श्रम और रोजगार मंत्रालय
राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के श्रम, रोजगार एवं उद्योग मंत्रियों का दो दिवसीय चिंतन शिविर 21-22 नवंबर, 2026 को गांधीनगर में आयोजित होगा
प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 5:21PM by PIB Delhi
भारत सरकार का श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ((एमओएलई) 21-22 नवंबर, 2026 को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के श्रम, रोजगार एवं उद्योग मंत्रियों के दो दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन कर रहा है।
21 नवंबर, 2025 को श्रम संहिताओं के लागू होने का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित इस चिंतन शिविर की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे भी इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। इस आयोजन में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के श्रम, रोजगार एवं उद्योग मंत्री तथा वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। दो दिवसीय चिंतन शिविर के लिए वी.वी. गिरि राष्ट्रीय श्रम संस्थान (वीवीजीएनएलआई), नोएडा और गुजरात राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (जीएनएलयू), गांधीनगर नॉलेज पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहे हैं।
पहला दिन: 21 नवंबर, 2026
पहले दिन की शुरुआत श्रम एवं रोजगार मंत्रालय (एमओएलई) के सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार के स्वागत संबोधन से होगी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया उद्घाटन संबोधन देंगे। इसके बाद चार विषयगत पूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें निम्नलिखित विषयों पर चर्चा होगी- श्रम संहिताएं – कार्यान्वयन की स्थिति एवं आगे की कार्ययोजना, रोजगार संबंधी पहल और ईपीएफओ में सुधार, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) में सुधार,असंगठित श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं श्रम सांख्यिकी। राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के क्षेत्रीय अधिकारियों के लिए समानांतर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें श्रम संहिताओं के कार्यान्वयन की रणनीतियों, एमएसएमई के साथ समन्वय, जमीनी स्तर पर की जाने वाली पहलों तथा विश्वास-आधारित इलेक्ट्रॉनिक अनुपालन व्यवस्था पर चर्चा होगी।
दूसरा दिन: 22 नवंबर, 2026
दूसरे दिन की शुरुआत श्रम एवं रोजगार स्टैक तथा अंतरराष्ट्रीय श्रम गतिशीलता के लिए करियर लाउंज विषय पर एक सत्र के साथ होगी। इस दौरान डॉ. मनसुख मांडविया राष्ट्रीय करियर सेवा (एनसीएस) वन पोर्टल, मोबाइल ऐप, एनसीएस की नई सुविधाओं (वॉयस बॉट, चैट बॉट और व्यावसायिक कमी सूचकांक), आजीविका प्रोफाइल मॉड्यूल तथा राष्ट्रीय व्यवसाय वर्गीकरण (एनसीओ) का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही, समानांतर विशेष सत्रों में केंद्र और राज्य स्तर पर शिकायत निवारण तंत्र तथा जिला रोजगार प्रोफाइल रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इन सत्रों के बाद दो दिवसीय आयोजन के दौरान आयोजित सभी विशेष सत्रों के निष्कर्षों की समीक्षा के लिए एक पूर्ण सत्र आयोजित होगा। समापन सत्र में सुश्री शोभा करंदलाजे चिंतन शिविर की प्रमुख चर्चाओं और निष्कर्षों का सार प्रस्तुत करेंगी। इसके साथ ही, डॉ. मनसुख मांडविया के संबोधन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
केंद्र और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के बीच केंद्रित पूर्ण सत्रों में विचार-विमर्श, राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान तथा जमीनी स्तर पर चर्चा के माध्यम से इस चिंतन शिविर का उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करना, डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता को बेहतर बनाना तथा देशभर में श्रम सुधारों और सामाजिक सुरक्षा पहलों के प्रभावी कार्यान्वयन में तेजी लाना है।
*****
पीके/केसी/आरटी/जीके/डीके
(रिलीज़ आईडी: 2338673)
आगंतुक पटल : 44