिता के लिए एक मानक स्थापित करना है
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) ने 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) को दिव्यांगजन और कम गतिशीलता वाले लोगों सहित सभी दर्शकों के लिए अधिक सुलभ और समावेशी बनाने के लिए 'स्वयं' के साथ साझेदारी की है। यह दोनों संस्थाएं तीसरी बार एक साथ सहयोग की भूमिका निभा रही हैं। इससे पहले यह संस्थाएं 55वें इफ्फी और 18वें मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी साथ काम कर चुकी हैं।
सुलभता भागीदार के रूप में, 'स्वयं' महोत्सव के सभी स्थानों पर सुगम्यता ऑडिट कर रही है। इसका उद्देश्य लोगों के लिए रुकावट बनने वाली संभावित बाधाओं की पहचान करने के साथ-साथ ऐसे उपाय सुझाना है जो आगंतुकों को सुरक्षित, आरामदायक और स्वतंत्र रूप से वहां पहुंचने में सहायता कर सके।
इस साझेदारी के तहत महोत्सव के स्वयंसेवकों के लिए दिव्यांगता और सुलभता से जुड़े जागरूकता कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में सम्मानजनक बातचीत, समावेशी सहायता और विभिन्न प्रकार की सुलभता सम्बंधी आवश्यताओं वाले लोगों की सहायता करने के व्यावहारिक तरीकों पर ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा, आगंतुक और महोत्सव से जुड़े लोगों को दिव्यांगजनों और कम गतिशीलता वाले लोगों की दिन प्रतिदिन की बाधाओं का बोध कराने के लिए एक सुगम्यता सिमुलेशन क्षेत्र भी होगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों में जागरूकता और सहानुभूति बढ़ाना है, ताकि वे समझ सकें कि सार्वजनिक स्थानों का सभी के लिए सुलभ होना कितना महत्वपूर्ण है।
इस साझेदारी के बारे में 'स्वयं' की प्रबंध निदेशक सुश्री स्मीनू जिंदल ने कहा, "सुलभता का मतलब सिर्फ रैंप बनाना या जगहों को बाधा-मुक्त करना ही नहीं है; बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और स्वतंत्रता मिले। सभी लोगों को समाजिक कार्य कलापों में समान रूप से भाग लेने का अवसर प्राप्त हो। सिनेमा एक सशक्त माध्यम है जो लोगों को एक साथ लाता है, सीमाओं को पार करता है और मानवीय अनुभवों की विविधता का जश्न मनाता है। इसलिए, यह बहुत आवश्यक है कि फिल्म महोत्सव भी सभी के लिए समान रूप से स्वागतयोग्य और सुलभ हों। 57वें इफ्फी के लिए राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के साथ हमारा यह सहयोग, महोत्सव के अनुभव में 'समावेश' को एक अहम हिस्सा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम एक ऐसे इफ्फी की कल्पना करते हैं, जहां उम्र, किसी अस्थायी चोट या स्थायी दिव्यांगता के कारण कम गतिशीलता होने पर भी, किसी व्यक्ति को सिनेमा के आनंद का अनुभव करने में कोई बाधा न आए।
इस पहल के महत्व पर बल देते हुए, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह ने कहा, “भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) सिनेमा की सार्वभौमिक भाषा का जश्न मनाता है, और यह आवश्यक है कि यह उत्सव वास्तव में सभी के लिए खुला हो। 'स्वयं' के साथ हमारी साझेदारी, 57वें इफ्फी को सभी फिल्म प्रेमियों के लिए अधिक सुलभ, समावेशी और स्वागतपूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सुलभ स्थानों और प्रशिक्षित और संवेदनशील स्वयंसेवकों के माध्यम से सम्मान, सुविधा और स्वतंत्रता के साथ सभी लोगों के लिए इस महोत्सव में भागीदारी का माहौल बनाना हमारा लक्ष्य है। हमें आशा है कि यह पहल भारत में समावेशी सांस्कृतिक और सिनेमाई आयोजनों के लिए एक सार्थक मानक स्थापित करेगी।”
यह सहयोग भारत के प्रमुख फिल्म महोत्सव को सिनेमा का एक ऐसा समावेशी उत्सव बनाने की दिशा में एक और कदम है। यह सुनिश्चित करता है कि दिव्यांगजन और सीमित गतिशीलता वाले लोग भी सम्मान और स्वतंत्रता के साथ इसमें भाग ले सकें, जुड़ सकें और कहानी कहने की कला की शक्ति का अनुभव कर सकें।
***
पीके/केसी/आरटी/वीके/एमवाई
(रिलीज़ आईडी: 2338941)
आगंतुक पटल : 27