रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

थल सेनाध्यक्ष ने यंत्रीकृत सैन्य संगोष्ठी 2026 में कैवलरी स्मृति व्याख्यान दिया

प्रविष्टि तिथि: 11 NOV 2026 6:27PM by PIB Delhi

थल सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल धीरज सेठ ने 11 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित ‘यंत्रीकृत सैन्य संगोष्ठी 2026’ में उद्घाटन संबोधन दिया। इस अवसर पर उन्होंने “भारतीय उपमहाद्वीप में भविष्य के युद्धों के लिए दृष्टिकोण” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किये। कैवलरी ऑफिसर्स एसोसिएशन और यंत्रीकृत सैन्य महानिदेशालय के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में वर्तमान समय के दौरान युद्ध के बदलते स्वरूप पर चर्चा करने के लिए वरिष्ठ सेवारत अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, रक्षा वैज्ञानिकों, रक्षा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं रणनीतिक विचारकों को एक मंच पर एकत्र किया गया।

थल सेनाध्यक्ष ने अपने संबोधन में उभरती परिचालन चुनौतियों का सामना करने के लिए भारतीय सेना में किए जा रहे बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह परिवर्तन केवल आधुनिक उपकरणों को शामिल करने और संगठनात्मक पुनर्गठन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए नवाचार के साथ प्रौद्योगिकी को अपनाने व कार्यप्रणाली में तेजी एवं लचीलापन लाने की संस्कृति विकसित करना भी आवश्यक है। इस पूरी प्रक्रिया में सेना के ‘योद्धाओं’ को केंद्र में रखा गया है।

थल सेनाध्यक्ष ने भविष्य के युद्धों के लिए संयुक्तता एवं एकीकरण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सेना के विभिन्न अंगों और क्षेत्रों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्वदेशी क्षमताओं के विकास तथा रक्षा उद्योग जगत और शैक्षणिक संस्थानों के साथ मजबूत साझेदारी के माध्यम से आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए भारतीय सेना की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

थल सेनाध्यक्ष ने यंत्रीकृत सेनाओं के विकास पर चर्चा करते हुए उनके अब तक के सफर को भारतीय सेना की बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता का प्रमाण बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य के युद्धों में भी यंत्रीकृत सेनाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण बनी रहेगी।

थल सेनाध्यक्ष का संबोधन इस कार्यक्रम में उद्घाटन सत्र का मुख्य आकर्षण रहा। सम्मेलन की शुरुआत कैवलरी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल अशोक मेहता (सेवानिवृत्त) के स्वागत भाषण से हुई। इसी सत्र के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल एबी शिवाने (सेवानिवृत्त) द्वारा लिखित पुस्तक ‘आर्मर 2040 : स्टील, सिलिकॉन एंड द फ्यूचर बैटलस्पेस’ का विमोचन भी किया गया। यंत्रीकृत सेना के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल प्रीत पाल सिंह ने “भारतीय संदर्भ में समकालीन यंत्रीकृत युद्ध” विषय पर मुख्य भाषण देते हुए जोर देकर कहा कि भारतीय सेना अब ‘मंच-केंद्रित क्षमताओं’ से आगे बढ़कर एक ऐसे ‘एकीकृत, नेटवर्क-सक्षम और स्वायत्त युद्ध तंत्र’ की ओर बढ़ रही है, जिसमें विभिन्न प्रणालियां आपस में जुड़कर समन्वित रूप से काम करेंगी।

सम्मेलन में इन सभी विषयों को आगे बढ़ाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्वायत्त लक्ष्य-भेदन प्रणालियों, मानव-मानवरहित टीमिंग, एकीकृत ड्रोन युद्ध प्रणाली, अगली पीढ़ी की युद्धक प्रणालियों तथा बहु-क्षेत्रीय यंत्रीकृत अभियानों पर भी चर्चा की जाएगी। यह दो दिवसीय कार्यक्रम “भारतीय यंत्रीकृत सेनाएं 2035 : भविष्य के परिचालन परिवेश के लिए बदलाव” विषय पर आयोजित समापन परिचर्चा के साथ 12 नवंबर, 2026 को संपन्न होगा।

****

 

पीके/केसी/आरटी/एनके /डीए


(रिलीज़ आईडी: 2335195) आगंतुक पटल : 22
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese