खान मंत्रालय
खान मंत्रालय ने छठा विशेष अभियान ई-कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और सुशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ संपन्न किया
प्रविष्टि तिथि:
02 NOV 2026 5:17PM by PIB Delhi
खान मंत्रालय ने अपने संबद्ध एवं अधीनस्थ कार्यालयों, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों के साथ छठा विशेष अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया। अभियान में विशेष रूप से ई-कचरे के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निपटान पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसके अतिरिक्त, स्वच्छता, कागजातों के कुशल प्रबंधन, लंबित संदर्भों के निपटान, जन शिकायतों का समाधान तथा प्रशासनिक दक्षता सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस अभियान से सतत विकास और सुशासन के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता की पुष्टि हुई।
छठे विशेष अभियान में व्यापक स्तर पर ई-कचरा संग्रहण और निपटान संचालित किया गया। इस दौरान 96 स्थानों पर कुल 134.92 टन ई-कचरा एकत्रित और उसका निपटान किया गया, जिससे लगभग 1.2 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ। इस पहल में खान मंत्रालय के कार्यालय/क्षेत्रीय कार्यालय और साथ ही अन्य सरकारी कार्यालय भी शामिल रहे। इस अभियान से इलेक्ट्रॉनिक कचरे के दायित्वपूर्ण निपटान, संसाधन पुनर्प्राप्ति और पर्यावरण संवहनीय कार्यप्रणालियों को बढ़ावा मिला।
अभियान के दौरान मंत्रालय और उसके संगठनों में स्वच्छता संबंधी 465 अभियान चलाए गए। अभियान के तहत कबाड़ और ई-कचरे के निपटान से लगभग 6.19 करोड़ रुपये का कुल राजस्व अर्जित हुआ तथा लगभग 47,881 वर्ग फुट कार्यालयी स्थान खाली किए गए। इनसे कार्यस्थल बेहतर बनाने, कार्यालय में स्थान का बढि़या उपयोग तथा स्वच्छता और सतत विकास की संस्कृति को बढ़ावा मिला।
कागजातों के प्रबंधन पहल के तहत 13,067 फाइलों की समीक्षा की गई, जिनमें से 9,470 फाइलों को हटाया गया। इलेक्ट्रॉनिक दस्तोवजों में 3,270 ई-फाइलों की समीक्षा की गई और उनमें 1,812 फाइलें बंद की गई। कुल मिलाकर 11,282 फाइलों को हटाया गया अथवा बंद किया गया, जिससे कागजातों के प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में मदद मिली।
खान मंत्रालय ने जन शिकायतों/जन शिकायतों से संबंधित अपीलों, संसद सदस्यों, प्रधानमंत्री कार्यालय, अंतर-मंत्रालयी समिति और राज्य सरकारों से प्राप्त संदर्भों के निपटान के निर्धारित लक्ष्य भी हासिल किए। इसके अतिरिक्त, सुशासन सुगमता और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से अभियान के दौरान 7 नियमों/प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया।
पर्यावरणीय संवहनीयता और संसाधन संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय के संगठनों द्वारा कई नवाचारी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां अपनाई गईं। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड ने राजस्थान स्थित खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स में वर्षा जल संचयन केन्द्र का उद्घाटन किया और झारखंड स्थित हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की प्रमुख परिचालन इकाई इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स में एक पेड़ मां के नाम पहल के अंतर्गत पौधरोपण अभियान आयोजित किया। नाल्को ने टाउनशिप में जैव-अपघटनीय थैलियों (जो समय के साथ बिना किसी प्रदूषण के प्राकृतिक तत्वों-पानी, मिट्टी में विघटित हो) के उपयोग को बढ़ावा दिया और अपने एक कर्मचारी – एक हरित पहल के अंतर्गत पौधरोपण अभियान चलाया। भारतीय खान ब्यूरो -आईबीएम ने रांची में बंजर भूमि पर एक हरित पार्क विकसित किया। अन्य पहल में कबाड़ सामग्री के पुनः उपयोग द्वारा कचरे से संपदा सृजन की नवाचारी गतिविधियां शामिल रहीं। इनमें अनुपयोगी सामग्रियों से सजावटी पौधे और टूलकिट तैयार किया गया, जो पुनर्चक्रण और रचनात्मक पुनः उपयोग को प्रदर्शित करता है।
खान मंत्रालय ने अपने कार्यालयों और संगठनों के समर्पित प्रयासों द्वारा स्वच्छता को बढ़ावा देने, सतत अपशिष्ट प्रबंधन, बेहतर कागजात प्रबंधन और जन-केंद्रित सुशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। छठे विशेष अभियान में उसकी उपलब्धियां पर्यावरणीय संवहनीयता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और अच्छे प्रशासनिक कार्यप्रणाली अपनाने की मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता दर्शाती है।
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एमपी
(रिलीज़ आईडी: 2331718)
आगंतुक पटल : 41