उप राष्ट्रपति सचिवालय
उपराष्ट्रपति ने नई दिल्ली में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल के रजत जयंती समारोह और 8वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में भाग लिया
उपराष्ट्रपति ने स्नातक डॉक्टरों से करुणा, ईमानदारी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण बनाए रखने का आह्वान किया; मेडिकल डिग्री को मानवता के लिए प्रतिबद्धता बताया
'विकसित भारत' को 'स्वस्थ भारत' भी होना चाहिए: उपराष्ट्रपति ने भारत के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में आए बदलावों की जानकारी दी
डॉक्टर और मरीज के बीच मानवीय जुड़ाव की जगह कभी भी तकनीक नहीं ले सकती: उपराष्ट्रपति
प्रविष्टि तिथि:
18 NOV 2026 6:58PM by PIB Delhi
भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल के रजत जयंती समारोह और 8वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्नातकोत्तर (पोस्टग्रेजुएट) और स्नातक (अंडरग्रेजुएट) विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए।

उपराष्ट्रपति ने चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और समाज के प्रति 25 वर्षों की समर्पित सेवा पूरी करने पर वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल परिवार को बधाई दी। उपराष्ट्रपति ने कहा कि ये पच्चीस वर्ष अर्जित विश्वास, लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, ज्ञान के सर्जन और सेवा के प्रतीक हैं। उन्होंने इस अवसर को सीखने, उपचार करने और राष्ट्र-निर्माण की विरासत का उत्सव बताया।
उपराष्ट्रपति ने भारत के स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्रों के उल्लेखनीय विस्तार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा की सक्रिय कार्यशैली के अंतर्गत देश ने जबरदस्त प्रगति की है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह विस्तार उच्च शिक्षा की बढ़ती पहुंच और अपनी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अब गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उपराष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि मेडिकल डिग्री मूल रूप से मानवता के लिए प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर की असली पहचान इस बात से होती है कि उसने कितने लोगों के जीवन को बेहतर बनाया और उनकी गरिमा की रक्षा की। उन्होंने युवा डॉक्टरों से आग्रह किया कि वे अपनी विशेषज्ञता के साथ सहानुभूति रखें, ईमानदारी से अपने फैसले लें और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अपने पेशेवर कार्य को और मजबूत बनाएं।
उपराष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि तकनीक कभी भी डॉक्टर और मरीज के बीच के मानवीय जुड़ाव की जगह नहीं ले सकती। उन्होंने स्नातक डॉक्टरों से कहा कि वे मरीजों की बात धैर्यपूर्वक सुनें, ईमानदारी से बातचीत करें और हर व्यक्ति के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार करें, भले ही उनकी आर्थिक स्थिति या सामाजिक पृष्ठभूमि कुछ भी हो।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत @ 2047' के विजन का जिक्र करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त जनसंख्या ही भारत की राष्ट्रीय प्रगति की नींव बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बार-बार इस बात पर बल दिया है कि 'विकसित भारत' के लिए 'स्वस्थ भारत' होना भी आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि 'आयुष्मान भारत' जैसी पहल यह दर्शाती है कि देश सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ और किफायती बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपराष्ट्रपति ने स्नातक डॉक्टरों से अपने हर विचार और कार्य में 'राष्ट्र प्रथम' की भावना रखने का आग्रह किया। उन्होंने स्नातक डॉक्टरों को प्रेरित किया कि वे अपने ज्ञान का उपयोग लोगों के इलाज में करें और अपनी करुणा से दूसरों को प्रेरित करें। उन्होंने सभी से 'नशीले पदार्थों को ना' (No to Drugs) कहने का भी आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति ने यह याद दिलाया कि वीएमएमसी का नाम भगवान महावीर के नाम पर रखा गया है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि 'जियो और जीने दो' का दर्शन चिकित्सा पेशे के नेक मिशन से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्नातकों से भगवान महावीर के करुणा, मानवता और निस्वार्थ सेवा के आदर्शों को बनाए रखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर, उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर "नशीले पदार्थों को ना" (No to Drugs) कहने की शपथ ली। उन्होंने 'सिल्वर जुबली' (रजत जयंती) के उपलक्ष्य में 'कॉफी टेबल बुक' का भी विमोचन किया।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. एल. जी. कृष्णा, वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता रानी शर्मा तथा प्रधानाचार्य डॉ. गीतिका खन्ना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



***
पीके/केसी/आरटी/पीके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2338134)
आगंतुक पटल : 91