विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने स्वदेशी प्रौद्योगिकियों को व्यावसायीकरण में तेजी लाने और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों को सौंपा

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 11:08AM by PIB Delhi

वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने नई दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में सीएसआईआर की प्रयोगशालाओं और उद्योग जगत के साझेदारों को साथ लाया गया, ताकि स्वदेशी तकनीकों के व्यावसायीकरण और उनके उपयोग को गति दी जा सके। सीएसआईआर की मासिक प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कई स्वदेशी प्रौद्योगिकी शामिल थीं जिन्हें सीएसआईआर-स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग रिसर्च सेंटर (सीएसआईआर-एसईआरसी), चेन्नई; सीएसआईआर-सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएसआईआर-सीआरआरआई), नई दिल्ली; सीएसआईआर-एडवांस्ड मैटेरियल्स एंड प्रोसेसेज रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएसआईआर-एम्प्री), भोपाल; और सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (सीएसआईआर-आईआईपी), देहरादून द्वारा विकसित किया गया था।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग  की सचिव और सीएसआईआर महानिदेशक डॉ. एन. कलाईसेल्वी ने की।

स्वागत भाषण देते हुए सीएसआईआर-एसईआरसी की निदेशक डॉ. एन. आनंदवल्ली ने संरचनात्मक इंजीनियरिंग, अधोसंरचना की संरक्षा और दृढ़ता के क्षेत्र में प्रयोगशाला के दीर्घकालिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने उद्योग जगत के साथ साझेदारी के माध्यम से शोध परिणामों को व्यावहारिक समाधानों में बदलने के महत्व पर जोर दिया। डॉ. आनंदवल्ली ने सीएसआईआर-एसईआरसी द्वारा विकसित उन तकनीकों का भी विवरण दिया, जिन्हें औद्योगिक भागीदारों को हस्तांतरित किया जा रहा है।

सीएसआईआर-एसईआरसी ने तीन महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रदर्शन किया, जो महत्वपूर्ण अधोसंरना की जरूरतों, टिकाऊ निर्माण और चक्रीय अर्थव्यस्था से संबंधित हैं।

IMG_256

सीएसआईआर-एसईआरसी द्वारा विकसित आपातकालीन रिट्रीवल प्रणाली (ईआरएस) एक स्वदेशी, हल्की और मॉड्यूलर संरचनात्मक प्रणाली है। इसे बिजली की ट्रांसमिशन लाइनों में खराबी या रुकावट आने की स्थिति में उन्हें तेजी से बहाल करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस तकनीक को मैसर्स आईएफएबी ग्लोबल को हस्तांतरित किया गया है, जिससे औद्योगिक स्तर पर इसके उपयोग की संभावनाएं और बढ़ गई हैं।

इसके अलावा सीएसआईआर-एसईआरसी ने 'रीसाइकल्ड एग्रीगेट' (पुनर्चक्रित सामग्री) पर आधारित पर्यावरण-अनुकूल ईंटों, खोखले ब्लॉक और पेवर ब्लॉक बनाने की तकनीक को 'नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक्स' (नैट्रेक्स) को हस्तांतरित किया। इन तकनीकों में 100% रीसाइकल्ड सामग्री और औद्योगिक कचरे का उपयोग करके टिकाऊ निर्माण उत्पाद बनाए जाते हैं। इससे प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता कम होती है और निर्माण व विध्वंस से निकलने वाले कचरे के बड़े पैमाने पर उपयोग को बढ़ावा मिलता है।

प्रायोगिक स्तर पर लागू करने के लिए नैट्रेक्स को एक और महत्वपूर्ण तकनीक सौंपी गई, जो 'अल्ट्रा-हाई-परफॉरमेंस कंक्रीट (यूएचपीसी ) पेवमेंट तकनीक' है। यह तकनीक बहुत मजबूत और टिकाऊ है, भारी लोड को आसानी से झेल सकती है, और इसमें रखरखाव की जरूरत भी कम होती है। इस वजह से सड़कों के लंबे समय तक चलने वाले अधोसंरचना के निर्माण के लिए यह बहुत उपयुक्त है।

सीएसआईआर-सीआरआरआई के निदेशक डॉ. सीएच. रवि शेखर ने उद्योग को सौंपी जा रही इन तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे सीएसआईआर-सीआरआरआई ने सीएसआईआर-एम्प्री और सीएसआईआर- आईआईपी के साथ मिलकर सड़क निर्माण के लिए टिकाऊ सामग्री और तकनीकें विकसित करने में सहयोग किया है।

IMG_256

माइक्रो-री-एक्ट-आरएपी ट्रेड मार्क तकनीक एक टिकाऊ शीतल माइक्रो-सरफेसिंग समाधान है जिसमें 40% तक रीक्लेम्ड डामर पेवमेंट का इस्तेमाल होता है। इसे तीन औद्योगिक साझेदारों को सौंपा गया: इनोवेटिव रोड्जटेक प्राइवेट लिमिटेड (दिल्ली), एवीके ब्लैकगोल्ड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (सूरत), और हिंदुस्तान कोलास प्राइवेट लिमिटेड (HINCOL, मुंबई)। यह तकनीक सड़क निर्माण में नई सामग्री और बिटुमेन इमल्शन की जरूरत को कम करती है, और सड़क निर्माण सामग्री के दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा देती है।

एक और महत्वपूर्ण तकनीक जो सौंपी गई, वह है 'बायो-बिटुमेन'। इसे  सीएसआईआर-सीआरआरआई और सीएसआईआर- आईआईपी के संयुक्त शोध से विकसित किया गया है। यह तकनीक कृषि अवशेषों (जैसे धान की पराली) को एक ऐसे बायोमास-आधारित पदार्थ में बदल देती है, जो पारंपरिक पेट्रोलियम-आधारित बिटुमेन की जगह आंशिक रूप से इस्तेमाल किया जा सकता है। 'बायो-बिटुमेन' तकनीक को बिहार की आरएएसीएस  सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड बिहार (बायोभूमि) और कोलकाता की एसएआर परिवहन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है।

अनुसंधान और उद्योग सहयोग को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन

सीएसआईआर-सीआरआरआई ने अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और उद्योग के साथ जुड़ाव को मजबूत करने के लिए दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

पहला समझौता ज्ञापन भारी उद्योग मंत्रालय के राष्ट्रीय ऑटोमोटिव बोर्ड के अंतर्गत आने वाले 'ग्लोबल ऑटोमोटिव रिसर्च सेंटर' (जीएआरसी), तमिलनाडु के साथ किया गया। इसका उद्देश्य संयुक्त अनुसंधान और विकास, साझा परीक्षण सुविधाओं, तकनीकी परियोजनाओं, सेमिनारों और शैक्षणिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में सहयोग करना है। जीएआरसी की ओर से इसके निदेशक डॉ. ए. एस. रामदास ने इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

दूसरा समझौता ज्ञापन पटना की पारखी स्किल सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया। यह समझौता ड्राइवरों के लिए जोखिम मूल्यांकन, संज्ञानात्मक और साइकोमोटर मूल्यांकन, फील्ड ट्रायल, शोध प्रकाशनों और संबंधित तकनीक को लागू करने के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान के लिए है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, डॉ. एन. कलाईसेल्वी ने कहा कि सीएसआईआर के लिए यह बहुत जरूरी है कि वह अधिक से अधिक तकनीकों को उद्योग जगत तक पहुंचाए। इससे यह सुनिश्चित होगा कि प्रयोगशालाओं में किए गए वैज्ञानिक अनुसंधान का लाभ आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक स्तर पर स्पष्ट रूप से मिल सके।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक के विकास के साथ-साथ उसे उद्योग जगत में अपनाने, व्यावसायीकरण करने और बड़े पैमाने पर लागू करने के लिए प्रभावी तंत्र का होना भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मासिक तकनीक हस्तांतरण पहल सीएसआईआर की प्रयोगशालाओं और उद्योग जगत के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। साथ ही यह नवाचारों को प्रयोगशाला से बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज करती है। सीएसआईआर की महानिदेशक ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान की असली सफलता इसी में है कि उसे ऐसे उत्पादों, प्रक्रियाओं और तकनीकों में बदला जाए, जिनसे उद्योग और समाज को लाभ मिल सके।

कार्यक्रम का समापन सीएसआईआर-एम्प्री के निदेशक डॉ. थल्लाडा भास्कर के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। उन्होंने सीएसआईआर की महानिदेशक, इसमें शामिल प्रयोगशालाओं, उद्योग भागीदारों और अन्य हितधारकों का आभार व्यक्त किया।

*****

पीके/केसी/आरटी/एए


(रिलीज़ आईडी: 2338416) आगंतुक पटल : 35
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Tamil